1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड के धराली गांव में बादल फटने से तबाही, ये कहां स्थित है, कितनी है जनसंख्या? जानें सबकुछ

उत्तराखंड के धराली गांव में बादल फटने से तबाही, ये कहां स्थित है, कितनी है जनसंख्या? जानें सबकुछ

उत्तराखंड के धराली गांव में बादल फटने के कारण अचानक आई बाढ़ से बड़ी तबाही मची है। आइए जानते हैं कि ये धराली गांव कहां स्थित है और इसकी जनसंख्या कितनी है।

Uttarakhand Uttarkashi Dharali village Cloudburst flash flood- India TV Hindi
Image Source : X (@GABBBARSINGH) उत्तराखंड के धराली में तबाही।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में अभी बड़ा हादसा हुआ है। गंगोत्री के पास हर्षिल में बादल फटा है। बादल फटने से खीर गंगा में फ्लैश फ्लड आ गई जिसकी चपेट में धराली गांव आ गया। इस बाढ़ में कई होटल पूरी तरह से तबाह हो गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की आशंका है। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। आइए जानते हैं कि कहां स्थित है ये धराली गांव जहां पर बादल फटने के कारण अचानक आई बाढ़ से तबाही मची है।

कहां स्थित है धराली?

धराली, उत्तरकाशी के हर्षिल घाटी का एक हिस्सा है। ये घाटी गंगोत्री की यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए एक अहम पड़ाव है। यह समुद्र तल से 9,005 फीट (2,745 मीटर) की ऊंचाई पर स्थित है, और अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है। धराली हर्षिल और गंगोत्री के बीच में स्थित है। ये हर्षिल से 7 किमी दूर है। वहीं, धराली जिला मुख्यालय उत्तरकाशी से 79 किमी की दूरी पर स्थित है। उत्तरकाशी से यहां जाने में 2:30-3 घंटे का समय लगता है।

कितनी है धराली की जनसंख्या?

धराली उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की भटवारी तहसील में स्थित है। ये एक मध्यम आकार का गांव है। Census 2011 के मुताबिक, इस गांव में कुल 137 परिवार रहते हैं। गांव की जनसंख्या 583 है। इनमें 307 पुरुष और 276 महिलाएं हैं।

कितनी तबाही मची?

बताया जा रहा है कि धराली में आए बाढ़ की चपेट में 20 से 25 होटल और होमस्टे तबाह हो गए हैं। 5 होटल पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। बाढ़ के चलते धराली बाजार को भारी नुकसान पहुंचा है। चारों ओर केवल बाढ़ के साथ आया मलबा नजर आ रहा है। लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। ये जगह हर्षिल और गंगोत्री के बीच में है। श्रीखंड से खीर गंगा नाला है। जो नीचे आकर भागीरथी में मिलता है। उसी में बादल फटा है। NDRF, SDRF और आर्मी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है।

CM धामी ने क्या कहा?

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता रेस्क्यू ऑपरेशन का है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाया जाए और जनमाल की हानि कम से कम हो सके।

ये भी पढ़ें- VIDEO: उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से मची बड़ी तबाही, मलबे में बहे कई लोग, अबतक 4 की मौत

बादल फटने से हाहाकार.... देखें धराली की पहले और बाद की तस्वीरें

Latest India News