Waqf Bill: लोकसभा से पास हुआ वक्फ संशोधन बिल, दिन भर की चर्चा के बाद सरकार के पक्ष में आया फैसला
Waqf Amendment Bill: लोकसभा में बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया गया। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने इसे पेश किया था। कई घंटे तक चली चर्चा के बाद बिल लोकसभा में पास हो गया।
Waqf Amendment Bill Live Update: लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पर आज दिन भर चर्चा चली और आखिरकार आधी रात के बाद यह पास हो गया। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने इस बिल को लोकसभा में पेश किया था। इस बिल पर चर्चा के लिए 8 घंटे का समय रखा गया था लेकिन सदन की सहमति के बाद इसे आगे बढ़ा दिया गया। सरकार की तरफ से चर्चा का जवाब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने दिया। किरेन रिजीजू के बाद वक्फ संशोधन विधेयक पर वोटिंग हुई और फैसला सरकार के पक्ष में आया। इससे पहले सत्तारूढ़ दल बीजेपी ने अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी कर आज सदन में मौजूद रहने को कहा था। इसी तरह से TDP, JDU, RLD ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर दिया था।
Live updates : Waqf Amendment Bill Live Update
-
April 03, 2025 1:59 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
लोकसभा से पास हुआ वक्फ संशोधन विधेयक
वक्फ संशोधन विधेयक 2025 बुधवार को दिनभर चली चर्चा के बाद लोकसभा में पारित हो गया। आधी रात के बाद हुई वोटिंग में इस बिल के पक्ष में 288 और विपक्ष में 232 वोट पड़े।
-
April 03, 2025 12:51 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
संशोधन विधेयक के खिलाफ विपक्ष के संशोधन गिरे
विपक्ष द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ लाए गए संशोधन एक के बाद एक सदन में गिर गए। इन संशोधनों में कांग्रेस नेता गौरव गोगोई, इमरान मसूद, टीएमसी के सौगत रॉय और AIMIM के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी के संशोधन शामिल थे।
-
April 03, 2025 12:10 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
वक्फ संशोधन विधेयक पर शुरू हुई वोटिंग
वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पर दिनभर चली चर्चा के बाद वोटिंग शुरू हो गई है। बिल पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष में तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी।
-
April 02, 2025 11:53 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
बिना तर्क के आरोप नहीं लगाना चाहिए: रिजीजू
वक्फ बिल पर चर्चा का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने कहा, 'कलेक्टर को विरोधी जैसा बताया गया। कलेक्टर पर सवाल उठाने से अच्छा था कि सुझाव देते। बिना तर्क के किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहिए। कलेक्टर किसी पार्टी का नहीं होता, वह ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाता है। वक्फ बिल पूरी तरह संवैधानिक है।'
-
April 02, 2025 11:51 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
वक्फ बिल पर राहुल गांधी ने X पर किया पोस्ट
राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया, 'वक्फ (संशोधन) विधेयक एक ऐसा हथियार है जो मुसलमानों को हाशिए पर धकेलने और उनके निजी कानूनों तथा संपत्ति अधिकारों को हड़पने के उद्देश्य से लाया गया है। आरएसएस, बीजेपी और उनके सहयोगियों द्वारा संविधान पर यह हमला आज मुसलमानों पर केंद्रित है, लेकिन भविष्य में अन्य समुदायों को निशाना बनाने का मिसाल कायम करता है। कांग्रेस पार्टी इस विधेयक का कड़ा विरोध करती है क्योंकि यह भारत के मूल विचार पर हमला करता है और संविधान के अनुच्छेद 25, धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार, का उल्लंघन करता है।'
-
April 02, 2025 11:40 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
चर्चा के लिए सभी सदस्यों का आभार है: रिजीजू
वक्फ बिल पर चर्चा का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने कहा, 'चर्चा के लिए सभी सदस्यों का आभार है। इस बिल पर सभी सदस्यों ने अपनी बात रखी। वक्फ बिल को जबरदस्ती असंवैधानिक बोला जा रहा है। जो नहीं समझना चाहते, उनको मैं नहीं समझा सकता।'
-
April 02, 2025 11:23 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
विपक्ष को जेपीसी में बोलने का पूरा मौका मिला: जगदंबिका पाल
वक्फ (संशोधन) विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति यानी कि JPC के अध्यक्ष रहे बीजेपी के सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, 'विपक्ष को जेपीसी में बोलने का पूरा मौका मिला। सरकार ने जेपीसी के सारे सुझाव माने हैं और विचार विमर्श के बाद बिल लाया गया। असदुद्दीन ओवैसी ने बिल फाड़कर संविधान का मजाक उड़ाया है।'
-
April 02, 2025 11:12 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
वक्फ बिल को लेकर फडणवीस ने X पर किया पोस्ट
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने X पर पोस्ट किया, 'लोकसभा में जल्द ही वक्फ संशोधन बिल पर वोटिंग होगी। महाराष्ट्र को जल्द ही पता चल जाएगा कि उद्धव बालासाहेब ठाकरे की पार्टी हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे के विचार या फिर राहुल गांधी के विचारों का समर्थन करती है!'
