A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Alert: दिल्ली-NCR समेत देशभर में बिगड़ सकता है मौसम! आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना

Weather Alert: दिल्ली-NCR समेत देशभर में बिगड़ सकता है मौसम! आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना

दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में आज रात से मौसम करवट ले सकता है और बारिश के साथ-साथ ओले भी पड़ सकते हैं। ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम से जुड़े अपडेट जरूर पढ़ लें।

Weather Alert- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE PIC आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। यहां रात में मौसम बिगड़ सकता है और आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की भी संभावना है। बात सिर्फ दिल्ली और एनसीआर की नहीं है बल्कि देश के तमाम क्षेत्रों में भी 7 से 9 अप्रैल के बीच बड़े पैमाने पर ओलावृष्टि हो सकती है, जिससे भारत का 30-40% क्षेत्र प्रभावित होगा।

All India Weather ने दी जानकारी 

All India Weather ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके ये जानकारी दी है, "एक भयंकर पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान, दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू, हिमाचल, पश्चिम यूपी, बिहार, झारखंड, उत्तर मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में 7-9 अप्रैल से बड़े पैमाने पर ओलावृष्टि लाने को तैयार है! यह शक्तिशाली सिस्टम भारत के 30-40% क्षेत्र को प्रभावित करेगा। सावधान रहें!"

दिल्ली में आज कैसा रहा मौसम?

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.3 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 1.3 डिग्री कम था। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान 34 और 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

यूपी में अगले 2-3 दिन मौसम कैसा रहेगा?

यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश हो रही है। जिसका असर फसलों पर भी दिखाई दिया है। मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, हरदोई, अलीगढ़, बुलंदशहर, बाराबंकी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, जौलान और हमीरपुर समेत अन्य जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ ओले भी गिरने की संभावना है।

बिहार में 7 से 9 अप्रैल को बिगड़ा रहेगा मौसम

बिहार में भी मौसम की मार झेलनी पड़ सकती है। बिहार में अगले दो दिनों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी 

रविवार को हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने सात और आठ अप्रैल को राज्य में चार से पांच जिलों में ओलावृष्टि, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Latest India News