Karur Stampede LIVE: भगदड़ की निष्पक्ष जांच के लिए TVK ने हाईकोर्ट का रुख किया, मृतकों का आंकड़ा 40 पहुंचा
सीएम एमके स्टालिन ने इस भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। वहीं, केंद्र सरकार ने 2 लाख रुपये और विजय ने 20 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।
तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता और राजनेता विजय की रैली में भगदड़ मचने से 40 लोगों की मौत हो गई। इनमें नौ बच्चे और 16 से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं। सीए एमके स्टालिन ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया। इसके साथ ही घायलों को एक लाख रुपये देने की बात कही गई। स्टालिन ने स्थिति की समीक्षा के लिए सचिवालय में राज्य के शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने इस घटना की जांच के लिए न्यायमूर्ति अरुणा जगदीशन के नेतृत्व में एक जांच आयोग के गठन की भी घोषणा की।
अधिकारियों के अनुसार, भगदड़ शाम करीब साढ़े सात बजे उस समय मची जब विजय अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। भारी संख्या में समर्थक दोपहर में ही इकट्ठा हो गए थे और टीवीके नेता व फिल्म कलाकार की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। विजय की पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने जब लोगों को बेहोश होते और गिरते देखकर शोर मचाया तब उन्होंने अपनी रैली रोक दी।
करूर हॉस्पिटल में तमिलनाडु के शिक्षा मंत्री अंबिल महेश अपनी वेदना को काबू में नहीं रख पाए और रो पड़े। उन्होंने कहा कि इन लोगों को बार बार कहा था कि कंडिशन्स को फॉलो करें लेकिन ऐसा नहीं किया गया, अब आगे ऐसा कभी नहीं होना चाहिए।
Live updates : Tamil Nadu Stampede
- September 28, 2025 3:07 PM (IST) Posted by Shakti Singh
भाजपा नेता विनोज ने की विजय की आलोचना
भाजपा नेता विनोज पी सेल्वम ने रविवार को तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख और अभिनेता विजय की आलोचना की। उन्होंने कहा कि विजय ने भगदड़ के बाद शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देने और घायलों से मिलने के लिए करूर का दौरा नहीं किया। एक्स पर एक पोस्ट में, सेल्वम ने लिखा कि विजय को छोड़कर अन्य सभी राजनीतिक दल के नेता या प्रतिनिधि रातोंरात करूर चले गए थे, उन्होंने कहा कि टीवीके प्रमुख ने ऐसा व्यवहार किया जैसे कि उनके और प्रभावित लोगों के बीच कोई संबंध नहीं था।
- September 28, 2025 2:25 PM (IST) Posted by Shakti Singh
निष्पक्ष जांच के लिए TVK हाईकोर्ट पहुंची
भगदड़ के बाद अभिनेता और नेता विजय की पार्टी टीवीके ने मद्रास उच्च न्यायालय में स्वतंत्र जांच की मांग की है। इस बीच इस हादसे में मृतकों की संख्या 40 पहुंच चुकी है। - September 28, 2025 2:22 PM (IST) Posted by Shakti Singh
मृतकों का आंकड़ा 40 पहुंचा
इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 40 पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि दो घायलों की हालत गंभीर है। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
- September 28, 2025 12:58 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बीजेपी ने तमिलनाडु सरकार पर साधा निशाना
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने कहा, "फिलहाल हम ब्लेम गेम नहीं खेलना चाहते। जो भी जनसभा आयोजित कर रहा है, उसे पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करना और एक व्यवस्थित जनसभा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रथम दृष्टया, यह राज्य सरकार की धार्मिक जिम्मेदारी है। यह पहली घटना नहीं है; कई मौकों पर, भाजपा को भी इसका सामना करना पड़ा है, क्योंकि उन्होंने उचित स्थल और उचित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई। यहां तक कि विरोध प्रदर्शन के लिए भी, DMK सरकार द्वारा लोकतांत्रिक अधिकार का हनन किया जा रहा है। हम अपने प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान के साथ खड़े हैं।"
- September 28, 2025 12:28 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में मारे गए हर व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही कहा गया कि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
- September 28, 2025 12:01 PM (IST) Posted by Shakti Singh
