1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Attack On PM Modi: 'प्रेगनेंट महिला से रेप और बच्ची की हत्या करने वाले अमृत महोत्सव के दौरान रिहा हो गए, PM की कथनी और करनी में अंतर', जानें राहुल गांधी ने और क्या कहा

Rahul Attack On PM Modi: 'प्रेगनेंट महिला से रेप और बच्ची की हत्या करने वाले अमृत महोत्सव के दौरान रिहा हो गए, PM की कथनी और करनी में अंतर', जानें राहुल गांधी ने और क्या कहा

Rahul Attack On PM Modi: 15 अगस्त के मौके पर पीएम मोदी ने लाल किले पर भाषण दिया था। इस दौरान पीएम मोदी ने नारी सम्मान की बात कही थी। पीएम ने लोगों से रोजमर्रा की जिंदगी में 'महिलाओं के प्रति मानसिकता बदलने' का आग्रह किया था।

Rahul Gandhi - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV GFX Rahul Gandhi

Highlights

  • राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी पर निशाना साधा
  • कहा- रेप करने वाले आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान रिहा हुए
  • 'पीएम मोदी, पूरा देश आपकी कथनी और करनी में अंतर देख रहा है'

Rahul Attack On PM Modi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर ट्वीट करके पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, '5 महीने की गर्भवती महिला से बलात्कार और उनकी 3 साल की बच्ची की हत्या करने वालों को 'आजादी के अमृत महोत्सव' के दौरान रिहा किया गया। नारी शक्ति की झूठी बातें करने वाले देश की महिलाओं को क्या संदेश दे रहे हैं? पीएम मोदी, पूरा देश आपकी कथनी और करनी में अंतर देख रहा है।'

बता दें कि 15 अगस्त के मौके पर पीएम मोदी ने लाल किले पर भाषण दिया था। इस दौरान पीएम मोदी ने नारी सम्मान की बात कही थी। पीएम ने लोगों से रोजमर्रा की जिंदगी में 'महिलाओं के प्रति मानसिकता बदलने' का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि भारत के सपनों को पूरा करने के लिए नारी शक्ति का गौरव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने लोगों से नारी शक्ति का समर्थन करने का भी अनुरोध किया था। पीएम ने कहा था कि किसी न किसी कारण हमारे अंदर आई विकृति के चलते हमारे बोलचाल, व्यवहार और शब्दों में हम नारी का अपमान करते हैं। क्या हम स्वभाव से, संस्कार से, रोजमर्रा की जिंदगी में नारी को अपमानित करने वाली हर बात से मुक्ति का संकल्प ले सकते हैं। 

राहुल गांधी किस बात को लेकर साधा निशाना

दरअसल हालही में गुजरात में गोधरा कांड के बाद 2002 में बिल्कीस बानो सामूहिक बलात्कार और उनके परिवार के सात लोगों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे सभी 11 दोषी सोमवार को गोधरा उप-कारागार से रिहा कर दिए गए थे। गुजरात सरकार ने अपनी क्षमा नीति के तहत इनकी रिहाई की मंजूरी दी थी। इसी मामले को लेकर राहुल गांधी ने अप्रत्यक्ष तौर पर पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

बता दें कि मुंबई में सीबीआई की एक विशेष अदालत ने 11 दोषियों को बिल्कीस बानो के साथ सामूहिक बलात्कार और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने के जुर्म में 21 जनवरी 2008 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। बाद में बंबई उच्च न्यायालय ने उनकी दोषसिद्धि को बरकरार रखा था। इन दोषियों ने 15 साल से अधिक कैद की सजा काट ली थी, जिसके बाद उनमें से एक दोषी ने समय से पहले रिहाई के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। 

Latest India News