चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट लगने से एक PHD स्कॉलर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 साल की ज्योति के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक ज्योति क्लास लगाने के लिए गर्ल्स हॉस्टल से जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में करंट लगने से वह अचानक जमीन पर गिर गई। वहां मौजूद अन्य छात्रों ने उसे देखा और फिर आनन-फानन में लेकर उसे अस्पताल गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने ज्योति को मृत घोषित कर दिया।
छात्रों ने किया हंगामा
बताया जा रहा है कि सुबह से बारिश के चलते पंजाब यूनिवर्सिटी के परिसर में काफी पानी भर गया ता। जब ये हादसा हुआ तब वहां पर पानी भरा हुआ था। फिलहाल ज्योति की मौत के बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। छात्रों ने VC ऑफिस के बाहर जमकर हंगामा किया। वहीं VC के नहीं आने पर गुस्साए छात्र VC ऑफिस का गेट तोड़ कर अंदर भी घुस गए।
पंजाब और हरियाणा में बारिश
बता दें कि मंगलवार को पंजाब में भारी बारिश देखने को मिली। वहीं पंजाब के अलावा हरियाणा के कई इलाकों में भी बारिश हुई। बारिश की वजह से पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर जलभरवा भी देखने को मिला। हालांकि पंजाब और हरियाणा के लोगों को बारिश के बाद गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन लोगों को इससे काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। इस बारिश की वजह से कई जगहों पर, खासकर निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या हुई।
पंजाब और चंडीगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट
इससे पहले, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसमें 28 जुलाई से 30 जुलाई के बीच मॉनसून के सक्रिय रहने का अनुमान लगाया गया था। मौसम विभाग ने इस दौरान पंजाब और हरियाणा के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है। इस अनुमान को देखते हुए, IMD ने लोगों को सावधानी बरतने और बारिश से जुड़ी घटनाओं के जोखिम को कम करने के लिए सभी ज़रूरी एहतियाती और सुरक्षा उपाय करने की सलाह दी है।
कहां कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में शहीद भगत सिंह नगर में 15.2 मिमी और बठिंडा में 14.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश वाले अन्य इलाकों में लुधियाना (13.6 मिमी), पठानकोट (9.8 मिमी), होशियारपुर (4 मिमी), जालंधर (3.5 मिमी) और मोहाली (1.5 मिमी) शामिल हैं। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में 1.7 मिमी बारिश हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा में अंबाला में 0.1 मिमी और भिवानी में 4.4 मिमी बारिश हुई। करनाल, महेंद्रगढ़ और सोनीपत में क्रमशः 3 मिमी, 1 मिमी और 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली में हो रही बहुत तेज बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट; सावधान हो जाएं लोग
Latest India News