1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओले हैं या तोप के गोले! तेज बारिश से 50 से ज्यादा घरों की छतें टूटीं, कारों के शीशे भी टूटे, देखें VIDEO

ओले हैं या तोप के गोले! तेज बारिश से 50 से ज्यादा घरों की छतें टूटीं, कारों के शीशे भी टूटे, देखें VIDEO

ओडिशा के क्योंझर जिले में तेज बारिश ने काफी कहर बरपाया है। बारिश की वजह से कई घरों की छतें टूटीं और कई कारों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

Rain- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ओडिशा के क्योंझर जिले में तेज बारिश ने बरपाया कहर

क्योंझर: ओडिशा के क्योंझर जिले के पटना ब्लॉक में अचानक आई कालबैशाखी बारिश ने भारी तबाही मचा दी। पटना ब्लॉक के मंगलपुर, गुलुदिपशी, साधुपड़ा, स्वाम, मूषाखरी और डियानाली इलाकों में ओलावृष्टि से व्यापक नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, 50 से ज्यादा घरों की छतें टूट गई हैं। खासकर एस्बेस्टस से बने मकानों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है।

क्या है पूरा मामला?

दोपहर में अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, बड़े-बड़े ओले गिरने लगे। ओलों की मार इतनी तेज थी कि कई घरों की छतें फट गईं और जगह-जगह छप्पर टूटकर गिर गए।

सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि वाहनों को भी भारी नुकसान हुआ है। कई कारों के शीशे टूट गए और उनकी छतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं सैकड़ों बाइक भी ओलों की मार से टूट-फूट का शिकार हो गईं।

इस भारी नुकसान के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। मुआवजे की मांग को लेकर मूषाखरी पंचायत के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 220 को जाम कर दिया। ढेंकिकोट-पटना रोड के मल्लीपशी इलाके में लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

राजमार्ग जाम होने की वजह से सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की।

प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को राहत देने की भी कोशिश की जा रही है। पटना तहसील कार्यालय की टीम लोगों को पका हुआ खाना उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्कूलों में अस्थायी रूप से ठहराने की व्यवस्था करने में जुटी हुई है।

फिलहाल इलाके में हालात सामान्य करने और लोगों को जल्द से जल्द राहत दिलाने के प्रयास जारी हैं, जबकि ग्रामीण अब भी नुकसान के मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। (ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Latest India News