A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. होली और जुमा एक ही दिन पड़ने पर क्या बोले टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, बताया कैसे करें त्योहार को सेलिब्रेट ?

होली और जुमा एक ही दिन पड़ने पर क्या बोले टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, बताया कैसे करें त्योहार को सेलिब्रेट ?

होली के त्योहार को लेकर लोगों में अभी से उत्साह है। इस दिन लोग जमकर रंग खेलते हैं। इस बार होली का त्योहार शुक्रवार यानी जुमा के दिन पड़ रहा है। इसको लेकर प्रशासन काफी आशंकित है।

टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा

इस बार होली का त्योहार शुक्रवार के दिन पड़ रहा है। रमजान के महीने में शुक्रवार यानी जुमा को बड़ी संख्या में मुस्लिम लोग मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए बाहर निकलते हैं। ऐसे में होली के दिन प्रशासन को आपसी सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। होली का त्योहार और जुमा एक ही दिन पड़ने पर टीएमसी सांसद एवं एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा की प्रतिक्रिया सामने आई है।

अल्पसंख्यकों की रक्षा करनी हमारी जिम्मेदारी- सिन्हा

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, 'हमारा संविधान हमें सिखाता है कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है। यहां सभी समान हैं। अल्पसंख्यक भी हमारे अपने हैं। इस देश से जुड़े सभी लोग हमारे भाई-बहन हैं। उनकी सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है।'

गरीबी और जरूरी मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार- सिन्हा

होली के दिन आपसी सौहार्द बिगड़ने की आशंका पर टीएमसी सांसद ने कहा, 'ये सारे मुद्दे गरीबी जैसे मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए उठाए जा रहे हैं। सरकारें अपने वादे पूरे नहीं कर पा रही है। इन बातों से ध्यान भटकाने के लिए ही ऐसी आशंका जताई जा रही हैं।'

इस बार शुक्रवार को खेली जाएगी होली

होली का त्योहार भारत में मनाया जाने वाला एक प्रमुख हिंदू उत्सव है, जो वसंत ऋतु में फाल्गुन मास की पूर्णिमा को आयोजित होता है। यह रंगों, खुशी और एकता का प्रतीक है। इस बार होली 14 मार्च (शुक्रवार) को खेली जाएगी। इस दिन लोग एक-दूसरे पर रंग और गुलाल लगाते हैं। पानी से भी रंग खेलते हैं। एक-दूसरे के घरों में जाकर मिठाइयां खाते हैं।

Latest India News