1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Exclusive: भारत के खिलाफ नई साजिश रच रहा पाकिस्तान, रिहायशी इलाकों में की हथियारों की तैनाती

Exclusive: भारत के खिलाफ नई साजिश रच रहा पाकिस्तान, रिहायशी इलाकों में की हथियारों की तैनाती

पाकिस्तान भारत के खिलाफ रिहायशी इलाकों में सैन्य तैनाती कर रहा है और ह्यूमन शील्ड रणनीति अपना रहा है। इंडिया टीवी को मिली जानकारी के मुताबिक, सियालकोट, शकरगढ़ और अन्य क्षेत्रों में हथियार व एयर डिफेंस सिस्टम लगाए गए हैं।

Pakistan India tensions, Pakistan military deployment, human shield strategy Pakistan- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT भारत के खिलाफ पाकिस्तान नई साजिश की तैयारी कर रहा है।

नई दिल्ली: पाकिस्तान एक बार फिर भारत के खिलाफ बड़ी साजिश रचने की तैयारी करने में जुटा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान अपनी एयर डिफेंस यूनिट्स, आर्टिलरी गन्स और फॉरवर्ड लोकेशन्स पर आतंकियों को मानव ढाल यानी कि 'ह्यूमन शील्ड' के रूप में इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। भारत ने जब 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, तब पाकिस्तान ने 'ऑपरेशन बुनियान उल मरसूस' लॉन्च किया था, लेकिन उसकी करारी हार हुई। ऐसे में पाकिस्तान अब शातिर तरीके से अपनी महत्वपूर्ण सैन्य लोकेशन्स को पीछे हटाकर रिहायशी इलाकों के भीतर शिफ्ट कर रहा है।

सर्विलांस ड्रोन उड़ाने की भी हो रही तैयारी

इंडिया टीवी को मिली जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान इन इलाकों में ड्रोन लॉन्च और सर्विलांस ड्रोन उड़ाने की भी तैयारी कर रहा है। इन गतिविधियों के जरिए सीमा पार निगरानी और संभावित कार्रवाई की रणनीति बनाने की बात सामने आ रही है। पाकिस्तान ने जिन प्रमुख इलाकों में तैनाती की है, उनमें सियालकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास का क्षेत्र, जंद्रोद गर्ल्स हाईस्कूल के पास का इलाका, पदर क्षेत्र और भाई बख्तावर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

'ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारी हथियारों की तैनाती'

जम्मू-कश्मीर के ठीक सामने चितल, हजीरा और कालीघाटी इलाकों में भी पाकिस्तान ने रिहायशी क्षेत्रों के बीच अपने सैनिकों और हथियारों की तैनाती कर दी है। इन जगहों पर सैन्य गतिविधियों को बढ़ाया गया है और स्थानीय आबादी के बीच हथियार सिस्टम स्थापित किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारी हथियारों की तैनाती की गई है। बरिला शरीफ गांव में घनी आबादी के बीच SH-15 गन सिस्टम लगाया गया है। रावलकोट में एडवांस लैंडिंग ग्राउंड के पास फायरिंग एरिया तैयार किया गया है जबकि शकरगढ़ क्षेत्र के आसपास रॉकेट सिस्टम को तैनात किया गया है। कोटला गांव में एयर डिफेंस सिस्टम, जफरवाल क्षेत्र में मिसाइल सिस्टम और बुनगुना साहिब सिंह स्कूल के आसपास आर्टिलरी गन्स की तैनाती की गई है।

Image Source : Reporter Inputपाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों में हथियारों की तैनाती की है।

सभी गतिविधियों पर भारत की कड़ी नजर

विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान यह अच्छी तरह जानता है कि भारत आमतौर पर नागरिक क्षेत्रों को निशाना नहीं बनाता, इसलिए वह रिहायशी इलाकों में सैन्य ढांचे को छिपाकर तैनात कर रहा है। इसके साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने ऊंच के गुरुद्वारे और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। इस समय पाकिस्तान आर्थिक और आंतरिक समस्याओं से जूझ रहा है, इसके बावजूद वह सीमा पार घुसपैठ और उकसावे वाली गतिविधियों में लगा हुआ है। भारत की ओर से इन सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर सख्त कदम उठाने की तैयारी की जा रही है।

Latest India News