1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा में दम घुटने से 2 श्रद्धालुओं की मौत, कई लोगों के घायल होने की आशंका-VIDEO

पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा में दम घुटने से 2 श्रद्धालुओं की मौत, कई लोगों के घायल होने की आशंका-VIDEO

पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान में दो श्रद्धालुओं की दम घुटने से मौत हुई है। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने भगदड़ के दावों को नकारा है। मुकेश महालिंग ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान 2 मौतें हुईं हैं। मामले की जांच जारी है।

रथ यात्रा के दौरान भारी भीड़- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रथ यात्रा के दौरान भारी भीड़

ओडिशा के पुरी में विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान एक दुखद घटना घटी। जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दम घुटने से मौत हो गई। कई अन्य लोगों के घायल होने की आशंका है। सरकार ने भगदड़ के दावे से इनकार किया है। रथ यात्रा के दौरान बड़े दंड को खींचते हुए कुछ लोग इंतजार कर रहे थे। तभी दो श्रद्धालु दम घुटने से बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) ले जाया गया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कई घायलों का इलाज किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं में फैली दहशत

भारी भीड़ के कारण रथ यात्रा के दौरान भारी जाम लग गया, जिससे श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई क्योंकि ग्रैंड रोड पर कई जगहों पर आवागमन रुक गया था। विशेष बचाव इकाई (SRU) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बचाव अभियान चलाया और भीड़भाड़ वाले इलाके से श्रद्धालुओं को निकाला। श्रद्धालुओं को अस्थायी मेडिकल शिविरों में प्राथमिक इलाज दिया गया, जबकि जिन्हें अतिरिक्त इलाज की आवश्यकता थी, उन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बनाए गए अतिरिक्त मार्ग

इस घटना के बाद अधिकारियों ने आगे की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ग्रैंड रोड पर भीड़ प्रबंधन उपायों और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रयासों को तेज कर दिया। घटना के बाद भीड़ को नियंत्रित करने और जाम कम करने के लिए सुरक्षाकर्मी, स्वयंसेवक और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त मार्ग भी बनाए हैं।

मृतक की हुई पहचान

पुलिस की टीम ने बताया कि जिस श्रद्धालु की मौत हुई है, उसकी पहचना अनिल दास के रूप में हुई है। इस बार भी जगन्नाथ रथ यात्रा में देशभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, भारी बारिश के बावजूद आज पुरी में लाखों लोग एकत्रित हुए।

स्वास्थ्य मंत्री ने भगदड़ के दावे से किया इनकार

हालांकि, सरकार ने भगदड़ के दावों को खारिज किया है। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने दावों को नकारा है। मुकेश महालिंग ने कहा 2 मौतें हुईं हैं लेकिन भगदड़ की वजह से नहीं, जांच चल रही है।

विपक्ष ने साधा निशाना

मुकेश महालिंग के दावों पर बीजू जनता दल ने पलटवार किया है। बीजू जनता दल से राज्यसभा सांसद शिबाशीष खूंटिया ने कहा कि सरकार झूठ कह रही है। वहीं, ओडिशा के मुख्यमंत्री के सलाहकार ने कहा कि भगदड़ नहीं मची और हम मामले की जांच कर रहे हैं।

अधिकारी कर रहे स्थिति का आकलन

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और आपातकालीन दल स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक, यह घटना उस समय घटी जब हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की सालाना यात्रा के साक्षी बनने के लिए गुंडिचा मंदिर की ओर एकत्रित हुए थे।

पिछले साल भगदड़ में 3 की हुई थी मौत

इससे पहले पिछले साल 2025 में भी वार्षिक रथ यात्रा के दौरान श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ मचने से कम से कम 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

शुभम कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

भगवान जगन्नाथ भाई-बहनों के साथ मौसी से मिलने निकले, जानें रथ यात्रा का धार्मिक महत्व

Latest India News