Odisha Bus Truck Accident: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चांदीपोश थाना क्षेत्र के पास मुसाबीरा इलाके में मंगलवार देर रात बस और ट्रक की सीधी टक्कर में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बस और ट्रक की टक्कर से भयानक हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब एक यात्री बस राउरकेला से जगतसिंहपुर की ओर जा रही थी। रात के अंधेरे की वजह से बस सड़क की गलत लेन में चलने लगी। इसी दौरान, सामने से आ रहे एक ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बस से आमने-सामने टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
Image Source : Reporters Inputओडिशा में बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हुई है।
दोनों गाड़ियों के ड्राइवर की मौके पर ही मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस चालक और कंडक्टर ने भी बाद में दम तोड़ दिया। इसके अलावा 1 यात्री की भी जान चली गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 4 बताई जा रही है। इस हादसे में 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि 1 को आईसीयू में रखा गया है। घायलों को तुरंत राउरकेला के आरजीएच में भर्ती किया गया। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टर उन्हें बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
रेस्क्यू टीम ने बस से निकालकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
बताया जा रहा है कि हादसा अचानक हुआ, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों को हर संभव मदद देने की कोशिश कर रही है।
बस के गलत लेन में चलने के कारण हुआ हादसा
राउरकेला के एसपी नितेश वाधवानी ने कहा,"ये दुर्घटना चांदीपोष थाना के अंतर्गत हुई है। रात के अंधेरे में बस सड़क की गलत लेन में चलने लगी जिसकी वजह से सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई है। इनमें ट्रक चालक, बस चालक, कंडक्टर और एक यात्री शामिल हैं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मरीज का आईसीयू में इलाज जारी है। बस में कुल 20 लोग सवार थे जबकि 12 लोग घायल हैं। कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि जांच में मुश्किलें आ रही हैं क्योंकि दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई है।"
इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है। मृतकों के परिजन जहां गहरे सदमे में हैं, वहीं घायल लोगों के परिवार अस्पतालों के बाहर अपने अपनों के ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं। अब सभी की नजर जांच पर टिकी है, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
(इनपुट- शुभम कुमार)
Latest India News