देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने 7 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। वहीं मैदानी इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
दिल्ली में बारिश के साथ चलेगी तेज हवा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 7 सितंबर को मौसम सुहाना होने के साथ-साथ परेशानी भी बढ़ा सकता है। कई इलाकों में मध्यम बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
यूपी-बिहार में भी अलर्ट
- उत्तर प्रदेश में मौसम का असर दो दिनों तक देखने को मिलेगा। पश्चिमी यूपी में 7 सितंबर, जबकि पूर्वी यूपी में 7 और 8 सितंबर को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा है।
- बिहार में भी 7 सितंबर को कई जगह बारिश और आंधी की संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है।
पहाड़ों पर बारिश बढ़ाएगी मुश्किलें
- उत्तराखंड में 7 सितंबर के अलावा 10 से 12 सितंबर के बीच भी कई इलाकों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। भारी बारिश की स्थिति में पहाड़ी सड़कों पर लैंडस्लाइड और यातायात बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है।
- हिमाचल प्रदेश में भी 7 सितंबर को बारिश होने का अनुमान है।
मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम
- मध्य प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 सितंबर को बारिश, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 7-8 सितंबर और 11-12 सितंबर को बारिश की संभावना है।
- छत्तीसगढ़ में 8 से 12 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
गुजरात से गोवा तक बारिश
- पश्चिमी भारत की बात करें तो कोंकण और गोवा में 7 से 12 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
- गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी 7 से 12 सितंबर के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है।
बंगाल, झारखंड और ओडिशा पर भी नजर
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में उत्तर ओडिशा और झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है।
- पश्चिम बंगाल में 7 से 10 सितंबर तक बारिश का दौर रह सकता है।
- झारखंड में 8 से 11 सितंबर और ओडिशा में 10 से 12 सितंबर के बीच बारिश की संभावना है।
- उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 से 12 सितंबर तक बारिश होगी। 7-8 सितंबर और 11-12 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
पूर्वोत्तर में भी बारिश का दौर
- अरुणाचल प्रदेश में 7 से 12 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इस दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है।
- असम और मेघालय में 9 और 10 सितंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में भी एक्टिव रहेगा मानसून
- दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल समेत कई इलाकों में 7 से 12 सितंबर तक बारिश हो सकती है।
- तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 सितंबर तक गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
- वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 11-12 सितंबर को कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें-
ट्रंप का नया आइडिया! 'न्यू मैक्सिको' का नाम बदलकर करेंगे 'न्यू अमेरिका'? पोस्ट से मची हलचल
दुष्कर्म के वांछित आरोपियों का एनकाउंटर, गुलजार और एहसान घायल हालत में गिरफ्तार
Latest India News