1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रक्षाबंधन से पहले दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का हाल-बेहाल, दिल्ली पुलिस ने जारी किया अलर्ट

रक्षाबंधन से पहले दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का हाल-बेहाल, दिल्ली पुलिस ने जारी किया अलर्ट

रक्षाबंधन और वीकेंड की छुट्टियों के चलते दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और NH-44 पर भारी जाम देखा गया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वैकल्पिक रास्तों, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने और यात्रा की पहले से योजना बनाने की सलाह दी है।

Delhi traffic advisory, Delhi-Meerut Expressway jam, NH-44 traffic update- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी जाम देखा गया।

नई दिल्ली: रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है और यह वीकेंड के साथ पड़ रहा है जिसके चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 8 अगस्त को एक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि दिल्ली से बाहर जाने वाली प्रमुख सड़कों, खासकर नेशनल हाइवे-44 (NH-44) और सिंघु बॉर्डर पर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन सकती है। ये रास्ते दिल्ली को करनाल, पानीपत, सोनीपत और चंडीगढ़ जैसे उत्तरी शहरों से जोड़ते हैं।

गाजियाबाद-दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी जाम

गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NH-24) पर रक्षाबंधन की छुट्टियों के चलते भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। खासकर गाजियाबाद से हापुड़ और मेरठ की ओर जाने वाली सड़कों पर कई किलोमीटर तक गाड़ियां रेंगती नजर आईं। रक्षाबंधन के साथ वीकेंड की छुट्टियों ने सड़कों पर वाहनों की तादाद को और बढ़ा दिया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली पुलिस ने लोगों को दी ये सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे ट्रैफिक की परेशानी से बचने के लिए कुछ जरूरी कदम उठाएं:

  1. वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें: NH-44 और NH-24 पर जाम से बचने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लें।
  2. पब्लिक ट्रांसपोर्ट चुनें: दिल्ली मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन के साधन सुविधाजनक और तेज हैं, इनका इस्तेमाल करें।
  3. यात्रा की पहले से योजना बनाएं: छुट्टियों के दौरान समय से पहले अपनी यात्रा की प्लानिंग करें ताकि जाम में फंसने से बचा जा सके।

हालात पर नजर रखे हुए है प्रशासन

ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए हैं और ट्रैफिक को सुचारू करने की कोशिश कर रहे हैं। रक्षाबंधन के इस खास मौके पर यात्रियों से अपील है कि वे धैर्य रखें और पुलिस की सलाह मानकर अपनी यात्रा को आसान और सुरक्षित बनाएं। मौजूदा स्थितियों को देखते हुए सलाह दी जाती है कि अगर आप दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे या NH-44 पर यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो पहले रास्तों की स्थिति जांच लें और समय से पहले निकलें ताकि त्योहार का मजा किरकिरा न हो। (रिपोर्ट: जुबेर अख्तर)

Latest India News