-
April 02, 2025 10:55 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
इस बिल से मुसलमानों की गरीबी दूर नहीं होगी: ओवैसी
वक्फ बिल पर जारी चर्चा के दौरान लोकसभा में बोलते हुए AIMIM सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'वक्फ बिल मुसलमानों के साथ अन्याय है। इससे वक्फ की जायदाद पर सरकारी कब्जा बढ़ेगा। अब अफसर वक्फ की प्रॉपर्टी का फैसला करेगा। इस बिल से मुसलमानों की गरीबी दूर नहीं होगी।'
-
April 02, 2025 7:05 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
अमित शाह ने लोकसभा में बताई कानून की जरूरत
अमित शाह ने लोकसभा में कहा, 'वक्फ का कानून दान के लिए किसी द्वारा दी हुई संपत्ति, उसका एडमिनिस्ट्रेशन अच्छे से चल रहा है या नहीं, कानून के हिसाब से चल रहा है या नहीं। या तो दान जिस चीज के लिए दिया जा रहा है, इस्लाम धर्म के लिए दिया है, गरीबों के उद्धार के लिए दिया गया है। उसके उद्देश्य के लिए उपयोग हो रहा है या नहीं हो रहा है। इसका नियमन करने का काम है।'
-
April 02, 2025 6:48 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'वक्फ में सरकार द्वारा हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा'
अमित शाह ने लोकसभा में कहा, 'वक्फ अधिनियम और बोर्ड 1995 में लागू हुआ। गैर-मुस्लिमों को शामिल करने के बारे में सभी तर्क वक्फ में हस्तक्षेप के बारे में हैं। सबसे पहले, कोई भी गैर-मुस्लिम वक्फ में नहीं आएगा। इसे स्पष्ट रूप से समझें। धार्मिक संस्थानों का प्रबंधन करने वालों में किसी भी गैर-मुस्लिम को शामिल करने का कोई प्रावधान नहीं है। हम ऐसा नहीं करना चाहते हैं । यह एक बहुत बड़ी गलत धारणा है कि यह अधिनियम मुसलमानों के धार्मिक आचरण में हस्तक्षेप करेगा और उनके द्वारा दान की गई संपत्ति में हस्तक्षेप करेगा। यह गलत धारणा अल्पसंख्यकों में अपने वोट बैंक के लिए डर पैदा करने के लिए फैलाई जा रही है। मैं आज यह भी स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि वक्फ, जो हमारे मुस्लिम भाइयों द्वारा धार्मिक गतिविधियों के लिए दान के माध्यम से बनाया गया एक ट्रस्ट है, उसमें सरकार द्वारा हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। मुतवल्ली उनके समुदाय से होगा, वाकिफ उनका होगा और वक्फ भी उनका होगा।'
-
April 02, 2025 6:40 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'रेलवे की भूमि को वक्फ के नाम पर घोषित कर दिया गया था'
अमित शाह ने कहा कि 2014 में चुनाव के दौरान रेलवे की भूमि को वक्फ के नाम पर घोषित कर दिया गया था और गांवों पर भी वक्फ ने कब्जा कर लिया था। उन्होंने कहा कि इसके अलावा तमिलनाडु में 1500 साल पुराने मंदिर की जमीन पर भी वक्फ ने कब्जा कर लिया था।
-
April 02, 2025 6:28 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'वक्फ ने प्रॉपर्टी को लीज पर प्राइवेट लोगों को दिया'
अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष पर बरसते हुए कहा, 'विपक्ष देश को तोड़ने का काम कर रहा है। वक्फ में मिलीभगत नहीं चलेगी। हम गरीब मुसलमानों का पैसा चोरी नहीं होने देंगे। वक्फ ने प्रॉपर्टी को लीज पर प्राइवेट लोगों को दिया।'
-
April 02, 2025 6:20 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
विरोधी वोट बैंक के लिए मुसलमानों को बहका रहे हैं: शाह
लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पर बोलते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'विरोधी वोट बैंक के लिए मुसलमानों को बहका रहे हैं। वक्फ बिल को लेकर अफवाह फैलाई गई है। वक्फ का मतलब चैरिटी से है। किसी और की संपत्ति इसमें दान नहीं कर सकते। वोट बैंक के लिए मुस्लिमों को भड़काया जा रहा है।'
-
April 02, 2025 5:40 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'वक्फ अत्याचार और भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है'
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'यह विधेयक नहीं बल्कि एक उम्मीद है। इस उम्मीद में एंपावरमेंट, एफिशिएंसी और डेवलपमेंट है। इसे देखते हुए देश की जनता इसका समर्थन कर रही है। कैथोलिक बिशप कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया, चर्च ऑफ भारत, केरल काउंसिल ऑफ चर्चेज और केरल कैथोलिक बिशप काउंसिल और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच जैसी कई संस्थाओं ने इसका समर्थन किया है। मैं इसके लिए उनका आभार प्रकट करता हूं। वक्फ में संशोधन करने का समय आ गया है क्योंकि यह अत्याचार और भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। इसे खत्म करने और इसमें संशोधन करने का समय आ गया है। भारत को वक्फ के डर से मुक्ति चाहिए क्योंकि कांग्रेस के शासन में बने वक्फ कानून का मतलब था 'खाता न बही, जो वक्फ कहे वही सही।'
-
April 02, 2025 5:11 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'वक्फ को बदलने का वक्त आ गया है'
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में बोलते हुए कहा, 'वक्फ के नाम पर देश को बंटने नहीं देंगे। कांग्रेस बिल के खिलाफ भ्रम फैला रही है। वक्फ को बदलने का वक्त आ गया है। भारत को इसके खौफ से आजादी चाहिए। वक्फ सिर्फ 200 लोगों के हाथों में है और भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है।'
-
April 02, 2025 4:48 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'वक्फ का मतलब नहीं समझने वाले आज बोल रहे हैं'
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने वक्फ संशोधन बिल का पुरजोर विरोध किया है। उन्होंने लोकसभा में कहा, 'वक्फ का मतलब नहीं समझने वाले आज बोल रहे हैं। मुसलमान वक्फ को समझता है, जानता है।'
-
April 02, 2025 4:28 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'वक्फ बिल किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है'
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'वक्फ बोर्ड का जो बिल आया है, हम उसका समर्थन करते हैं। मुस्लिम महिलाओं को फिर एक बार वक्फ बोर्ड में भी जगह देने का काम इस बिल ने किया है। यह बिल किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है। जो गलतियां हुई थीं, उनको सुधारने वाला यह बिल है।'
-
April 02, 2025 4:11 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
बीजेपी हमें हिंदुत्व न सिखाए: अरविंद सावंत
शिवसेना (यूबीटी) ने बिल पर चर्चा के दौरान मोदी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी के सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा कि बीजेपी हमें हिंदुत्व न सिखाए।
-
April 02, 2025 4:01 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
मुस्लिम विरोधी नहीं है वक्फ बिल: JDU
