ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक बेहद खतरनाक सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। शहर के व्यस्त पालासुनी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। कार को टक्कर मारने के बाद हाइवा, उसे कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस भयावह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी हाइवा चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
कार को कई मीटर तक घसीटा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह हादसा मंचेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पालासुनी फ्लाईओवर पर हुआ। हाइवा ट्रक कथित तौर पर अचानक नियंत्रण खो बैठा और सामने चल रही कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के साथ फंस गई और कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के समय कार में एक पिता और उनकी बेटी सवार थे। दोनों इस भीषण दुर्घटना में फंस गए थे। फ्लाईओवर पर मौजूद लोगों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पिता-पुत्री को सुरक्षित निकाला बाहर
सूचना मिलने के बाद मंचेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे पिता और बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि दोनों की जान बच गई। दुर्घटना में उन्हें मामूली चोटें आईं, लेकिन जिस तरह से कार को ट्रक घसीटता हुआ ले गया, उसे देखते हुए बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के कारण कुछ समय तक फ्लाईओवर और आसपास के इलाके में यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया।
घटना का वीडियो आया सामने
हादसे के बाद हाइवा ट्रक के चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना के असली वजह की जांच की जा सके। इस घटना के वायरल वीडियो ने भुवनेश्वर की सड़कों पर भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
स्कूल के स्विमिंग पूल में छात्र की हुई मौत, मां ने उठाई जांच की मांग
Latest India News