नई दिल्ली: इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में हुए 'द इंडिया स्टोरी' कार्यक्रम में शामिल हुए। ये कार्यक्रम विकसित भारत @2047 के तहत न्यूयॉर्क में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में रजत शर्मा और मशहूर शेफ, रेस्टोरेंट मालिक एवं फिल्ममेकर विकास खन्ना के बीच दिलचस्प बातें हुईं, जिसमें रजत शर्मा ने अपने जीवन से जुड़े तमाम किस्से साझा किए।
इस दौरान रजत शर्मा ने बताया कि कैसे हर शो से पहले वह नर्वस हो जाते हैं। गौरतलब है कि रजत शर्मा का शो 'आप की अदालत' जनता को काफी पसंद आता है और उनके प्रशंसकों की संख्या करोड़ों में है। कार्यक्रम के दौरान हुए इंटरव्यू की शुरुआत में रजत शर्मा की तारीफ करते हुए विकास खन्ना ने कहा, "भारत में दो लोग हैं जो कभी बूढ़े नहीं हो रहे, एक एक्टर अनिल कपूर हैं, दूसरे रजत जी हैं।"
नर्वस होने को लेकर क्या बोले रजत शर्मा?
विकास खन्ना के एक सवाल के जवाब में रजत शर्मा ने बताया कि 32 सालों से शो करने के बाद भी, वह आज भी 'आप की अदालत' के एपिसोड की शूटिंग से पहले चिंतित और घबराए हुए होते हैं।
रजत शर्मा ने बताया, "मेरी पत्नी ऋतु यहां बैठी हैं, वो शो को डायरेक्ट करती हैं, वह जानती हैं, 32 साल हो गए हैं, शो के 5 मिनट पहले मैं घबरा रहा होता हूं। मैं सोचता हूं कि आज लाइट गिर जाएगी। आज गेस्ट नहीं आना चाहिए। कुछ न कुछ होना चाहिए। आज मैं तैयार नहीं हूं। मैं इसे कल करूंगा। लेकिन जब मैं आवाज सुनता हूं, लाइट-कैमरा-एक्शन, उसके बाद कुछ होता है, उसके बारे में मैं भी नहीं जानता, मुझमें कुछ पावर आ जाती हैं और शो चलता है।"
रजत शर्मा ने बताया, "अभी भी ऐसा होता है। लास्ट शो मैंने फरहान अख्तर के साथ किया और यही सेम स्टोरी थी। उस दिन सुबह फरहान अख्तर की मां की दोस्त का निधन हो गया था। वह शो कैंसिल करना चाहते थे। मैंने उनको कहा कि थैंक्यू वेरी मच, प्लीज गो। फाइनली उन्होंने (ऋतु) फरहान को कनविंस किया। यानी ये कहानी अभी भी है।"
रजत शर्मा ने बताया, "एक बार मैंने इस बात को लता मंगेशकर के साथ भी मेंशन किया था। उन्होंने मुझसे कहा था, "आई एम योर फैन"...मैंने कहा कि ये मेरे लिए अब तक का सबसे बड़ा कॉम्प्लिमेंट है लेकिन मैं बहुत नर्वस हूं। उससे पहले मुझे शो करते हुए 16 साल हो गए थे। तब लता जी ने मुझसे कहा कि उन्हें सिंगिंग करते हुए 60 साल हो गए हैं, अभी भी जब मैं माइक्रोफोन के सामने होती हूं तो मैं ऐसा ही फील करती हूं। सो कीप इट अप।"
Latest India News