एआईएडीएमके ने प्रशासन पर लगाया आरोप
एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी ने रविवार को कहा कि प्रशासन की तरफ से पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात नहीं किया गया था। इसी वजह से करूर में हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि डीएमके की बैठकों में सुरक्षा के लिए हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए जाते हैं। पुलिस को सुरक्षा मुहैया कराने में विपक्षी दलों की बजाय सत्तारूढ़ दल के पक्ष में पक्षपात नहीं करना चाहिए। अगर पूरी सुरक्षा दी गई होती, तो ऐसी भगदड़ नहीं मचती।
- September 28, 2025 11:31 AM (IST) Posted by Shakti Singh
मृतकों के परिजनों को 20 लाख रुपये देंगे विजय
एक्टर विजय ने भगदड़ में मारे जाने वालों के परिजनों को 20 लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "मेरे दिल में बसने वाले सभी लोगों को नमस्कार।"
- September 28, 2025 10:44 AM (IST) Posted by Shakti Singh
टीवीके नेताओं पर मामला दर्ज
करूर नगर पुलिस ने टीवीके पश्चिम जिला सचिव मथियालगन, महासचिव आनंद और संयुक्त सचिव निर्मल कुमार सहित कई लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 110, 125बी और 223 के तहत मामला दर्ज किया है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 हत्या के प्रयास और धारा 110 गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित हैं। धारा 125 उन कृत्यों से संबंधित है जो उतावलेपन या लापरवाही से दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालते हैं, जबकि धारा 223 किसी लोक सेवक द्वारा विधिवत जारी आदेश की अवज्ञा से संबंधित है।
- September 28, 2025 10:34 AM (IST) Posted by Shakti Singh
स्वास्थ्य मंत्री बोले- अब तक 39 मौतें, 2 की हालत गंभीर
तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी सेंथिल कुमार ने भगदड़ को लेकर कहा, "इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 39 लोगों की मौत की खबर है। 17 महिलाएं, 13 पुरुष, 4 लड़के और 5 बच्चियों की मौत हो गई है। 39 मृतकों में से 30 का पोस्टमार्टम हो चुका है और शव परिवारों को सौंप दिए गए हैं। बाकी पोस्टमार्टम अभी जारी हैं। 26 घायल मरीजों का ओपीडी में इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गई। 67 घायलों को आईपीडी में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। 2 मरीजों की हालत गंभीर है। बाकी सभी की हालत स्थिर है। एक मरीज को आगे के इलाज के लिए मदुरै मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा जा रहा है।"
- September 28, 2025 9:54 AM (IST) Posted by Shakti Singh
सुप्रीम कोर्ट से सुनवाई की मांग
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा, "आज हमने मृतकों के परिवारों और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। भविष्य में ऐसी कोई घटना नहीं होनी चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय की वर्तमान पीठ को आज ही इस मुद्दे पर सुनवाई करनी चाहिए। हमें तमिलनाडु सरकार द्वारा गठित समिति पर भरोसा नहीं है।"
- September 28, 2025 9:19 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पीड़ितों से मिले उदयनिधि
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन करूर में हुई भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के शवगृह पहुंचे। टीवीके (तमिलनाडु वेत्री कझगम) प्रमुख और अभिनेता विजय की कल आयोजित राजनीतिक रैली के दौरान हुई भगदड़ में 39 लोगों की मौत हो चुकी है।
- September 28, 2025 9:15 AM (IST) Posted by Shakti Singh
मृतकों की पीड़ा हृदय से नहीं गई- स्टालिन
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह हादसे के पीड़ितों और उनके परिजनों से मिलते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि मृतकों के परिवारों द्वारा रात भर बहाए गए आंसू और उनके करुण क्रंदन से उत्पन्न पीड़ा उनके दिल से नहीं गई है।
- September 28, 2025 8:50 AM (IST) Posted by Shakti Singh
थोड़ी देर में करूर पहुंचेंगे उदयनिधि स्टालिन
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन तिरुचिरापल्ली पहुंच चुके हैं, वह यहां से करूर जाएंगे। सीएम ने कल देर रात अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती लोगों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली, उन्हें सरकार की ओर से हर सम्भव मदद का भरोसा दिया। सीएम ने उन परिजनों से भी मुलाकात की जिनके रिश्तेदारों की इस भगदड़ में मौत हो गई।
