दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में अपनी बहादुरी से यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ पूरी दुनिया में हो रही है। विमान के को-पायलट ने स्मित को घायल कर दिया था और वह विमान को क्रैश कराना चाहता था। हालांकि, कैप्टन स्मित मच्छार ने उसे ऐसा करने से रोक लिया। अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के प्रमुख मोहन भागवत ने भी कैप्टन स्मित की तारीफ की है। भागवत ने कहा है कि कैप्टन स्मित में भारत की मिट्टी के गुण हैं।
क्या बोले मोहन भागवत?
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार को एक दिन के लिए मध्य प्रदेश के बालाघाट के प्रवास पर थे। बालाघाट के कारंजा में स्मृति भवन और बालासाहेब देवरेस नेत्रालय के लोकार्पण के मौके पर पहुंचे थे। कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- अभी-अभी की बात है, विमान के सब यात्री सुरक्षित रहे। इसलिए स्मित मच्छार ने चाकू के घाव लगने के बाद भी अपने प्राणों की परवाह न करते हुए उनको बचाया। स्मित मच्छार में इस मिट्टी के गुण हैं। इस मिट्टी में जो संस्कृति चली आई है, उसी का गुण है। आपको बता दें कि बीते शुक्रवार को पीएम मोदी ने भी कैप्टन मच्छार से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी।
'देश का कल्याण होगा तो हमारा-आपका भी होगा'
मोहन भागवत में आज कहा कि जहां प्रत्यक्ष कार्य हो रहा है वहां ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं होती है, भाषण महत्वपूर्ण नहीं होता, सार महत्वपूर्ण होता है। मोहन भागवत ने कहा कि गांधी जी ने केवल राजनीति नहीं की, गांधी जी ने राजनीतिक लोगों को सेवा में लगाया। कितने ही महापुरुषों ने ऐसा ही किया। हमारे देश का कल्याण होगा तो हमारा और आपका भी कल्याण होगा। वह जब तक नहीं होगा, हम लोग कितना भी उठाक पटक कर लें, हमको सुरक्षा प्रतिष्ठा नहीं मिलेगी। जिसका देश सुरक्षित प्रतिष्ठित है, उसका जीवन दुनिया में कहीं भी सुरक्षित और प्रतिष्ठित है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कैप्टन स्मित मच्छार ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए गंभीर रूप से चाकू से घायल होने के बावजूद अपने को-पायलट द्वारा इजरायल के तेल अवीव जा रहे विमान को क्रैश करने की कोशिश को नाकाम कर दिया था। स्मित मच्छार ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, पीएम मोदी समेत दुनियाभर के तमाम नेताओं ने कैप्टन स्मित की इस बहादुरी की तारीफ की थी।
ये भी पढ़ें- UAE के डिप्टी PM ने स्मित मच्छार से की मुलाकात, बहादुरी की जमकर की सराहना; तस्वीरें आई सामने
UAE का बड़ा खुलासा, फ्लाईदुबई की घटना 'आतंकवादी हमला', को-पायलट ने कुल्हाड़ी से कैप्टन पर वार किया
Latest India News