JDU नेता ललन सिंह ने लोकसभा में अपनी पार्टी की तरफ से वक्फ बिल का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ये बिल मुस्लिम विरोधी नहीं है, और JDU बिल के पक्ष में वोट करेगी। उन्होंने कहा कि वक्फ बिल में सभी लोगों के साथ न्याय हुआ है।
-
April 02, 2025 3:59 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'वक्फ बोर्ड में लाखों मुसलिम भाइयों के केस लंबित हैं'
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'विपक्ष तुष्टीकरण की नीति के कारण विरोध कर रहा है। वक्फ बोर्ड में लाखों मुसलिम भाइयों के केस लंबित हैं। वक्फ बोर्ड में हो रहे संशोधन से मुसलिम भाइयों को फायदा होगा। कुछ लोगों ने पूरे देश में वक्फ बोर्ड पर कब्जा कर रखा है। उस ताकत से मुक्ति के लिए ये बिल लाया गया है। इससे सर्वाधिक लाभ मुसलिम समाज को मिलेगा।' (ANI)
-
April 02, 2025 3:35 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
आज वक्फ पर बड़े लोगों का कब्जा है: गवर्नर खान
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मथुरा में कहा, 'जब में उत्तर प्रदेश में मंत्री था, तब वक्फ विभाग मेरे पास था। वहां 90% मुकदमे के सिवाय कुछ नहीं है। मथुरा में जितने वक्फ हैं, उसमें समाज के लिए कोई काम हो रहा है? एक जमीन पर कई मुकदमे हैं जिसका निदान होना चाहिए। गरीबों को इससे कोई फायदा नहीं पहुंच रहा है। आज वक्फ पर बड़े लोगों का कब्जा है।'
-
April 02, 2025 3:26 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
स्टालिन ने वक्फ विधेयक पर PM मोदी को लिखी चिट्ठी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से प्रस्तावित वक्फ विधेयक 2024 को पूरी तरह वापस लेने का आग्रह किया।
-
April 02, 2025 2:57 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
वक्फ की संपत्ति मुस्लिमों के लिए बैकबोन-कल्याण बनर्जी
कल्याण बनर्जी ने कहा कि वक्फ की संपत्ति मुस्लिमों के लिए बैकबोन है। वक्फ संशोधन बिल के जरिए बदलाव इस्लामिक परंपराओं और संस्कृति को लेकर गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह मुस्लिमों के अधिकारों को छिनने का प्रयास है जो असंवैधानिक है। कल्याण बनर्जी ने एक-एक क्लॉज का जिक्र किया और यह समझाने की कोशिश की कि किस तरह से यह संविधान का उल्लंघन है।
-
April 02, 2025 2:39 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
टीएमसी ने वक्फ संशोधन बिल का किया विरोध
टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि सरकार यह बिल लाकर गलत कदम उठा रही है। यह अल्पसंख्य समुदायों के लिए ठीक नहीं है। सरकार को इस बिल को वापस लेना चाहिए। टीएमसी वक्फ संशोधन बिल का पुरजोर विरोध करती है।
-
April 02, 2025 2:32 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
बीजेपी के लिए वाटर लू साबित होगा वक्फ बिल-अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि वक्फ बिल बीजेपी के वाटर लू साबित होगा। बीजेपी के मंत्री जी कोई उम्मीद लेकर नहीं आए। यह सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। बीजेपी मुस्लिमों में भी बंटवारा करना चाहते हैं।
-
April 02, 2025 2:31 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
वोट बैंक संभालने के लिए बीजेपी ने यह बिल लाया-अखिलेश
बीजेपी उन समर्थकों का तुष्टिकरण करना चाहती है जो महंगाई और बेरोजगारी के चलते उनसे छिटक गए। ये वोट को संभालने के लिए बिल लाया गया है। वक्फ बिल के जरिए उनकी जमीनों को अपने लोगों के नाम करना चाहती है। वोटों का ध्रवीकरण कर के राजनीतिक लाभ लेना चाहती है बीजेपी।
-
April 02, 2025 2:31 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
वक्फ बिल के पीछे न तो नीति सही है और न नीयत-अखिलेश
वक्फ बिल के पीछे न तो नीति सही है और न नीयत। देश के करोड़ों लोगों के घर और दुकान को बीजेपी सरका छीनना चाहती है। जब देश के अधिकांश दल इसके विरोध में हैं तो फिर वह इस बिल को क्यों लाना चाहती है?
-
April 02, 2025 2:19 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
ये बिल सरकार की नाकामियों पर पर्दा है-अखिलेश
समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि वक्फ संशोधन बिल सरकार की नाकामियों पर पर्दा है। जिसके लिए फैसला लेना है उसकी बात को महत्व नहीं देना भी गलत है।
-
April 02, 2025 2:11 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
वक्फ की संपत्ति के नाम पर लूट हो रही है-रविशंकर
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी संपत्ति है। मुतवल्ली उसको मैनेज करता है। वक्फ की संपत्ति के नाम पर लूट हो और हम बस चुपचाप देखते रहें। केरल का क्रिश्चियन समाज क्यों चाहता है कि वक्फ बिल जल्दी लागू हो.. जर इस पर भी विचार कीजिए।
-
April 02, 2025 2:02 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
क्या मुस्लिमों के आदर्श वोटों के सौदागर होंगे- रविशंकर प्रसाद
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि क्या मुस्लिमों के आदर्श वोटों के सौदागर होंगे? उन्होंने कहा कि नहीं मौलाना आजाद, अब्दुल कलाम आजाद, अब्दुल हमीद, अश्फाक उल्ला खान आदर्श होंगे। मोहम्मद शमी फास्ट बॉलिंग करके आउट करता है तो पूरा देश खुश होता है।
-
April 02, 2025 1:57 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
विपक्ष की राजनीतिक मजबूरी कदम पीछे खींचती है-रविशंकर प्रसाद
वक्फ की 8 लाख संपत्ति है। इन संपत्तियों पर कितने अस्पताल बने, कितने स्कूल बने, वक्फ की कितनी संपत्ति का इस्तेमाल महिलाओं के उत्थान के लिए किया गया? अगर इस कानून के द्वारा अगर वक्फ की संपत्ति को रेगुलेट करके सही इस्तेमाल करे तो विरोध क्यों? दरअसल, हमारे विपक्षी दिल से चाहते हैं कि संशोधन हो लेकिन राजनीतिक मजबूरी पैर पीछे खींचती है।
-
April 02, 2025 1:51 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
वक्फ धार्मिक संस्था नहीं, वैधानिक संस्था है-रविशंकर प्रसाद
अगर वक्फ की जमीन लूटी और हड़पी जा रही है तो संविधान की धारा 25 यह अधिकार देता है कि इस संबंध में कानून बनाया जाता है। वक्फ धार्मिक संस्था नहीं है। वह सिर्फ एक वैधानिक संस्था है।
-
April 02, 2025 1:51 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
सरकार का यह कदम गैर संवैधानिक कैसे हो गया-रविशंकर प्रसाद
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मुझे तो समझ नहीं आ रहा कि विपक्ष के मित्र कहना क्या चाहते हैं? वक्फ बिल में संशोधन होना चाहिए और नहीं भी होना चाहिए.. दोनों तर्क कैसे चलेगा? भारत के संविधान के मौलिक अधिकार में धारा 15 है, जिसमें लिखा है कि महिलाओं के साथ कोई भेद नहीं होगा और अगर सरकार नए बिल में महिलाओं के अधिकार के लिए कानून ला रही है तो सरकार का यह कदम गैर संवैधानिक कैसे हो गया?
