1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा: दावत के दौरान फायरिंग से हड़कंप, युवक को लगी गोली, मौके पर मौत

ओडिशा: दावत के दौरान फायरिंग से हड़कंप, युवक को लगी गोली, मौके पर मौत

ओडिशा के कटक में एक दावत के दौरान फायरिंग से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Odisha- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक को मारी गई गोली

कटक: ओडिशा के कटक के नुआपाड़ा प्रेस कॉलोनी इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। जिस जगह पर लोग आपसी मेल मिलाप और दावत में जुटे थे, वहीं कुछ ही पलों में चीख पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, इलाके में कुछ युवक एक भोज में शामिल होने के लिए इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान अचानक अज्ञात हमलावर ने गोली चला दी। फायरिंग के दौरान सौम्य रंजन जेना नाम के एक युवक के सीने के करीब गोली लग गई। गोली चलते ही मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे।

घायल हालत में सौम्य रंजन को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत गंभीर थी और आखिरकार इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस खबर के फैलते ही इलाके में शोक और डर का माहौल बन गया।

पुलिस ने जांच शुरू की

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिस जगह इस घटना होने की सूचना है, उसे पुलिस ने घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश या किसी तरह के विवाद की संभावना भी शामिल है।

एसीपी अशोक कुमार गिरी का सामने आया बयान

एसीपी अशोक कुमार गिरी ने बताया कि उन्हें करीब 4 से 4:30 बजे के बीच घटना की सूचना मिली, जबकि वारदात दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई बताई जा रही है। उन्हें सूचना मिली थी कि सौम्य रंजन जेना नाम का एक व्यक्ति घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी जांच जारी है और अब तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

एसीपी ने यह भी कहा कि युवक को जो चोट लगी है, वह थोड़ी संदिग्ध लग रही है, इसलिए उसी आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और एक दो व्यक्तियों को हिरासत में भी लिया गया है। हालांकि अभी तक हमलावर की पहचान और गोली चलाने के पीछे की असली वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस को यह भी सूचना मिली है कि वहां किसी तरह का भोज चल रहा था। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से नुआपाड़ा प्रेस कॉलोनी के लोग दहशत में हैं। आमतौर पर शांत माने जाने वाले इलाके में इस तरह की घटना ने लोगों को हिला कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही कोई ठोस जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा। (इनपुट: ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Latest India News