1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 2 बाइक सवारों ने युवक पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग, मचा हड़कंप

2 बाइक सवारों ने युवक पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग, मचा हड़कंप

सुंदरगढ़ में 2 बाइक सवारों ने युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Sundargarh- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 2 बाइक सवारों ने युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाई

सुंदरगढ़: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र के गणिघषा गांव में एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कान्हु चरण महांत शनिवार सुबह  पास के एक नाले की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कथित तौर पर दो बाइकसवार लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने कान्हु चरण के शरीर पर पेट्रोल डाल दिया और इसके बाद आग लगा दी। आग लगने के बाद कान्हु चरण मदद के लिए चिल्लाने लगे।

कान्हु चरण की चीख सुनकर आसपास के कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें बचाया और तत्काल इलाज के लिए लहुणीपाड़ा अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला के इस्पात जनरल अस्पताल  रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कान्हु चरण की पत्नी ने क्या बताया?

कान्हु चरण की पत्नी ने इस हमले के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद होने का आरोप लगाया है। कान्हू की पत्नी पद्मा महांता के अनुसार, उनकी जमीन पर उनके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर बिना अनुमति के एक पेट्रोल पंप लीज पर दे दिया था। इस मामले की जानकारी हासिल करने के लिए कान्हु चरण ने कथित तौर पर आरटीआई के जरिए जानकारी मांगी थी। 

पद्मा का कहना है कि आरटीआई आवेदन के बाद इस मामले को लेकर विवाद बढ़ गया था। इसी जमीन और पेट्रोल पंप से जुड़े विवाद के कारण कान्हु चरण पर हमला किए जाने की आशंका परिवार ने जताई है। परिवार की ओर से लगाए गए इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद लहुणीपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक माचिस की डिब्बी, पेट्रोल से भरी एक बोतल और एक जोड़ी चप्पल बरामद की है। इन्हें जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटनास्थल पर वास्तव में क्या हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

पुलिस अब घटना में शामिल कथित दो लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस जमीन विवाद समेत घटना के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और हमले के मकसद को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

हाल ही में यूपी के फतेहपुर में एक पत्नी ने पेट्रोल डालकर पति को जिंदा जला दिया था। (ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

पेट्रोल मांगने आए शख्स बने जल्लाद, बुलेट सवार तीन बदमाश चौकीदार को जिंदा जलाकर फरार, 2 हुए गिरफ्तार

 

Latest India News