A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi Visit UP-Uttarakhand LIVE: उत्तराखंड में आपदा प्रभावित क्षेत्र के लिए 1200 करोड़ रुपये का पैकेज, PM मोदी ने की घोषणा

PM Modi Visit UP-Uttarakhand LIVE: उत्तराखंड में आपदा प्रभावित क्षेत्र के लिए 1200 करोड़ रुपये का पैकेज, PM मोदी ने की घोषणा

PM Modi Visit UP-Uttarakhand: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के दौरे पर हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - India TV Hindi
Image Source : PTI प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi Visit UP-Uttarakhand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के दौरे पर हैं। इस दौरान, वह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ मुलाकात की। दोनों देशों के नेताओं के बीच द्विपक्षीय वर्ता होगी और उसके बाद उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। काशी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री की मेजबानी करने के बाद पीएम मोदी उत्तराखंड के लिए रवाना होंगे।

मॉरीशस के पीएम की मेजबानी

दोनों नेताओं के बीच आर्थिक सहयोग और पर्यटन जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। मॉरीशस के प्रधानमंत्री गंगा आरती में भी भाग लेंगे और बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने का एक अवसर है।

Latest India News

Live updates : PM Modi UP-Uttarakhand Visit

  • 6:23 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    आपदा प्रभावित क्षेत्र के लिए 1200 करोड़ रुपये का पैकेज

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में बाढ़ और बारिश प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1200 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। वहीं, मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। बाढ़ और भूस्खलन में जिन बच्चों ने अपने माता-पिता खो दिए हैं, उन्हें पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत पूरी मदद दी जाएगी।  

     

  • 5:13 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    एयरपोर्ट पर बैठक कर रहे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी स्टेट गेस्ट हाउस में एसडीआरएफ एनडीआरएफ और आपदा मित्रों के साथ बैठक कर रहे हैं। करीब 22 आपदा प्रभावित और 57 आपदा वीर कार्यक्रम में मौजूद।

  • 5:12 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    देहरादून पहुंचे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरप्रीत सिंह ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद प्रधानमंत्री स्टेट गेस्ट हाउस गए हैं। इसके बाद वह  एमआई-17 हेलीकॉप्टर से आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के लिए रवाना होंगे। 

  • 1:13 PM (IST) Posted by Malaika Imam

    ऊर्जा सुरक्षा हमारी साझेदारी महत्वपूर्ण स्तंभ: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ऊर्जा सुरक्षा हमारी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। भारत मॉरीशस को उसके ऊर्जा परिवर्तन में सहायता कर रहा है। मॉरीशस को 100 इलेक्ट्रिक बसें प्रदान की जा रही हैं, जिनमें से 10 पहले ही पहुंच चुकी हैं। ऊर्जा के क्षेत्र में संपन्न व्यापक साझेदारी समझौता इसे और गति प्रदान करेगा। हमने टैमरिंड फॉल्स में 17.5 मेगावाट क्षमता के फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट के निर्माण में सहयोग करने का निर्णय लिया है। अब तक 5,000 से ज़्यादा मॉरीशस के नागरिकों को भारत में प्रशिक्षण मिल चुका है। मेरी मार्च यात्रा के दौरान, 500 सिविल सेवकों को प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया था। मुझे बहुत खुशी है कि पहला बैच अभी मसूरी में प्रशिक्षण ले रहा है। आज हमने निर्णय लिया है कि मॉरीशस में एक नया विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय स्थापित किया जाएगा, और जल्द ही हम मॉरीशस में मिशन कर्मयोगी के प्रशिक्षण मॉड्यूल भी शुरू करेंगे।

  • 1:02 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    स्थानीय मुद्रा में व्यापार की दिशा में करेंगे काम: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'मॉरीशस के विकास में एक विश्वसनीय और प्राथमिक साझेदार होना भारत के लिए गर्व की बात है। आज हमने मॉरिशस की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए एक Special Economic Package पर निर्णय लिया है। यह इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करेगा, रोज़गार के नए अवसर पैदा करेगा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा। पिछले साल मॉरीशस में UPI और RuPay कार्ड की शुरुआत हुई। अब हम लोकल करंसी में व्यापार को सक्षम करने की दिशा में काम करेंगे।'

