A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पति संग भारत के दौरे पर आईं टिफनी ट्रंप, दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर को देखकर हुईं मंत्रमुग्ध

पति संग भारत के दौरे पर आईं टिफनी ट्रंप, दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर को देखकर हुईं मंत्रमुग्ध

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बूलोस ने भारत दौरे के दौरान स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया। टिफनी ने अनुभव को अद्भुत बताया और भारतीय संस्कृति व विरासत की सराहना की।

Tiffany Trump, Tiffany Trump India visit, Tiffany Trump Akshardham Temple- India TV Hindi
Image Source : AP/INDIA TV डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ने पति संग अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया।

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बूलोस अपने निजी भारत दौरे के दौरान दिल्ली स्थित प्रसिद्ध स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनके कुछ मित्र भी मौजूद थे। अक्षरधाम मंदिर और टिफनी ट्रंप दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस सांस्कृतिक यात्रा की जानकारी साझा की। टिफनी ट्रंप ने अपने पोस्ट में अक्षरधाम मंदिर के अनुभव को 'अद्भुत' बताया और कहा कि यह यात्रा उनके लिए बेहद खास रही। उन्होंने मंदिर की संस्कृति और विरासत की सराहना की।

सर्जियो गोर ने भी किया दोनों का स्वागत

टिफनी के पति माइकल बूलोस भी इस यात्रा में उनके साथ मौजूद रहे। नई दिल्ली स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर की ओर से भी इस यात्रा को लेकर पोस्ट साझा किया गया। मंदिर प्रशासन ने कहा, 'संस्कृति और विरासत को जानने का एक सुंदर दिन रहा। हमारे लिए टिफनी ट्रंप, माइकल बूलोस और उनके मित्रों की मेजबानी करना सम्मान की बात रही।' भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस मौके पर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दोनों का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, 'भारत में आपका स्वागत है! @TiffanyATrump @MichaelZBoulos।'

कौन हैं टिफनी ट्रंप और माइकल बूलोस?

टिफनी ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी मारला मेपल्स की बेटी हैं। उनके 4 सौतेले भाई-बहन हैं, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, इवांका ट्रंप, एरिक ट्रंप और बैरन ट्रंप। टिफनी ने वर्ष 2020 में जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर से ज्यूरिस डॉक्टर या कानून की डिग्री हासिल की थी। उन्होंने 2016, 2020 और 2024 के राष्ट्रपति चुनावों में अपने पिता के लिए कैंपेन भी किया था। टिफनी सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। उनके पति माइकल बूलोस एक अमेरिकी-लेबनानी व्यवसायी हैं। दोनों ने 12 नवंबर 2022 को विवाह किया था।

Latest India News