-
April 02, 2025 1:47 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
सरकार धार्मिक मामलों में दखल दे रही है- गौरव गोगोई
हम संशोधन के विपक्ष में नहीं हैं। संशोधन ऐसा हो जिससे ये बिल और ताकतवर हो। इन्होंने जो संशोधन लाए हैं। उससे मसले और बढ़ेंगे। सरकार धार्मिक मामलों में दखल दे रही है। ये देश में भाईचारे के माहौल को बिगाड़ना चाहते हैं। राज्य सरकार की अनुमति से बोर्ड को कुछ नियम बनाने की इजाजत थी जिसे ये पूरा का पूरा हटा रहे हैं। सरकार वक्फ बोर्ड को कमजोर करना चाहती है।
-
April 02, 2025 1:29 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
वक्फ संशोधन बिल के नाम पर भ्रम फैलाया जा रहा-गोगोई
ये केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। पुराने कानून में बोर्ड में दो महिलाओं को रखने, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को लेकर प्रावधान है। लेकिन ये लोग नए बिल के नाम पर केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। इनकी मंशा कुछ और है। एक विशेष समाज की जमीन पर इनकी नजर है। कल दूसरे समुदायों की जमीन पर नजर जाएगी।
-
April 02, 2025 1:20 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
वक्फ संशोधन बिल संविधान संघीय ढांचे पर आक्रमण- गौरव गोगोई
कांग्रेस के गौरव गोगोई ने कहा कि वक्फ संशोधन बिल संविधान के मूल अधिकार और संघीय ढांचे पर आक्रमण है। इसका उद्देश्य संविधान को कमजोर करना, भ्रम फैलाना, अल्पसंख्यकों को बदनाम करना और भारतीय समाज को बांटना है।
-
April 02, 2025 1:15 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
इस बिल का विरोध करने वाले पश्चताएंगे-रिजिजू
रिजिजू ने कहा कि इस बिल का विरोध करनेवाले पश्चताप करेंगे। पीएम मोदी ने हमारे जैसे साधारण कार्यकर्ता इतने बड़े काम (वक्फ बिल संशोधन को सदन में रखने) के योग्य समझा। रिजिजू ने आखिर में मेरी हिम्मत को तो सराहो मेरे हमराही बनो... मैंने एक शमां जलाई है हवाओं के खिलाफ
-
April 02, 2025 1:10 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
ट्रिब्यूनल में समाधान नहीं होने पर कोर्ट जाने का प्रावधान
रिजिजू ने कहा कि वक्फ ट्रिब्यूनल में दो नहीं तीन मेंबर होगा। 6 साल का कार्यकाल होगा। अगर वक्फ ट्रिब्यूनल में आपकी समस्या का समाधान नहीं होता है तो आप अदालत जा सकते हैं, ऐसा प्रावधान नए बिल में किया गया है। सेक्शन 40 के तहत किसी भी जमीन को वक्फ की प्रॉपर्टी घोषित कर सकते हैं। इसकी वजह से कई मुद्दे देश में उभरकर सामने आए।
-
April 02, 2025 1:04 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
यह किसी की जमीन छीनने का कानून नहीं-रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा कि वक्फ का मामला धर्मिक व्यवस्था से जुड़ा नहीं है। यह प्रॉपर्टी के संरक्षण का मामला है। सरकार चाहती है कि वक्फ बोर्ड का मैनेजमेंट सुचारू तरीके से चले। जो प्रॉपर्टी रजिस्टर्ड है उसमें कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। किसी के जमीन छीनने का कानून नहीं है।
-
April 02, 2025 12:59 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
नए संशोधनों की जरूरत पर क्यों पड़ी?
किरेन रिजिजू ने कहा कि यूपीए सरकार ने वक्फ कानून में बदलावों के जरिये इसे अन्य कानूनों से ऊपर कर दिया था, इसलिए नये संशोधनों की आवश्यकता पड़ी
-
April 02, 2025 12:49 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
दुनिया में सबसे ज्यादा वक्फ प्रॉपर्टी भारत में है-रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा वक्फ प्रॉपर्टी भारत में है फिर भी हमारा मुसलमान गरीब क्यों है? क्यों मुसलमान शिक्षा से वंचित है, क्यों उनके पास रोजगार नहीं है? धर्म जाति से बाहर उतरकर के दिल से सोचिए। सदियों तक देश याद रखेगा कि कौन लोग इस बिल का समर्थन कर रहे थे और कौन लोग विरोध में खड़े थे। गरीब मुसलमानों के लिए वक्फ में संशोधन करना पड़ेगा।
-
April 02, 2025 12:38 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
मस्जिदों के मैनेजमेंट में दखल नहीं - किरेन रिजिजू
किरेन रिजिजू ने वक्फ बिल पर चर्चा के दौरान कहा कि सरकार किसी भी धर्म में हस्तक्षेप नहीं करना चाहती, हम मस्जिदों के मैनेजमेंट में दखल नहीं देना चाहते। रिजिजू ने कहा कि यह मस्जिद या धार्मिक क्रियाकलापों से जुड़ा मामला नहीं है, ये बस एक संपत्ति के मैनेजमेंट से जुड़ा विषय है। अगल कोई मुसलमान जकात देता है तो उसे पूछने वाले हम कौन होते हैं? हम तो बस उसके मैनेजमेंट से जुड़ी बात कर रहे हैं। इसका धार्मिक व्यवस्था से कोई लेना-देना नहीं है। रिजिजू ने बताया कि वक्फ बोर्ड में कौन-कौन रहेगा
- 10 मुस्लिम सदस्य
- 2 मुस्लिम महिला सदस्य जरूरी
- 2 रिटायर्ड जज होंगे
- 3 सांसद रहेंगे
- 4 से ज्यादा गैर मुस्लिम नहीं रहेंगे
- सिया और सुन्नी दोनों रहेंगे
- बोहरा और आगाखानी भी रहेंगे
-
April 02, 2025 12:31 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
संसद की बिल्डिंग पर भी वक्फ ने क्लेम किया-रिजिजू
किरेन रिजिजू ने अपने भाषण के दौरान कुछ पुराने दस्तावेजों का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद की बिल्डिंग पर भी वक्फ ने क्लेम किया। किरेन रिजिजू ने कहा कि हम संशोधन नहीं लाते तो जिस जगह हम बैठे हैं, वह भी वक्फ की संपत्ति होती. यूपीए की सरकार होती तो पता नहीं कितनी संपत्तियां डिनोटिफाई होतीं। इस पर विपक्ष की तरफ से आपत्ति जताई गई। रिजिजू ने कहा कि मैं दस्तावेजों के आधार पर कह रहा हूं। यूपीए के वक्त 123 संपत्तियां वक्फ को दी गईं।
-
April 02, 2025 12:26 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