  • 1:00 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    भारत और मॉरीशस पार्टनर्स नहीं, परिवार हैं: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, 'हमारी संस्कृति और संस्कार, सदियों पहले भारत से मॉरीशस पहुंचे, और वहां की जीवन-धारा में रच-बस गए। काशी में मां गंगा के अविरल प्रवाह की तरह, भारतीय संस्कृति का सतत प्रवाह मॉरीशस को समृद्ध करता रहा है। और आज, जब हम मॉरीशस के दोस्तों का स्वागत काशी में कर रहे हैं, यह केवल औपचारिक नहीं, बल्कि एक आत्मिक मिलन है। इसलिए मैं गर्व से कहता हूं कि भारत और मॉरीशस सिर्फ़ पार्टनर्स नहीं, बल्कि एक परिवार हैं।'

  • 12:58 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    काशी में मॉरीशस के दोस्तों का स्वागत है: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस के पीएम से मुलाकात के बाद कहा कि मॉरीशस में भारतीय सदियों से बसे हैं। उन्होंने कहा कि काशी में मॉरीशस के दोस्तों का स्वागत है।

  • 11:52 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    वाराणसी में दोनों नेताओं की हुई मुलाकात

    वाराणसी में प्राधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के पीएम डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम की मुलाकात हुई। थोड़ी देर में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी।

  • 11:41 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    वाराणसी में पीएम मोदी का स्वागत

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तर प्रदेश के वाराणसी आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

  • 11:33 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंच गए हैं। यहां वह मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से मुलाकात करेंगे।  

  • 11:09 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    मॉरीशस के पीएम के स्वागत में होर्डिंग्स और बैनर

    मॉरीशस के प्रधानमंत्री के स्वागत में वाराणसी शहर को बड़े-बड़े होर्डिंग्स और बैनरों से सजाया गया है। भाजपा ने वाराणसी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी बैनर लगाए हैं, जिनमें दूध और डेयरी उत्पादों पर जीएसटी में कटौती के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया गया है। 

  • 11:07 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    काशी में किसी राष्ट्राध्यक्ष के साथ पहली औपचारिक द्विपक्षीय बैठक

    काशी में प्रधानमंत्री मोदी की किसी राष्ट्राध्यक्ष के साथ यह पहली औपचारिक द्विपक्षीय बैठक होगी। ऐसे समय में जब भारत के आस-पास के देशों में राजनीतिक उथल-पुथल है, भारत अपने पड़ोसियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत शिंजो आबे की मेजबानी की थी, लेकिन यह पहली बार है जब काशी में किसी राष्ट्राध्यक्ष के साथ औपचारिक वार्ता हो रही है। 

  • 11:06 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    कल काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे मॉरीशस के PM

    कार्यक्रम के अनुसार, मॉरीशस के प्रधानमंत्री गुरुवार शाम को गंगा आरती में भाग लेंगे और शुक्रवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। 

  • 11:04 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    बुधवार को वाराणसी पहुंचे मॉरीशस के पीएम

    मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम बुधवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने उनका स्वागत किया। वाराणसी का यह दौरा मॉरीशस के प्रधानमंत्री की 9 से 16 सितंबर तक की भारत यात्रा का हिस्सा है। गणमान्य अतिथि का भव्य स्वागत किया गया। आम जनता और भाजपा कार्यकर्ता हवाई अड्डे से होटल ताज तक पूरे मार्ग पर स्वागत के लिए खड़े रहे। 

     

  • 11:03 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    दोनों देशों के बीच इन मुद्दों पर चर्चा

    दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और समुद्री अर्थव्यवस्था जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी चर्चा होगी।

  • 10:50 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    काशी से देहरादून के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी

    काशी में मॉरीशस के पीएम की मेजबानी करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी देहरादून रवाना होंगे, जहां वो शाम 4:15 बजे उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली जैसे बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। शाम 5 बजे प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और वहां के अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग करेंगे।

  • 10:41 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    गंगा आरती में शामिल होंगे मॉरीशस के पीएम

    मॉरीशस के पीएम डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम वाराणसी में गंगा आरती में शामिल होंगे और बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन भी करेंगे।

  • 10:39 AM (IST) Posted by Malaika Imam

    मॉरीशस के पीएम के साथ वार्ता

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11:30 बजे वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम की मेजबानी करेंगे। दोनों नेताओं की वार्ता में आर्थिक और पर्यटन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।