Sonia Gandhi Mother: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बड़ा झटका लगा है। उनकी मां का निधन हो गया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर जानकारी दी कि सोनिया गांधी की मां पाओला मायनो (Paola Maino) का इटली में उनके घर पर 27 अगस्त को निधन हो गया। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। सोनिया गांधी इन दिनों मेडिकल टेस्ट के लिए विदेश गई हैं। उनके साथ उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी गए हैं।
मेरी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ- PM
कांग्रेस अध्यक्ष की मां के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, "सोनिया गांधी जी को उनकी माता श्रीमती पाओला माइनो के निधन पर शोक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ है।"
कई बार खबरें सामने आती रही हैं कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पिछले कुछ सालों में कई बार अपनी नानी से मिलने इटली जाते रहते थे। साल 2020 में जब लगातार विदेश यात्रा को लेकर राहुल गांधी को आलोचना का सामना करना पड़ा था, तब पार्टी ने बताया कि एक बीमार रिश्तेदार से मिलने वे इटली की निजी यात्रा पर थे।
कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने आजादी के 75 साल पूरे होने पर कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा का ऐलान किया है। इस बीच, सोनिया गांधी की ब्रिटेन यात्रा की जानकारी सामने आई थी। कांग्रेस महासचिव और सांसद जयराम रमेश ने बयान जारी कर ये जानकारी दी थी। उन्होंने ये भी कहा था कि सोनिया गांधी मेडिकल टेस्ट के बाद नई दिल्ली लौटने से पहले अपनी बीमार मां को देखने जाएंगी।
Image Source : File PhotoPriyanka Gandhi And Rahul Gandhi
वहीं, बीते दिनों सोनिया गांधी एक बार फिर कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं। इससे कुछ दिनों पहले सोनिया गांधी की पुत्री और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं। सोनिया गांधी इससे पहले जून महीने में कोरोना वायरस से संक्रमित हुई थीं। कोरोना वायरस संक्रमण के बाद की स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के चलते वह कई दिनों तक सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती रही थीं।
Latest India News