A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दो महीने के बच्चे को गोद में लेकर अंगीठी के पास बैठी थी महिला, तभी आग में गिर गया मासूम

दो महीने के बच्चे को गोद में लेकर अंगीठी के पास बैठी थी महिला, तभी आग में गिर गया मासूम

ओडिशा के बालासोर ज़िले में दो महीने का एक बच्चा गंभीर रूप से जल गया। बच्चा अपनी मां की गोद में था लेकिन अचानक वह आग में गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से जल गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चा

बालासोर: ओडिशा के बालासोर जिले के जलेश्वर थाना क्षेत्र के चालंती गांव से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां कड़ाके की ठंड से बचने के लिए जल रही अंगीठी एक परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन गई। इस हादसे में मात्र दो महीने का एक शिशु गंभीर रूप से झुलस गया है।

जानकारी के अनुसार, चालंती गांव निवासी तारन हेंब्रम के परिवार के सदस्य ठंड से राहत पाने के लिए घर के आंगन में बने चूल्हे में अंगीठी के पास बैठे हुए थे। उसी दौरान तारन की पत्नी अपने दो महीने के बच्चे को गोद में लेकर चूल्हे के पास बैठी थी। इसी बीच मां की थोड़ी सी असावधानी भारी पड़ गई और बच्चा अचानक चूल्हे में गिर गया।

 50% से ज्यादा शरीर जला

घटना होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत चूल्हे के अंदर से बच्चे को बाहर निकाल लाए, लेकिन तब तक बच्चे के शरीर का आधे से ज्यादा हिस्सा आग से झुलस चुका था। मासूम की हालत देखकर घरवालों के होश उड़ गए।

बालासोर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर

गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को तुरंत बस्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन बच्चे की हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बालासोर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

फिलहाल बच्चा अस्पताल में इलाजरत है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना इस बात की चेतावनी है कि ठंड के मौसम में आग जलाते समय और खासकर छोटे बच्चों के साथ सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां पल भर में छीन सकती है।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

 

Latest India News