बिल के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है-रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा-'हम पुराने बिल को सुधार करके ला रहे हैं तो विपक्ष को आपत्ति हो रही है। आप खुले मन से इस पर सोचिए। जिन चीजों का इस बिल से कोई लेना-देना नहीं है, उन बातों को उठाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।'
-
April 02, 2025 12:26 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
किसी बिल को लेकर इतनी चर्चा नहीं हुई-रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा कि संसदीय इतिहास में इतनी चर्चा किसी बिल को लेकर नहीं हुई जितनी वक्फ संशोधन बिल को लेकर हुई। उन्होंने कहा कि ज्वाइंट कमेटी में शामिल सभी सदस्यों को धन्यवाद देना चाहता हूं। 97 लाख से ज्यादा सुझाव आए हैं। कभी भी किसी बिल पर इससे ज्यादा सुझाव नहीं आए थे।
-
April 02, 2025 12:23 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
विरोध करनेवालों के हृदय में होगा बदलाव-रिजिजू
रिजिजू ने कहा कि विरोध करनेवालों के हृदय में बदलाव होगा। उम्मीद है विपक्ष भी समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि यह बिल कोई नया विषय नहीं है। यह अंग्रेजों के जमाने से चला आ रहा है।
-
April 02, 2025 12:18 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
किरेन रिजिजू ने वक्फ संशोधन बिल पेश किया
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पेश किया
-
April 02, 2025 12:15 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
नियमों को खिलाफ बिल लाया जा रहा है-कांग्रेस
कांग्रेस के सांसद वेणुगोपाल ने कहा कि सांसदों पर वक्फ संशोधन बिल पढ़ने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। इस पर लोकसभा स्पीकर ने कहा कि सबको पर्याप्त समय दिया गया है। वहीं कांग्रेस ने नियमों के खिलाफ वक्फ संशोधन बिल लाने का आरोप लगाया। इसका जवाब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिया और कहा कि नियमों का उल्लंघन नहीं किया गया है।
-
April 02, 2025 12:10 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
कुछ देर में पेश होगा वक्फ संशोधन बिल
लोकसभा में कुछ देर में वक्फ संशोधन बिल पेश होगा। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू इस बिल को सदन के पटल पर रखेंगे। चर्चा के लिए 8 घंटे का समय रखा गया है।
-
April 02, 2025 12:02 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
हमारी पार्टी विरोध करेगी-अखिलेश यादव
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 आज लोकसभा में पेश किए जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "हमारी पार्टी इसका विरोध करेगी। जिन लोगों के लिए यह बिल लाया जा रहा है उनकी ही बातों को अहमियत ना देना, इससे बड़ी नाइंसाफी क्या होगी? "उन्होंने आगे कहा, "भाजपा तो वह दल है जिसे जमीन से बहुत प्यार है। उन्होंने रेलवे को बेचा, डिफेंस की जमीन बेची और अब वक्फ की जमीनें बेची जाएंगी। यह सब अपनी असफलताओं को छिपाने की एक योजना है... हमारे मुख्यमंत्री तो कहते हैं कि राजनीति उनका पार्ट टाइम जॉब है तो दिल्ली वाले ऐसे पार्ट टाइम नौकरी वाले लोगों को हटाते क्यों नहीं है?"
-
April 02, 2025 11:44 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
बिल में जरूर हमारे सुझावों को समायोजित किया गया है-संजय झा
JDU सांसद संजय झा ने वक्फ संशोधन बिल पर कहा, " नीतीश कुमार का 19 साल का ट्रैक रिकॉर्ड है बिहार में काम करने का। जब नीतीश कुमार सत्ता में आए तब पहली बार भागलपुर दंगे के पीड़ितों को न्याय मिला था। इस बिल के लिए गठित JPC में हमारी पार्टी के सदस्य रहे। हमारे लोगों ने पटना में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और अपनी बातों को JPC के सामने रखी है। मुझे लगता है कि बिल में जरूर हमारे सुझावों को समायोजित किया गया है।"
-
April 02, 2025 11:43 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
नीतीश कुमार को धर्मनिरपेक्ष की परिभाषा कांग्रेस से समझने की जरूरत नहीं: ललन सिंह
वक्फ संशोधन विधेयक पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "संसद में हम लोग बताएंगे कि वक्फ पर JDU का क्या स्टैंड है। JDU और नीतीश कुमार को धर्मनिरपेक्ष की परिभाषा कांग्रेस से समझने की जरूरत नहीं है।"
-
April 02, 2025 11:42 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
मुसलमानों पर इससे बड़ा जुल्म नहीं: इमरान मसूद
कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि अब मुसलमानों की प्रॉपर्टी छीनने का काम होगा। मुसलमानों पर इससे बड़ा जुल्म नहीं। इमरान मसूद ने कहा कि इस बिल के पास होने से मुसलमानों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलेगा।
-
April 02, 2025 11:15 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
कांग्रेस की ओर से गौरव गोगोई बहस की करेंगे शुरुआत
कांग्रेस पार्टी को चर्चा के लिए 90 मिनट मिलने की संभावना है। पार्टी की ओर से कुल 7 नेता बोलेंगे। गौरव गोगोई बहस की शुरुआत करेंगे।
-
April 02, 2025 11:13 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
सरकार के पक्ष में मतदान करना है: राजीव रंजन प्रसाद
JD(U) नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "जहां तक JDU का सवाल है, JPC की बैठकों के दौरान वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर जो सुझाव दिए गए थे, उनमें से ज्यादातर को शामिल किए जाने की सूचना है। इसलिए पार्टी की ओर से सांसदों को व्हीप जारी किया गया है कि संसद की कार्यवाही के दौरान सदन में रहना है और सरकार के पक्ष में मतदान करना है।"
-
April 02, 2025 11:11 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
आज तय हो जाएगा कौन सी पार्टी धर्मनिरपेक्ष है-सिब्बल
