A
Hindi News भारत राष्ट्रीय ओडिशा में तपस्विनी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, AC कोच के टूटे कांच; यात्रियों में दहशत

ओडिशा में तपस्विनी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, AC कोच के टूटे कांच; यात्रियों में दहशत

ओडिशा में तपस्विनी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। यहां अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिससे एसी कोच के सीसे टूट गए। वहीं इस घटना के बाद से यात्रियों में दहशत का माहौल है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

तपस्विनी एक्सप्रेस पर की गई पत्थरबाजी।- India TV Hindi Image Source : INDIA TV तपस्विनी एक्सप्रेस पर की गई पत्थरबाजी।

ओडिशा के संबलपुर और झारसुगुड़ा के बीच शनिवार की सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस ट्रेन पर अज्ञात बदमाशों ने पत्थरबाजी की। यह घटना उस समय हुई जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। पत्थर ट्रेन के एसी कोच बी-7 की खिड़की पर लगा, जिससे खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे रेंगाली और झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन के बीच हुई। पत्थर ठीक उस खिड़की पर आकर लगा जो सीट नंबर 15 के पास थी। पत्थरबाजी इतनी तेज थी कि खिड़की का कांच टूटकर अंदर बिखर गया।

जोरदार आवाज के साथ टूटे कांच

वहीं घटना के बाद यात्री जोरदार आवाज की वजह से जाग उठे और कोच अटेंडेंट व टिकट चेकर को इसकी जानकारी दी। सीट नंबर 15 पर बैठे यात्री पर इस घटना का गहरा असर पड़ा। तपस्विनी एक्सप्रेस के बी-7 कोच के अटेंडेंट ने बताया, "सीट नंबर 15 पर बैठे यात्री इस घटना से बुरी तरह घबरा गए थे। उन्होंने मुझे बुलाकर बताया कि उन्हें एक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जैसे किसी ने गोली चलाई हो। खिड़की का शीशा पूरी तरह टूट चुका था और उनके ऊपर कांच के टुकड़े गिर पड़े थे। खिड़की पर एक जगह जोरदार टक्कर का निशान था, जिससे ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने गोली मारी हो"।

पत्थरबाजी के मामले की जांच शुरू

हालांकि इस घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्री भी इस घटना से दहशत में आ गए। तुरंत कोच अटेंडेंट ने संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी और यात्री को आवश्यक मदद व आगे की यात्रा के लिए उचित व्यवस्था दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पत्थरबाजी किसने और क्यों की। रेलवे सुरक्षा बल ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। आस-पास के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। इस हादसे ने यात्रियों के बीच चिंता बढ़ा दी है। खासकर एसी कोच में सफर कर रहे लोगों के लिए यह घटना बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी। (इनपुट-शुभम कुमार)

Latest India News