Weather Update: उत्तराखंड में भारी बारिश हो रही है। आने वाले कुछ दिनों में बारिश और मुश्किलें बढ़ा सकती है। इस बीच उत्तराखंड आपदा प्रबंधन केंद्र और मौसम विभाग ने अल्मोड़ा और आसपास के इलाकों में 15 सितंबर को भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। इस अलर्ट को देखते हुए अल्मोड़ा के जिला अधिकारी ने कल जिले में सभी स्कूलों को अवकाश रखने का आदेश दिया है।
15 सितंबर को सभी स्कूल बंद रखने के आदेश
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सिर्फ अल्मोड़ा ही नहीं राज्य के अन्य जिले मसलन रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ इत्यादि में भी 15 सितंबर को सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। मौसम के बदले मिजाज के चलते अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चालू मानसून सीजन में यह चौथी बार है, जब ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
उफान पर किरोड़ा नाला
उधर, पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश से किरोड़ा नाला उफान पर आ गया। ग्रामीणों और पूर्णागिरि आने वाले तीर्थयात्री व स्कूली बच्चों की आवाजाही रोक दी गई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश के साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका है।
अगले 24 घंटे सतर्क रहने की जरूरत
उन्होंने कहा कि शासन और जिला प्रशासन के साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को अगले 24 घंटे सतर्क रहने की जरूरत है। उधर, मौसम विभाग ने देहरादून और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। डीएम सोनिका ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट
अगले तीन दिन दिन प्रदेश के नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून और टिहरी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
15 सितंबर को उत्तरकाशी, पौड़ी, अल्मोड़ा, ऊधमसिंहनगर को छोड़कर पूरे प्रदेश में बारिश होगी। 16 सितंबर को अल्मोड़ा, पौड़ी और ऊधमसिंहनगर को छोड़कर बाकी दस जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 17 सितंबर को पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर सभी जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Latest India News