राज्यसभा MP कपिल सिब्बल ने कहा, "आज तय हो जाएगा कि इस देश में कौन सी पार्टी धर्मनिरपेक्ष है। बिहार में चुनाव है, अगर जेडीयू ने बिल के पक्ष में वोट दिया तो वे चुनाव हार जाएंगे। हो सकता है कि वे वॉकआउट कर लें ताकि बीजेपी को इसे पास करने का मौका मिल जाए। चिराग पासवान भी ऐसा ही कर सकते हैं। विपक्ष इस बिल के खिलाफ वोट करेगा।"
-
April 02, 2025 11:09 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे इमरान प्रतापगढ़ी
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे, जिसे आज लोकसभा में पेश किया जाएगा।
-
April 02, 2025 11:07 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
संसद में अपना पक्ष मजबूती से रखें: राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस के सांसदों को निर्देश दिया है कि वे अपना पक्ष मजबूती से रखें। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले उन्होंने संसद परिसर में पार्टी के सांसदों के साथ एक बैठक की।
-
April 02, 2025 11:04 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
लोकसभा की कार्यवाही शुरू, दोपहर 12 बजे पेश होगा वक्फ संशोधन विधेयक
लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। दोपहर 12 बजे सरकार की ओर से वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा। सदन में चर्चा के लिए 8 घंटे का वक्त तय किया गया है।
-
April 02, 2025 10:51 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
देशभर में आंदोलन करेंगे, दिल्ली से होगी शुरुआत-AIMIM
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने साफ तौर पर धमकी दी है कि अगर वक्फ बिल लाया गया तो उसके खिलाफ वह देशव्यापी आंदोलन करेगी। AIMIM के दिल्ली अध्यक्ष डॉ. शोएब जामई ने सोशल मीडिया पर लिखा- अगर वक़्फ़ बिल जबरन मुसलमानों पर थोपने की कोशिश की गई तो देशव्यापी आंदोलन होगा और इसकी शुरुआत दिल्ली से करेंगे। "पिछली बार आंदोलन जहां से खत्म हुआ था शुरूआत वहीं से होगी". हम अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करेंगे और संविधान में अल्पसंख्यको को दिए गए अधिकार पर हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे।
-
April 02, 2025 10:42 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
RLD ने भी व्हिप जारी किया
जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल ने भी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया। वक्फ बिल का संसद में समर्थन करेगी आरएलडी।
-
April 02, 2025 10:39 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
कांग्रेस सांसदों के साथ राहुल गांधी ने की मीटिंग
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस के सांसदों के साथ मीटिंग की। वक्फ संशोधन बिल पर रणनीति को लेकर हुई चर्चा। आज लोकसभा में 12 बजे पेश होगा वक्फ संशोधन बिल।
-
April 02, 2025 10:34 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
गरीब मुसलमानों की मदद में पीछे नहीं हटेंगे: रिजिजू
देशहित में इस बिल का समर्थन करना चाहिए। जो विरोध करते हैं वे तर्क के साथ सदन में आएं। एक-एक तर्क का हम जवाब देंगे। पूरी तैयारी के साथ हम आएंगे। कई सालों तक अधिकारों का मिसयूज किया गया है। गरीब मुसलमानों को इससे काफी फायदा मिलेगा।
-
April 02, 2025 10:30 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
गरीब, पसमांदा और आम मुसलमानों को फायदा: जगदंबिका पाल
वक्फ संशोधन बिल 2024 पर भाजपा सांसद और वक्फ (संशोधन) विधेयक पर बनी JPC समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा, "यह मेहनत रंग लाई है। हमने (JPC कमेटी ने) इस बिल को लेकर दक्षिण भारत का दौरा किया था। हम उत्तर भारत का दौरा नहीं कर पाए थे। संसदीय कार्य मंत्री ने हमें कहा था कि हमारी मंशा है कि आप देश के हर राज्य में जाएं। हर दिन हुई बैठकों में सभी नेता भी शामिल थे और आज संशोधित रूप में इस बिल को लेकर सरकार आ रही है। यह निश्चित ही एक ऐतिहासिक दिन है। आज इस बिल के पास होने से देश के गरीब, पसमांदा और आम मुसलमानों को इसका फायदा पहुंचेगा।"
-
April 02, 2025 10:20 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
अखिलेश सपा की ओर से वक्फ संशोधन बिल पर बोलेंगे
अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी की ओर से बोलेंगे जबकि कल्याण बनर्जी और अबू ताहिर खान लोकसभा में टीएएमसी की ओर से बोलेंगे।
-
April 02, 2025 10:16 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
चर्चा का जवाब आज ही देगी सरकार
दोपहर 12.15 मिनट पर लोकसभा में चर्चा शुरू होगी। वक्फ संशोधन बिल पर चर्चा का जवाब आज ही दिया जाएगा। बीजेपी की ओर से सात सांसद वक्फ बिल पर बोलेंगे। रविशंकर प्रसाद, तेजस्वी सूर्या, कमलजीत सहरावत, जगदंबिका पाल बीजेपी की से लोकसबा में बोलेंगे। एनडीए को 4 घंटे 40 मिनट का वक्त मिला।
-
April 02, 2025 10:12 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
संविधान के साथ मजाक: इमरान मसूद, कांग्रेस सांसद
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "हम सदन में चर्चा करने के लिए तैयार हैं। सरकारी बार-बार कह रही है कि मुस्लिम समुदाय का कुछ नहीं बगड़ेगा लेकिन सरकार ने इसमें(वक्फ) संशोधन करके यह प्रावधान कर दिया है कि कोई भी संपत्ति जो सरकारी हो, जिसमें सरकारी हिस्सेदारी हो या वे विवादास्पद हों, उसे जब तक वक्फ नहीं माना जाएगा तब तक उसकी जांच पदाभिहित अधिकारी को दी जाएगी। जब तक जांच नहीं होगी तब तक वह संपत्ति वक्फ की नहीं रहेगी। विवाद की जो स्थिति पूरे देश में खड़ी हुई है वह बहुत खतरनाक है। संविधान के साथ पूरी तरह से मजाक किया जा रहा है।"
-
April 02, 2025 10:10 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
