देहरादून: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें यात्रियों से भरी एक बस अलकनंदा नदी में समा गई और इस हादसे में एमपी के राजगढ़ के 42 वर्षीय विशाल सोनी और उनकी पत्नी 41 वर्षीय गौरी सोनी की भी मौत हो गई। इस दुखद बस दुर्घटना में अपने माता-पिता दोनों को खोने के बाद सड़क किनारे रोते हुए उनके पुत्र, जिसका नाम पार्थ है उसका वीडियो देखकर आप भी रो देंगे। माता पिता की मौत के बाद 10 साल का पार्थ सड़क किनारे बैठा है और भगवान बद्रीनाथ से हाथ जोड़कर, नीचे अलकनंदा नदी पर आंखें गड़ाए रोते हुए कहता है, "हे बद्री-विशाल, आपने क्या किया? हमने क्या गलत किया था? हम आपके भक्त थे!" बच्चे यह हृदय विदारक वीडियो देख आपका कलेजा भी फट जाएगा।
देखें वीडियो
अपनी मां के बगल में बैठा था पार्थ, अब भी सदमे में है
31 सीटों वाली बस राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के 19 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही थी, जिसमें सभी एक ही परिवार के सदस्य थे, यह बस बद्रीनाथ मार्ग पर एक तीखे मोड़ के पास एक तेज़ रफ़्तार ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के समय पार्थ अपनी मां के बगल में बैठा था। पार्थ के चाचा नीलेश सोनी ने कहा, "घटना के बाद से वह सदमे में है।" पार्थ अपने माता-पिता के साथ चार धाम यात्रा के लिए उत्तराखंड गया था, जबकि उसकी बहनें तेजस्विनी (17) और मनस्विनी (15) राजगढ़ में ही रुकी थीं। विशाल और गौरी के शव शुक्रवार को परिवार को सौंप दिए गए और शनिवार तक राजगढ़ पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रुद्रप्रयाग में यात्रियों से भरी बस नदी में समा गई थी
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के घोलतीर के पास हुए हादसे में पार्थ ने अपने परिवार को खो दिया है। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई जबकि आठ अन्य अभी भी लापता हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके राजवार ने कहा कि नदी की तेज धाराओं के कारण उनके बचने की संभावना कम है। चौथा शव, जिसकी पहचान उदयपुर के संजय सोनी (55) के रूप में हुई है, शुक्रवार को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के कर्मियों द्वारा बरामद किया गया। रुद्रप्रयाग के जिला आपातकालीन संचालन केंद्र ने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को परिवार को सौंप दिया जाएगा।
(देहरादून से हिमांशु की रिपोर्ट)
Latest India News