तमिलनाडु में वोटर लिस्ट से 74 लाख से ज्यादा नाम हटाए गए, चुनाव से पहले अंतिम वोटर लिस्ट जारी
चुनाव आयोग की ओर से तमिलनाडु में SIR की प्रक्रिया के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, राज्य में वोटर लिस्ट से 74 लाख से ज्यादा नाम हटा दिए गए हैं।
चुनाव आयोग की ओर से एक के बाद एक भारत के विभिन्न राज्यों में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में तमिलनाडु में भी SIR की प्रक्रिया कराई गई थी। अब चुनाव आयोग ने तमिलनाडु में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। जानकारी के मुताबिक, इस अंतिम वोटर लिस्ट में 74 लाख से ज्यादा नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं। आइए जानते हैं कि SIR के डाटा में क्या जानकारी सामने आई है।
जल्द होंगे तमिलनाडु में चुनाव
सोमवार को तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अर्चना पटनायक ने राज्य में चुनाव आयोग के SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। अंतिम वोटर लिस्ट के मुताबिक, तमिलनाडु में 74 लाख से ज्यादा नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं। बता दें कि जल्द ही तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। मार्च महीने में चुनाव आयोग राज्य में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में वोटर लिस्ट से लोगों का नाम हटना बड़ी घटना मानी जा रही है।
कितनी है वोटर्स की संख्या?
तमिलनाडु में SIR की प्रक्रिया शुरू होने से पहले 27 अक्टूबर, 2025 को मतदाताओं की संख्या 6.41 करोड़ थी। वहीं, अब 23 फरवरी 2026 को सामने आई SIR की अंतिम वोटर लिस्ट के मुताबिक, तमिलनाडु में वोटर्स की संख्या घटकर 5.67 करोड़ हो गई है। ऐसे में राज्य में 74 लाख से ज्यादा नाम वोटर लिस्ट से हटने के संकेत मिल रहे हैं। जिन मतदाताओं को अंतिम वोटर लिस्ट पर आपत्ति है वे नाम जोड़ने या हटाने के लिए अंतिम सूची जारी होने के बाद अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। चुनाव आयोग द्वारा अंतिम रोल को राजनीतिक दलों के साथ भी साझा किया जाएगा।
किस सीट पर सबसे ज्यादा वोटर?
तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी की गई विज्ञाप्ति के मुताबिक, वोटर लिस्ट में 2.7 करोड़ पुरुष, 2.8 करोड़ महिलाएं और 7,617 तीसरे लिंग के मतदाता शामिल हैं। राज्य के चेंगलपट्टू जिले के शोझिंगनल्लूर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 5.36 लाख वोटर्स हैं। वहीं, सबसे कम वोटर्स वाला विधानसभा क्षेत्र हार्बर है जहां पर 1.16 लाख मतदाता हैं।
ये भी पढ़ें- 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 1.70 करोड़ मतदाताओं के नाम कटे, गुजरात में सबसे बड़ी कटौती
