1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'भारत ने पाकिस्तान के ज्यादातर ड्रोन्स मार गिराए, कई सही हालत में बरामद हुए', CDS चौहान का बड़ा खुलासा

'भारत ने पाकिस्तान के ज्यादातर ड्रोन्स मार गिराए, कई सही हालत में बरामद हुए', CDS चौहान का बड़ा खुलासा

भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ यानी CDS जनरल अनिल चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि भारत ने पाकिस्तान के ज्यादातर ड्रोन्स मार गिराए थे, कई ड्रोन्स को सही हालत में बरामद किया गया था।

CDS chauhan drones pakistan operation sindoor- India TV Hindi
Image Source : PTI पाकिस्तानी ड्रोन्स पर सीडीएस चौहान का बड़ा दावा।

भारत के सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के हमलों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ हथियार रहित ड्रोन (अन-आर्म्ड ड्रोन) का इस्तेमाल किया था। हालांकि, इनमें से कोई भी पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सैन्य और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचा सका था।

सुरक्षा के लिए निवेश और निर्माण करना होगा- CDS

दरअसल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने मानेकशॉ सेंटर में UAV और C-UAS के क्षेत्र में विदेशी ओईएम से आयात किए जा रहे महत्वपूर्ण कंपोनेंट के स्वदेशीकरण पर आयोजित प्रदर्शनी का दौरा किया। इस दौरान सीडीएस चौहान ने कहा कि "ऑपरेशन सिंदूर ने हमें दिखाया है कि हमारे इलाके के लिए स्वदेशी रूप से विकसित काउंटर-यूएएस सिस्टम क्यों जरूरी हैं। हमें अपनी सुरक्षा के लिए निवेश और निर्माण करना होगा।"

पाकिस्तान पर क्या बोले CDS चौहान?

सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा- "ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, 10 मई को, पाकिस्तान ने बिना हथियार वाले ड्रोन और लॉइटरिंग म्युनिशन का इस्तेमाल किया था। इनमें से किसी ने भी भारतीय सैन्य या नागरिक बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। इनमें से ज्यादातर को Kinetic और Non-Kinetic तरीकों के संयोजन से निष्क्रिय कर दिया गया। इनमें से कुछ तो लगभग सही हालत में बरामद भी किए गए।"

ड्रोन के बढ़ते इस्तेमाल पर क्या बोले CDS चौहान?

सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने युद्ध में ड्रोन के बढ़ते इस्तेमाल पर भी बात की। उन्होंने कहा- "जब हम ड्रोन की बात करते हैं, तो आपको क्या लगता है कि ये युद्ध में विकासवादी बदलाव ला रहे हैं या क्रांतिकारी? मुझे लगता है कि इनका विकास विकासवादी है और युद्ध में इनका इस्तेमाल बहुत क्रांतिकारी रहा है। जैसे-जैसे इनकी तैनाती और दायरे का एहसास बढ़ा, सेना ने क्रांतिकारी तरीके से ड्रोन का इस्तेमाल शुरू कर दिया, आपने हमारे द्वारा लड़े गए कई युद्धों में ऐसा देखा है।"

ये भी पढे़ं- NSA अजीत डोवल का बड़ा बयान, बोले- 'ऑपरेशन सिंदूर में भारत को कोई नुकसान नहीं, विदेशी मीडिया ने झूठी खबर फैलाई'

ऑपरेशन सिंदूर में चीन और तुर्की की गारंटी हुई फेल, अब दोबारा भरोसा दिलाने पाकिस्तान पहुंचे एर्दोगन के 2 मंत्री!

Latest India News