A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: साहिबगंज में टक्कर के बाद पलट गई मालगाड़ी, कैमरे में कैद हुआ हादसे का खौफनाक मंजर

VIDEO: साहिबगंज में टक्कर के बाद पलट गई मालगाड़ी, कैमरे में कैद हुआ हादसे का खौफनाक मंजर

साहिबगंज के बरहरवा रेलवे यार्ड में पत्थरों से लदी मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

Sahibganj train accident, Barharwa railway yard mishap- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV साहिबगंज में टक्कर के बाद एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई।

साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में गुरुवार को एक रेलवे यार्ड में पत्थरों से लदी मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। यह हादसा पूर्वी रेलवे के बरहरवा रेलवे यार्ड में हुआ। राहत की बात है कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। हादसे के बाद रेलवे की तरफ से बताया गया कि यह हादसा यार्ड के अंदर हुआ, जहां पत्थरों से लदी मालगाड़ी के कुछ डिब्बे अनियंत्रित होकर खिसक गए और दूसरी खड़ी मालगाड़ी से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए और पटरी से उतर गए।

हादसे में कई डिब्बे क्षतिग्रस्त

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डिब्बों के टकराने और पलटने की स्थिति साफ दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मालगाड़ी पत्थरों से लदी हुई खड़ी थी, तभी इसके कुछ डिब्बे अचानक आगे की ओर लुढ़कने लगे। अनियंत्रित रफ्तार में ये डिब्बे दूसरी मालगाड़ी से जा टकराए, जिससे कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे से रेलवे को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। साथ ही, यार्ड में लोडिंग का काम भी प्रभावित हुआ है।

हादसे की जांच कर रहा रेलवे

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राहत और मरम्मत का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। रेलवे ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह दुर्घटना मानवीय चूक के कारण हुई या तकनीकी खराबी के चलते। हालांकि, इस हादसे से रेलवे के मुख्य परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है, लेकिन स्थानीय लोग और रेलवे यार्ड के कर्मचारी इस घटना से चिंतित हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Latest India News