तमिलनाडु को PM मोदी ने दी 5650 करोड़ की सौगात, दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
पीएम मोदी ने आज केरलम के एर्नाकुलम में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने भाषण में उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि भारत और पूरी दुनिया अब इस महान राज्य को केरलम पुकार रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरलम और तमिलनाडु के दौरे पर थे, जहां उन्होंने कुल 16,450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। केरलम के एर्नाकुलम में प्रधानमंत्री मोदी ने 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं उद्घाटन किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के राजकुमार को यह भी नहीं पता कि भारत के युवा ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में चमत्कार कर रहे हैं।
इसके बाद, पीएम मोदी ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया, इन्हें राष्ट्र को समर्पित किया और आधारशिला रखी। यहां मुख्य रूप से गैस पाइपलाइन नेटवर्क पर जोर दिया गया है, जिससे नीलगिरी और इरोड जिलों के करीब 8.8 लाख घरों तक रसोई गैस पहुंचेगी और 200 से ज्यादा सीएनजी स्टेशन खुलेंगे। कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए पीएम मोदी ने तमिलनाडु में 89 ग्रामीण सड़कों और चेन्नई में एक बड़े ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट का उद्घाटन किया। साथ ही, तमिलनाडु को पड़ोसी राज्यों और पूर्वी भारत से जोड़ने के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई। इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य दक्षिण भारत में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
यहां पढ़ें सभी अपडेट्स-
Live updates : LIVE: कोच्चि में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, बोले- "खत्म हुआ लंबा इंतजार, केरलम नाम की मुराद हुई पूरी"
- March 11, 2026 6:27 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
शहरी गैस वितरण पर क्या बोले पीएम मोदी?
बीपीसीएल द्वारा शहरी गैस वितरण पर पीएम मोदी ने कहा कि पाइपलाइन के जरिए गैस सीधे घरों तक पहुंचेगी, जिससे लोगों को आसानी होगी। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार तमिलनाडु की जनता के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, हम राज्य की प्रगति के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।
- March 11, 2026 6:27 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'नई परियोजनाओं से तमिलनाडु में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर'
रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ''नई परियोजनाओं से तमिलनाडु में युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नये अवसर सृजित होंगे। आईओसी का 'लुब्रिकेंट ब्लेंडिंग प्लांट' दुनिया के सबसे बड़े संयंत्रों में से एक है, जो राज्य और बाहर के महत्वपूर्ण उद्योगों की मांग को पूरा करता है। उद्घाटन की गईं नयी परियोजनाएं ऊर्जा तक पहुंच और संपर्क को बढ़ावा देंगी।''
- March 11, 2026 6:23 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
तमिलनाडु में 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया, इन्हें राष्ट्र को समर्पित किया और आधारशिला रखी। वह राज्य के अपने दौरे के दौरान शाम लगभग साढ़े छह बजे NDA की रैली को संबोधित करेंगे।
- March 11, 2026 3:08 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही वहां की सरकारें"
पीए मोदी ने कहा, मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारें भी हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं। मैं उन सभी सरकारों का आभारी हूं। वहां हर देश में जो हमारी एंबेसीज़ हैं, हमारे मिशन हैं, वे 24×7 उनकी मदद कर रहे हैं।
- March 11, 2026 3:07 PM (IST) Posted by Malaika Imam
इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति ढूंढ रही कांग्रेस: पीएम मोदी
मध्य पूर्व में जारी तनाव पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ये बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति ढूंढ रही है। कांग्रेस पार्टी जानबूझकर उकसाने वाले बयान दे रही है, गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है ताकि स्थितियां बिगड़ जाएं और हमारे लोग वहां संकट में फंस जाएं। फिर ये लोग मिलकर मोदी को गालियां देने की रील बनाने का अभियान शुरू कर सकें। यही उनका खेल है।
- March 11, 2026 3:04 PM (IST) Posted by Malaika Imam
खाड़ी संकट और भारतीयों की सुरक्षा पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, खाड़ी क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए आपकी चिंताएं स्वाभाविक हैं। हमारे लाखों भाई-बहन वहां काम करते हैं। लेकिन आपको याद रखना चाहिए कि सत्ता में भाजपा-एनडीए सरकार है। जब भी हमारे नागरिक किसी दूसरे देश में फंसते हैं, हम उनकी मदद के लिए अपनी पूरी शक्ति लगा देते हैं। चाहे इराक में नर्सों को बचाना हो या यमन में आतंकवादियों से फादर टॉम को छुड़ाना हो, आज का भारत संकट के समय में अपने नागरिकों को अकेला नहीं छोड़ता। आज भी हमारा प्रयास यही है कि इस संघर्ष में फंसे भारतीयों को सुरक्षा और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाए।
