1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा के पुरी में बड़ा रोड एक्सीडेंट, रेत से फिसलने के बाद स्कूटी बस से टक्कराई; दो महिलाओं की मौत

ओडिशा के पुरी में बड़ा रोड एक्सीडेंट, रेत से फिसलने के बाद स्कूटी बस से टक्कराई; दो महिलाओं की मौत

ओडिशा के पुरी जिले के पिपिली इलाके में एक प्राइवेट बस की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में से एक की पहचान शीला पट्टनायक के रूप में हुई है, जो एक उड़िया न्यूज़ चैनल से जुड़ी थीं।

हादसे का शिकार स्कूटी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER हादसे का शिकार स्कूटी

ओडिशा में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। राष्ट्रीय राजमार्ग 316 पर मंगलपुर के पास जमालपुर इलाके में हुए इस हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई। मृतकों में एक महिला पत्रकार शीला पटनायक भी शामिल हैं, जो एक प्रमुख ओड़िया न्यूज़ चैनल में कार्यरत थीं। दूसरी महिला की पहचान अभी आधिकारिक तौर पर नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं स्कूटी से भुवनेश्वर से पुरी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार एक निजी बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

रोड पर फैली थी रेत

मंगलपुर के पास सड़क पर फैली रेत भी हादसे की एक बड़ी वजह मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि रेत के कारण स्कूटी फिसल गई, और तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने स्कूटी को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरी महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर फैल गई है, खासकर पत्रकार समुदाय में गहरा दुख देखा जा रहा है।

हादसे के बाद बस चालक फरार 

घटना की सूचना मिलते ही पिपिली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसने साखीगोपाल थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।इस दर्दनाक हादसे ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार, सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री और लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Latest India News