A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड: रुड़की के बिनारसी गांव में खूनी तांडव, आपसी रंजिश में बरसीं गोलियां, एक की मौत

उत्तराखंड: रुड़की के बिनारसी गांव में खूनी तांडव, आपसी रंजिश में बरसीं गोलियां, एक की मौत

उत्तराखंड के बिनारसी गांव में दो पक्षों में हुई खूनी वारदात में गोलियां चलीं, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई है। पुरानी रंजिश आज बड़ी वारदात में बदल गई और ये घटना हुई।

रुड़की के एक गांव में खूनी जंग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER रुड़की के एक गांव में खूनी जंग

उत्तराखंड: रुड़की मे भगवानपुर के बिनारसी गांव में दो पक्षों के बीच चली आ रही आपसी रंजिश आज खूनी खेल में बदल गई। देखते ही देखते गांव का माहौल इतना बिगड़ गया कि उपद्रवियों ने न सिर्फ कई राउंड फायरिंग की, बल्कि घरों को आग के हवाले भी कर दिया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मची हुई है। बताया जा रहा है कि इस अंधाधुंध फायरिंग में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस खूनी जंग के बीच स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि प्रशासन को आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक फिलहाल गांव के गलियारों में सन्नाटा पसरा हुआ है, लेकिन आगजनी की लपटें अभी भी प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं। मौके पर कई थानों की पुलिस मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने में लगी है। पुलिस के मुताबिक पल पल की एक्टिविटी पर नजर रखी जा रही है। लोग सहमे हुए हैं, अपने घर में हैं। लेकिन तनाव बना हुआ है। रात भर पुलिस के जवान चौकस रहेंगे और पूरी स्थिति पर नजर रखेंगे। 

देखें वीडियो

एसपी देहात शेखरचंद सुयाल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। पुलिस का पहला लक्ष्य स्थिति को शांत करना और घायलों को इलाज मुहैया कराना है। मृतक की पहचान गांव के ही एक युवक के रूप में की गई है। वहीं घायलों का इलाज चल रहा है।पुलिस ने साफ कर दिया है कि माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।​ फिलहाल बिनारसी गांव छावनी में तब्दील हो चुका है। पुलिस की टीमें उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं, लेकिन गांव में तनाव अभी भी बरकरार है। 

(रुड़की से ​सुनील पांडे की रिपोर्ट)

Latest India News