- March 11, 2026 2:53 PM (IST) Posted by Malaika Imam
कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा, 21वीं सदी के पहले 25 वर्षों में, LDF और UDF ने युवा शक्ति के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस को तो युवाओं की क्षमता पर भरोसा तक नहीं है। कांग्रेस के राजकुमार को यह भी नहीं पता कि भारत के युवा ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में चमत्कार कर रहे हैं। उन्हें यह जानकारी नहीं है कि भारत में कई कंपनियां ड्रोन बना रही हैं। उन्हें यह भी नहीं पता कि केरलम के युवा ड्रोन स्टार्टअप्स खड़ा कर रहे हैं। वह एक छोटे से दायरे तक सीमित हैं और भारत की प्रगति को नहीं देख पा रहे हैं।
- March 11, 2026 2:51 PM (IST) Posted by Malaika Imam
UDF-LDF केरल के विकास में बाधा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, UDF और LDF के बारी-बारी से सत्ता में आने के ढर्रे ने केरल को बहुत नुकसान पहुंचाया है। वे सोचते हैं कि 5 या 10 साल बाद वे फिर से सत्ता में लौट आएंगे, इसलिए वे केरल के विकास के लिए कड़ी मेहनत नहीं करते। केरल में भ्रष्टाचार का यह एक बड़ा कारण है। यही वजह है कि यहां विकास परियोजनाएं रुक जाती हैं।
- March 11, 2026 2:50 PM (IST) Posted by Malaika Imam
'केरलम' और मलयाली संस्कृति का सम्मान
प्रधानमंत्री ने कहा, मुझे गर्व है कि भारत और पूरी दुनिया अब इस महान राज्य को केरलम पुकार रही है। मुझे गर्व है कि यह कार्य भाजपा-एनडीए सरकार द्वारा किया गया है। यह आपकी भावनाओं और मलयालम संस्कृति की समृद्ध महानता के प्रति हमारा सम्मान है।
- March 11, 2026 2:47 PM (IST) Posted by Malaika Imam
केरल में सड़क परियोजनाओं का विस्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ज केरल में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। 6-लेन सड़क से अझिकल बंदरगाह तक कनेक्टिविटी में सुधार होगा। साथ ही, सिक्स-लेन कोझिकोड बाईपास से कोझिकोड में यातायात की समस्या कम होगी। ये परियोजनाएं केरल के किसानों को लाभान्वित करेंगी और पर्यटन को बढ़ावा देंगी।
- March 11, 2026 2:46 PM (IST) Posted by Malaika Imam
सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत दुनिया के शीर्ष देशों में: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत दुनिया के शीर्ष देशों में से एक बन गया है। हमारा प्रयास है कि केरल भी सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़े। इसी उद्देश्य के साथ, वेस्ट कल्लाडा में 50 मेगावाट फ्लोटिंग सौर परियोजना की आधारशिला रखी गई है।
- March 11, 2026 2:43 PM (IST) Posted by Malaika Imam
10,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
- March 11, 2026 2:38 PM (IST) Posted by Malaika Imam
केरल के बुनियादी ढांचे के लिए रिकॉर्ड फंड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस साल के केंद्र सरकार के बजट में बुनियादी ढांचे के लिए रिकॉर्ड फंड शामिल किया गया है। केरल को इस इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश से काफी बड़े लाभ मिल रहे हैं।
- March 11, 2026 2:35 PM (IST) Posted by Malaika Imam
एर्नाकुलम में एनडीए की जनसभा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के एर्नाकुलम में एनडीए की जनसभा में भाग लिया।
- March 11, 2026 2:31 PM (IST) Posted by Malaika Imam
कोच्चि में पीएम मोदी का रोडशो
केरल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोच्चि में को रोडशो किया। यह 300 मीटर लंबा रोडशो यहां जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित किया गया। उन्होंने फूलों से सजे खुले वाहन से भारी संख्या में स्थल पर एकत्र लोगों का अभिवादन किया। भाजपा के झंडे थामे और केसरिया रंग की टोपी पहने लोगों ने फूल बरसाकर और पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
- March 11, 2026 1:25 PM (IST) Posted by Malaika Imam
नाम बदलने की मांग हुई पूरी: पीएम मोदी
केरल के कोच्चि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज जब मैं आप सबके बीच खड़ा हूं, तो पूरे राज्य में खुशी का माहौल है। मेरे मलयाली भाइयों और बहनों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। आप सब वर्षों से मांग कर रहे थे कि केरल का नाम बदलकर केरलम कर दिया जाए। केंद्र में हमारी भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मैं आप सबके चेहरों पर यह खुशी देख सकता हूं।"
- March 11, 2026 1:23 PM (IST) Posted by Malaika Imam
मलयाली भाषा में पीएम मोदी का संबोधन
केरल के कोच्चि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अखिल केरल धीवर सभा के स्वर्ण जयंती सम्मेलन में अपना संबोधन मलयाली भाषा में शुरू किया।
