1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तुंगनाथ धाम में युवक ने खच्चरवाले का सिर फोड़ा, खून देख भड़के स्थानीय लोग, कहा- 'ऐसे पर्यटकों की एंट्री बंद हो'

तुंगनाथ धाम में युवक ने खच्चरवाले का सिर फोड़ा, खून देख भड़के स्थानीय लोग, कहा- 'ऐसे पर्यटकों की एंट्री बंद हो'

उत्तराखंड में इससे पहले भी हरियाणा के टूरिस्ट विवादों में रहे हैं। 20 मई को हरियाणा के दो पर्यटकों को ऋषिकेश में कपड़े उतारकर पीटा गया था। उनके ऊपर एक नाबालिग लड़की ने अश्लील इशारे करने के आरोप लगाए थे।

tungnath tourist attack- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT स्थानीय लोगों से घिरा पर्यटक (बाएं), घायल खच्चर चालक (दाएं)

उत्तराखंड में हरियाणा के पर्यटकों से जुड़े विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। पहले कैथल के युवकों के साथ मारपीट का मामला चर्चा में रहा और अब यमुनानगर के एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। मामला रुद्रप्रयाग जिले के प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग का बताया जा रहा है, जहां एक खच्चर संचालक और हरियाणा से गए युवक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।

आरोप है कि युवक ने अपने हाथ में पहने स्टील के कड़े से खच्चरवाले के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसका वीडियो बनाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद यमुनानगर में भी इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दूसरे के विवाद में कूदा युवक

घटना 6 जून की बताई जा रही है। तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग पर रास्ता बताने को लेकर एक यात्री और घोड़ा-खच्चर संचालक के बीच बहस हो गई। इसी दौरान यमुनानगर निवासी 19 वर्षीय राघव भी विवाद में शामिल हो गया। आरोप है कि उसने बीच-बचाव करने की बजाय खच्चरवाले के साथ मारपीट शुरू कर दी और स्टील के कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया। 

भीड़ ने घेरकर बनाया वीडियो

वायरल वीडियो में युवक जमीन पर बैठा दिखाई दे रहा है और स्थानीय लोग उससे नाम, पिता का नाम और पता पूछते नजर आ रहे हैं। युवक खुद को यमुनानगर का रहने वाला बता रहा है। वीडियो में स्थानीय लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि पहाड़ों में आने वाले कुछ हरियाणवी पर्यटकों के व्यवहार से माहौल खराब हो रहा है। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए ऊखीमठ थाने ले गई है।

20 मई को दो पर्यटकों से हुई थी मारपीट

इससे पहले 20 मई को भी ऋषिकेश में हरियाणा के कैथल निवासी दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। दोनों युवकों पर एक बच्ची की ओर आपत्तिजनक इशारे करने का आरोप लगा था, जबकि युवकों का कहना था कि उन्हें केवल हरियाणा नंबर की गाड़ी होने की वजह से निशाना बनाया गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अब हरियाणा और उत्तराखंड के बीच पर्यटकों के व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

(यमुनानगर से कुलवंत चौधरी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

ओडिशा में पुलिस कांस्टेबल को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, पत्नी और साला बने खून के प्यासे

FIITJEE बनाम ED: हाईकोर्ट की सख्ती के बाद हटानी पड़ी प्रेस रिलीज, क्या है पूरा विवाद?

Latest India News