A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी के इजरायल दौरे से पहले नेतन्याहू उत्साहित, एक्स पर जमकर की तारीफ; PM मोदी ने भी किया रिप्लाई

पीएम मोदी के इजरायल दौरे से पहले नेतन्याहू उत्साहित, एक्स पर जमकर की तारीफ; PM मोदी ने भी किया रिप्लाई

पीएम मोदी 25 फरवरी से दो दिवसीय इजरायल दौरे पर जाने वाले हैं। उनके दौरे पर पहले इजरायल के पीएम नेतन्याहू काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। वहीं पीएम मोदी ने भी नेतन्याहू की पोस्ट पर रिप्लाई दिया है।

बुधवार को इजरायल जाएंगे पीएम मोदी। - India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE बुधवार को इजरायल जाएंगे पीएम मोदी।

पीएम मोदी 25 फरवरी को दो दिवसीय यात्रा के लिए इजरायल जाने वाले हैं। इस दौरान वह 'नेसेट' (इजराइली संसद) को संबोधित भी करेंगे। पीएम मोदी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी के इजरायल दौरे को लेकर दोनों देशों के नेताओं के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक्स पर पीएम मोदी के इजरायल दौरे को लेकर एक पोस्ट की और उनकी इस यात्रा को लेकर काफी खुशी भी जताई। वहीं दूसरी तरफ पीएम मोदी ने भी नेतन्याहू की पोस्ट पर रिप्लाई देते हुए कहा कि वह भी नेतन्याहू के साथ होने वाली मुलाकात के लिए उत्सुक हैं। 

नेतन्याहू ने एक्स पर किया पोस्ट

दरअसल, इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी के दौरे को लेकर जानकारी दी। नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, "आज सुबह कैबिनेट बैठक की शुरुआत में मैंने अपने प्रिय मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी बुधवार को होने वाली ऐतिहासिक इजरायल यात्रा के बारे में बात की। इजरायल और भारत के बीच का संबंध दो वैश्विक नेताओं का एक सशक्त गठबंधन है। हम नवाचार, सुरक्षा और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण में भागीदार हैं। साथ मिलकर, हम स्थिरता और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध राष्ट्रों का एक गठबंधन बना रहे हैं। एआई से लेकर क्षेत्रीय सहयोग तक, हमारी साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। यरूशलम में आपसे मिलने की प्रतीक्षा रहेगी, प्रधानमंत्री मोदी!"

पीएम मोदी ने नेतन्याहू की पोस्ट पर किया रिप्लाई

इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की इस पोस्ट के बाद पीएम मोदी ने भी उनकी पोस्ट पर रिप्लाई किया। पीएम मोदी ने एक्स पर नेतन्याहू की पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, "धन्यवाद, मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नेतन्याहू। भारत और इजरायल के बीच के बंधन और हमारे द्विपक्षीय संबंधों की विविधता पर मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं। भारत इजरायल के साथ अटूट मित्रता को बहुत महत्व देता है, जो विश्वास, नवाचार और शांति एवं प्रगति के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है। अपनी आगामी इजरायल यात्रा के दौरान आपसे होने वाली चर्चाओं के लिए मैं उत्सुक हूं।"

यह भी पढ़ें-

ट्रंप पर फिर हमले की साजिश! रिजॉर्ट में गन लेकर घुसा शख्स, सुरक्षाकर्मियों ने किया ढेर

Latest India News