1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत की एयर स्‍ट्राइक के बाद LoC पर तोपों से फायरिंग, पाकिस्तान ने नागरिकों के घरों को बनाया निशाना

भारत की एयर स्‍ट्राइक के बाद LoC पर तोपों से फायरिंग, पाकिस्तान ने नागरिकों के घरों को बनाया निशाना

भारत की एयर स्‍ट्राइक के बाद पाकिस्तान एलओसी पर तोपों से फायरिंग कर रहा है, जिसमें आम नागरिकों के घरों को भी निशाना बना रहा है।

आतंकी ठिकानों के हमले के बाद पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर फायरिंग कर रहा है।- India TV Hindi
Image Source : PTI आतंकी ठिकानों के हमले के बाद पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर फायरिंग कर रहा है।

पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने पर एयर स्ट्राइक कर भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला ले लिया है। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर करीब 70 पोस्ट से भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों और नागरिकों के घरों को निशाना बना रहा है। तोपो के जरिय फायरिंग हो रही है।

जम्मू-कश्मीर में बुधवार तड़के नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सेना की अंधाधुंध गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना गोलीबारी का उचित तरीके से जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि 6 और 7 मई की दरम्यानी रात को पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के उस पार नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित चौकियों से अंधाधुंध गोलीबारी और गोलाबारी की, जिसमें तीन निर्दोष नागरिकों की जान चली गई।

भारतीय हमले के कुछ ही देर बाद पुंछ के कृष्णा घाटी, शाहपुर और मनकोट, जम्मू क्षेत्र के राजौरी जिले के लाम, मंजाकोट और गंभीर ब्राह्मणा एवं उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह इलाके में सीमा पार से भारी गोलाबारी की खबर मिली। मनकोट में दो नागरिकों के हताहत होने की खबर है। सीमा पर तैनात भारतीय सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी जारी है। पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण लोगों को भूमिगत बंकरों में शरण लेनी पड़ी। 

13 दिन से बिना उकसावे के गोलीबारी

पाकिस्तान पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सीमा पर लगातार 13 दिन से बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहा है। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे। भारतीय सशस्त्र बलों ने इस हमले के जवाब में पाकिस्तान और PoK में मंगलवार देर रात 9 आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। सशस्त्र बलों ने बहावलपुर को भी निशाना बनाया, जो आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का प्रमुख ठिकाना है। भारतीय सेना ने देर रात 1.44 बजे जारी एक बयान में कहा कि सैन्य हमले 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत किए गए।

ये भी पढ़ें-

Latest India News