सम्पूर्ण विपक्ष इस विधेयक के खिलाफ: के सुरेश
वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस सांसद के सुरेश ने कहा, "सम्पूर्ण विपक्ष इस विधेयक के खिलाफ है। संयुक्त संसदीय समिति में हमारे सदस्यों ने भी इस विधेयक का विरोध करने का निर्णय लिया है। कल INDIA गठबंधन के नेताओं ने सर्वसम्मति से इस वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करने का निर्णय लिया।"
-
April 02, 2025 9:30 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
विपक्ष के संशोधनों को नहीं माना गया: अतुल लोंढे, कांग्रेस
वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस नेता अतुल लोंढे का कहना है, "विपक्ष ने जेपीसी में जो भी संशोधन बताए थे, उन संशोधनों को लागू नहीं किया गया। जब संसद में कैबिनेट के सामने बिल रखा गया, तो विपक्ष का संशोधन उसमें नहीं रखा गया। फिर बाद में हंगामा हुआ, उसके बाद पता चला कि 44 संशोधनों में से 14 को मंजूरी मिली। वे (सरकार) जेपीसी में क्लॉज-बाय-क्लॉज चर्चा नहीं चाहते। 31 सदस्यों वाली जेपीसी में 20 एनडीए के हैं और 1 चेयरमैन, यानी 21 एनडीए के हैं और 10 विपक्ष के हैं।"
-
April 02, 2025 9:27 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
गरीब मुसलमानों के उत्थान के लिए वक्फ संशोधन बिल: नुमाल मोमिन
वक्फ संशोधन विधेयक पर असम विधानसभा के उपाध्यक्ष नुमाल मोमिन ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ये बहुत अच्छी पहल है जो हमारे देश के गरीब मुसलमानों के उत्थान के लिए है। कांग्रेस की विचारधारा हमेशा गरीब मुस्लिम समुदाय का शोषण करने की रही है। वे नहीं चाहते कि गरीब मुसलमानों को बेहतर सुविधाएं मिलें। वे इन गरीब मुस्लिम लोगों का शोषण करना चाहते हैं। अगर ये बिल पारित हो जाता है, तो गरीब मुस्लिम लोगों को एक अवसर मिलेगा। मैं इस वक्फ बिल का समर्थन करता हूं और कांग्रेस की विचारधारा की निंदा करता हूं।"
-
April 02, 2025 9:09 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
संपत्तियों का सही तरीके से होगा नियोजन: विनोद बंसल
वीएचपी नेता विनोद बंसल ने कहा, 'मैं सब को शुभकामनाएं देता हूं कि इस बिल से देश की संपत्तियों की सुरक्षा होगी और सही तरीके से नियोजन होगा। गरीब और वंचित वर्ग के लिए कल्याणकारी होगा। लाखों हेक्टेयर जमीन वक्फ बोर्ड के पास है चाहे वह कब्जाई हुई है या फिर अधिकृत है लेकिन उसे किसी का कोई भला नहीं हो रहा। बस चंद मुस्लिम तंजीमोन और उलेमा उन संपत्तियों पर कब्जा करके बैठे हैं। इतनी संपत्तियों को नियमित किया जाए तो इतना किराया आएगा कि लोगों का फायदा होगा। इस बिल के आने से पहले जिस तरह का प्रोपेगेंडा और बरगलाने की कोशिश की जा रही है वह निंदनीय है। मुस्लिम समुदाय को कट्टरपंथियों से दूर रहना चाहिए। जो संसद में बिल आ रहा है उसका अध्ययन कीजिए समाज को बताइए और फिर उसका विरोध कीजिए कोई दिक्कत नहीं है लेकिन भारत में किसी तरह की हिंसा की कोई जगह नहीं है।
-
April 02, 2025 8:57 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पिछड़े और अतिपिछड़े मुसलमानों के लिए सबसे बड़ी 'ईदी': मोहसिन रजा
बीजेपी नेता और यूपी के पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने कहा, "देश के सभी दलित और पिछड़े मुस्लिम भाई-बहनों की ओर से मैं प्रधानमंत्री मोदी जी को इस वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के लिए धन्यवाद देता हूं। यह पिछड़े और अतिपिछड़े मुसलमानों के लिए पीएम मोदी की ओर से सबसे बड़ी 'ईदी' होगी।"
-
April 02, 2025 8:43 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
विपक्ष के उठाए गए मुद्दों पर विचार किया जाना चाहिए: किरण कुमार चमाला
कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला ने कहा, "निश्चित रूप से, हम इस विधेयक का विरोध करेंगे यदि इसमें कुछ ऐसा है जो किसी विशेष समुदाय के खिलाफ है या उस समुदाय को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने (सरकार ने) इस पर चर्चा करने के लिए आज आठ घंटे का समय दिया है। हमारा अंतिम एजेंडा यह है कि जब चर्चा हो, तो विपक्ष या सत्ताधारी पार्टी के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विचार किया जाना चाहिए क्योंकि यह एक लोकतांत्रिक मंच है, उन्हें जेपीसी की तरह बुलडोजर नहीं चलाना चाहिए।"
-
April 02, 2025 8:30 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
बीजेपी जबरन विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है-खलीकुर रहमान
वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस के खलीकुर रहमान ने कहा, "पूरी प्रक्रिया बहुत ही असंवैधानिक तरीके से की जा रही है। जिस तरह से जेपीसी ने पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया है, वह बेहद निराशाजनक है। जेपीसी से इस तरह की कार्यवाही की उम्मीद नहीं थी क्योंकि विपक्षी दलों के अधिकांश जेपीसी सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सभी सिफारिशों पर विचार नहीं किया गया है और इसके बजाय, भाजपा चीजों को जबरन थोपने और विधेयक को पारित करने की कोशिश कर रही है... हम पहले दिन से ही बहुत स्पष्ट हैं कि हमने इन संशोधनों को खारिज कर दिया है, और यहां तक कि हमारी सरकार ने भी इसे खारिज कर दिया है।"
-
April 02, 2025 8:20 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
सरकार इस विधेयक को वापस ले: जिया उर रहमान बर्क
