A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'उद्धव खुद भी नहीं बता सकते कि वे क्या करेंगे', आप की अदालत में बोले महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस

'उद्धव खुद भी नहीं बता सकते कि वे क्या करेंगे', आप की अदालत में बोले महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस

इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने जब देवेंद्र फडणवीस से पूछा कि क्या आपको लगता है कि उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र विकास आघाड़ी से बाहर आ जाएंगे? इस पर फडणवीस ने कहा- "वे कुछ भी कर सकते हैं, वे बाहर आ सकते हैं। उद्धव जी ऐसे व्यक्ति हैं जिनके बारे में कोई नहीं कह सकता कि वे क्या फैसला लेंगे।

आप की अदालत में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस- India TV Hindi
Image Source : AAP KI ADALAT, DEVENDRA FADNAVIS आप की अदालत में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस

Aap Ki Adalat: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आप की अदालत शो में कहा कि उद्धव ठाकरे खुद भी नहीं बता सकते कि वे क्या करेंगे। वहीं उन्होंने उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के साथ किसी भी तरह के  गठबंधन की संभावना को खारिज किया और कहा कि मौजूदा गठबंधन जारी रहेगा।

इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने जब देवेंद्र फडणवीस से पूछा कि क्या आपको लगता है कि उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र विकास आघाड़ी से बाहर आ जाएंगे? इस पर फडणवीस ने कहा- "वे कुछ भी कर सकते हैं, वे बाहर आ सकते हैं। उद्धव जी ऐसे व्यक्ति हैं जिनके बारे में कोई नहीं कह सकता कि वे क्या फैसला लेंगे। कभी-कभी मुझे लगता है कि वे खुद भी नहीं बता सकते कि वे क्या करेंगे। वे अचानक फैसले लेते हैं। मुझे लगता है कि वे अभी वहीं रहेंगे, लेकिन मैं पूरे विश्वास के साथ यह नहीं कह सकता, क्योंकि वे अपने फैसले खुद लेते हैं।"

सारे तूफान हमने रोक दिए

वहीं रजत शर्मा ने जब देवेंद्र फडणवीस से पूछा कि आपके कहने का मतलब यह है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में कोई उथलपुथल या तूफान नहीं आने वाला है? इस पर फडणवीस ने कहा, "नहीं, अभी तो मुझे दिखाई नहीं पड़ेगा। सारे तूफान हमने रोक दिए।"

सरकार पूरी ताकत के साथ 5 साल तक चलेगी

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि (एकनाथ) शिंदे जी नाखुश नहीं हैं, और हमारी सरकार पूरी ताकत और समन्वय के साथ पांच साल तक चलेगी। जहां तक उद्धव जी का सवाल है, मैंने विधानसभा में उनसे मज़ाक में कहा था, "अगर इधर आना है, तो आपके लिए विचार करेंगे।" ऐसा मैंने मजाक में कह दिया, कोई ऑफर नहीं दिया था। मैंने मजाक किया तो उसकी खबरें बन गईं। अभी ऑफर देने का कोई सवाल ही नहीं है। क्योंकि हमारे पास जगह नहीं है। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में हमारे साथ 232 सदस्य हैं और ऐसे में दूसरों के लिए कोई जगह नहीं बची है।”

बंद कमरे में बातचीत के सवाल पर क्या बोले फडणवीस

वहीं रजत शर्मा ने जब यह पूछा अगर जगह नहीं है, तो आप उनसे बंद कमरे में 20 मिनट तक क्या बात कर रहे थे? इस पर फडणवीस ने कहा, 'हम खुले कमरे में खुले दिल से बात कर रहे थे। वह एक प्रतिनिधिमंडल के साथ आए थे। वे चाहते थे कि कम संख्या होने के बावजूद विपक्ष के नेता का पद उन्हें दिया जाए। पहले उद्धव जी और आदित्य आए, फिर उन्होंने दूसरों को बुलाया। हम 15-20 मिनट बैठे, मैंने चाय पी, आदित्य ने कॉफ़ी पी, उन्होंने (उद्धव) नहीं पी। और वे चले गए।"

Latest India News