- September 28, 2025 8:30 AM (IST) Posted by Shakti Singh
तमिलिसाई सुंदरराजन बोलीं- समझदारी से काम लें
भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने इस हादसे को लेकर कहा, "मैं करूर जाकर पीड़ितों का समर्थन कर रही हूं। जो भी मदद की जरूरत होगी, हम करेंगे। मैं अनुरोध करना चाहती हूं कि इसे सनसनीखेज बनाने के बजाय, हम सब समझदारी से काम लें। चाहे उन्हें खून की जरूरत हो या किसी भी तरह की चिकित्सा सहायता की, या परिवार को सहायता की जरूरत हो, हमने अपने जिला अध्यक्ष और आस-पास के जिलों के अध्यक्षों से भी अनुरोध किया है कि वे उनकी हर संभव मदद करें। मैं सुबह-सुबह करूर पहुंच गई हूं। हमारे प्रदेश अध्यक्ष भी पहुंच रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को फोन करके स्थिति की जानकारी ली है और केंद्र सरकार जो भी मदद दे सकती है, वह देने की पेशकश की है। प्रधानमंत्री ने बहुत ही पीड़ादायक ढंग से देश के नाम अपना संदेश दिया है।"
- September 28, 2025 8:07 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए। सीएम एमके स्टालिन ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 39 मौतें हो चुकी हैं।
- September 28, 2025 6:38 AM (IST) Posted by Shakti Singh
रेवंत रेड्डी ने जताया दुख
तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा, "करूर में हुई दुखद भगदड़ के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ, जिसमें कई अनमोल जानें चली गईं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।" करूर में तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) के अध्यक्ष और अभिनेता विजय ने इस रैली का आयोजन किया था। इस त्रासदी में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
- September 28, 2025 6:31 AM (IST) Posted by Shakti Singh
अब तक 39 लोगों की मौत
सीएम ने कहा, "अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। हमारे राज्य के इतिहास में किसी राजनीतिक दल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान कभी नहीं गई और भविष्य में भी ऐसी त्रासदी कभी नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में 51 लोगों का गहन चिकित्सा इकाई में इलाज चल रहा है। भारी मन से, मैं उन लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। घायलों को 1 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। मैंने उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक जांच आयोग के गठन का आदेश दिया है।"
- September 28, 2025 6:31 AM (IST) Posted by Shakti Singh
देर रात करूर पहुंचे सीएम स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन शनिवार देर रात करूर पहुंचे। यहां उन्होंने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्ति की और उनके परिजनों से भी मिले। एमके स्टालिन ने कहा, "मैं यहां गहरे दुःख के साथ खड़ा हूं। करूर में हुई इस भयावह दुर्घटना को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। कल शाम लगभग 7:45 बजे, जब मैं चेन्नई में अधिकारियों से बात कर रहा था, मुझे खबर मिली कि करूर में ऐसी ही एक घटना हुई है। सूचना मिलते ही मैंने पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी को फोन किया, उनसे पूछताछ करने को कहा और उन्हें अस्पताल जाने का निर्देश दिया। जब मुझे मृतकों की संख्या के बारे में पता चला, तो मैंने आस-पास के मंत्रियों को करूर जाने का निर्देश दिया। जांच आयोग के जरिए सच्चाई सामने आएगी। मैं राजनीतिक मकसद से कुछ नहीं कहना चाहता। जांच आयोग के जरिए सच्चाई सामने आने पर कड़ी कार्रवाई जरूर की जाएगी।"
- September 28, 2025 6:31 AM (IST) Posted by Shakti Singh
गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से मांगी रिपोर्ट
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से भगदड़ पर रिपोर्ट मांगी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी करूर में भगदड़ के बाद की स्थिति की जानकारी लेने के लिए तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और स्टालिन से बात कर हर संभव केंद्रीय मदद का आश्वासन दिया।