वक्फ संशोधन विधेयक पर संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा, "हम इस विधेयक का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि इस विधेयक में कई ऐसी बातें हैं जो हमारे लोगों के अधिकारों को छीन रही हैं। जब सरकार ने इसे JPC के पास भेजा था, तो हमें थोड़ी उम्मीद थी कि शायद इसमें जो कमियां हैं, उन्हें दूर कर लिया जाएगा, लेकिन यह सिर्फ औपचारिकता थी, और रिपोर्ट सिर्फ उनकी मर्जी के मुताबिक पेश की गई। जब यह विधेयक सदन में आएगा, तो हम इसका कड़ा विरोध करेंगे। सरकार के पास भले ही बहुमत का आंकड़ा हो, लेकिन उसके सहयोगी जानते हैं कि अगर उन्होंने इस विधेयक का समर्थन किया, तो आने वाले समय में उन्हें बहुत नुकसान उठाना पड़ेगा। इसलिए हम चाहते हैं कि सरकार तानाशाही करना बंद करे और इस विधेयक को वापस ले।"
-
April 02, 2025 8:10 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
नागपुर का कानून थोपना चाहती है बीजेपी: तेजस्वी
वक्फ संशोधन बिल पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "यह असंवैधानिक विधेयक है। हम संविधान को मानने वाले लोग हैं। भाजपा के लोग नागपुर का कानून थोपना चाहते हैं, यह हमें कतई मंजूर नहीं है। हम गंगा-जमुनी तहजीब में विश्वास करते हैं, हमारे देश की विविधता ही इसकी खूबसूरती है। हमने शुरू से ही संसद के दोनों सदनों के साथ-साथ बिहार विधानसभा या बिहार विधान परिषद में भी इस विधेयक का विरोध किया है। आने वाले समय में भी हम इसका विरोध करेंगे। ऐसा विधेयक हमें कभी मंजूर नहीं होगा। लालू जी अपनी खराब सेहत के बावजूद भी विरोध में शामिल हुए। इसलिए हम स्पष्ट हैं कि हम इस विधेयक को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।"
-
April 02, 2025 8:03 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
जल्दबाजी में यह कानून बना रही है सरकार: प्रशांत किशोर
वक्फ संशोधन विधेयक पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मुसलमानों का एक बड़ा वर्ग वक्फ विधेयक से खुद को खतरे में महसूस कर रहा है। मुझे लगता है कि सरकार ध्रुवीकरण की राजनीति के लिए जल्दबाजी में यह कानून बना रही है। सरकार के पास लोकसभा में बहुमत नहीं है। वे यह कानून इसलिए ला पा रहे हैं क्योंकि नीतीश कुमार जैसे लोग सरकार का समर्थन कर रहे हैं; अगर नीतीश कुमार जैसे नेता लोकसभा में इस विधेयक के समर्थन में वोट नहीं करते हैं, तो सरकार इसे कभी कानून नहीं बना सकती।
-
April 02, 2025 8:00 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
वक्फ संशोधन विधेयक विवादास्पद मुद्दा: फरीद अहमद निजामी
वक्फ संशोधन विधेयक पर दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया के सज्जादानशीन सैयद फरीद अहमद निजामी ने कहा, "वक्फ संशोधन विधेयक भारत में एक विवादास्पद मुद्दा बन गया है। हमने भी अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री से मुलाकात की और कुछ आपत्तियां उठाईं, खासकर 'वक्फ बाय यूजर' पर। मैं भी एक वकील हूं और मुझे वक्फ की बारीकियां पता हैं। इसलिए, हमारे पास कुछ मुद्दे थे और उन्होंने हमें धैर्यपूर्वक सुना और हमें आश्वासन दिया कि वे इस पर गौर करेंगे। मुझे नहीं पता कि क्या संशोधन किया गया है..."
-
April 02, 2025 7:53 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
कई राजनैतिक दलों के सपनों को चकनाचूर कर देगा यह बिल-मांझी
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा कि वक़्फ़ संशोधन बिल 2025 कई राजनैतिक दलों के सपनों को चकनाचूर कर देगा।जो दल अभी तक वक़्फ़ बिल को लेकर मुसलमानों को भड़काने का काम कर रहे थे उन्हें हमारी सरकार करारा जवाब देने जा रही है। वक़्फ़ संशोधन बिल जिस दिन पास होगा उस दिन देश के हर मुसलमान कहेगें “मोदी है तो सबकुछ मुमकिन है”।
-
April 02, 2025 7:49 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
9 महीने बाद दोबारा पेश हो रहा है बिल
वक्फ संशोधन बिल को पिछले साल 8 अगस्त को संसद में पेश किया गया था जहां से इसे जेपीसी में भेजा गया था। 22 अगस्त से ही जेपीसी ने अपना काम शुरू कर दिया था जिसके बाद ये रिपोर्ट पेश की गई और 27 फरवरी को संशोधित ड्राफ्ट को मंज़ूरी दे दी गई। अब आज 9 महीने बाद ये बिल दोबारा लोकसभा में पेश हो रहा है।
-
April 02, 2025 7:00 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
गरीब मुसलमानों को PM मोदी से उम्मीदें: शादाब शम्स
वक्फ संशोधन विधेयक पर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चेयरमैन शादाब शम्स ने कहा, "गरीब मुसलमानों को PM मोदी से उम्मीदें हैं और इसीलिए हमने इस संशोधन विधेयक का नाम 'उम्मीद' रखा है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू उम्मीद की किरण हैं...PM मोदी सरकार ने तय किया है कि वे गरीब मुसलमानों को मुख्यधारा में लाएंगे। यह '70 साल बनाम मोदी कार्यकाल' है। विपक्ष के पास 70 साल थे और उन्होंने जो कर सकते थे किया। उन्होंने वक्फ को लूटा। अमीरों ने गरीबों के हक लूटे..."
-
April 02, 2025 7:00 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
जेपी नड्डा के घर पर मीटिंग-सूत्र
अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी जेपी न्ड्डा के घर मीटिंग। इस मीटिंग में वक्फ संशोधन बिल पास कराने पर चर्चा हुई। आज दोपहर 12 बजे लोकसभा में पेश होगा वक्फ संशोधन बिल।
-
April 02, 2025 6:54 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
बीजेपी को मिला सहयोगी दलों का साथ
NDA के सभी सहयोगी दलों ने एक सुर में बिल का समर्थन किया है। नीतीश कुमार की JDU, चंद्रबाबू नायडू की TDP, चिराग पासवान की LJP और जीतनराम मांझी की HUM ने खुलेआम बिल का समर्थन करके विपक्ष के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।
-
April 02, 2025 6:53 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
कांग्रेस सांसदों की बैठक
वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर कांग्रेस ने सुबह साढ़े 9 बजे अपने सांसदों की बैठक भी बुलाई है। इस बैठक को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे।
