1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा: पुरी में चोर ने पुलिस से बचने के लिए तालाब में लगाई छलांग, घंटों तक चला नाटक, सामने आया VIDEO

ओडिशा: पुरी में चोर ने पुलिस से बचने के लिए तालाब में लगाई छलांग, घंटों तक चला नाटक, सामने आया VIDEO

ओडिशा के पुरी में एक चोर ने पुलिस से बचने के लिए ऐसा नाटक रचा, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। पुलिसकर्मियों ने चोर को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक समझाया-बुझाया।

Odisha, Puri- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चोर ने पुलिस से बचने के लिए तालाब में लगाई छलांग

पुरी: ओडिशा के पुरी में एक अनोखी घटना सामने आई है। शहर के अठर-नला इलाके में एक चोर ने पुलिस से बचने के लिए सड़क किनारे मौजूद एक पुराने तालाब में छलांग लगा दी। यह पूरी घटना स्थानीय लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन गई है। पुरी के अठर-नला इलाके में एक व्यक्ति सड़क से गुजर रहा था, तभी कथित तौर पर एक युवक ने उसके पास से जबरन पैसे छीन लिए और वहां से भाग निकला। पीड़ित ने तत्काल सदर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। 

पुलिस को करीब आता देख तालाब में कूदा चोर

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आस-पास छानबीन शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस की नजर पास ही छिपे उस चोर पर पड़ी, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने दौड़ लगाई। पुलिस को करीब आते देख चोर घबरा गया और भागते-भागते चंडी मंदिर के पास स्थित एक पुराने तालाब में छलांग लगा दी। तालाब में चोर को देखकर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ लोगों ने यह दृश्य अपने मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया।

पुलिसकर्मियों ने चोर को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक समझाया-बुझाया। आखिरकार काफी मान-मनौव्वल के बाद चोर तालाब से बाहर आया और पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान खंडियाबंध इलाके के निवासी के रूप में हुई है। 

पूछताछ में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं। चोर की इस फिल्मी हरकत ने न सिर्फ पुलिस को परेशान किया, बल्कि अब यह घटना शहरभर में चर्चा और मजाक का विषय बन गई है। लोग कह रहे हैं कि चोर अब नए तरीके से पुलिस को चकमा देने लगे हैं, हालांकि यह चाल इस बार ज्यादा देर तक नहीं चली।

सदर थाना पुलिस अब आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायिक हिरासत में भेजेगी। पुरी में दिनदहाड़े हुई यह घटना जहां एक तरफ अपराध की गंभीरता को दिखाती है, वहीं दूसरी ओर चोर की तालाब में छलांग जैसी हरकत ने इसे एक अलग ही मोड़ दे दिया है। पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी को पकड़ा गया, और अब यह पूरी कहानी लोगों के बीच चर्चा का कारण बन गई है। (इनपुट: ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Latest India News