भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को दिल्ली के कई हिस्सों में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। दिल्ली एनसीआर में शनिवार से ही बारिश का सिलसिला जारी है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव की शिकायतें मिली हैं। इससे यातायात पर असर पड़ा है और लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
दिल्ली के अलावा हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली से सटे हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अनुमान जताया है। गुजरात और राजस्थान के कई इलाकों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।
Image Source : PTIकठुआ में झरने में फंसी कार को निकालती क्रेन
दिल्ली में बारिश से जनजीवन प्रभावित
दिल्ली में शनिवार को मध्यम से तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और यातायात जाम की शिकायत सामने आई। उत्तर, मध्य, दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को जलभराव और यातायात जाम का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के मुताबिक, उनके बाढ़ नियंत्रण कक्ष को दिन में जलभराव की कम से कम 10 शिकायतें मिलीं और उनमें से अधिकांश को एक घंटे के भीतर ही दूर कर दिया गया।
आईएमडी की चेतावनी
आईएमडी ने बारिश से यातायात जाम, सड़कों पर फिसलन, बागानों, बागवानी एवं खेतों में खड़ी फसलों को संभावित नुकसान और कच्चे घरों, दीवारों एवं झुग्गी-झोपड़ियों को मामूली क्षति सहित कमजोर संरचनाओं को आंशिक क्षति के बारे में चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों को यातायात संबंधी सलाह का पालन करने, जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने, खिड़कियां-दरवाजे बंद रखने, पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने और जल निकायों एवं विद्युत प्रतिष्ठानों से दूर रहने की सलाह दी है। आईएमडी से लोगों से बिजली के तारों को न छूने, खंभों के पास न खड़े होने और भारी बारिश की स्थिति में तुरंत सुरक्षित आश्रय लेने का आग्रह किया है।
Image Source : PTIराजस्थान के टोंक में जानवरों को रेस्क्यू करते बचावकर्मी
हिमाचल प्रदेश में 339 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अनेक सड़कें बंद हैं। अधिकारियों ने बताया कि बंद हुईं 339 सड़कों में से 162 सड़कें मंडी जिले में और 106 सड़कें निकटवर्ती कुल्लू में हैं। राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 305 (औट से सैंज तक) भी बंद है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
हिमाचल में 150 से ज्यादा मौतें
एसईओसी ने बताया कि 20 जून को मानसून की शुरुआत होने के बाद से हिमाचल प्रदेश में कम से कम 151 लोगों की मौत हुई है और 37 लोग लापता हैं। इसमें कहा गया कि हिमाचल प्रदेश में बारिश से संबंधित घटनाओं में 2,326 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। एसईओसी ने बताया कि राज्य के कुल 172 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 133 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हुई हैं। इस मानसून में अब तक राज्य में 75 बार बाढ़, बादल फटने की 39 और भूस्खलन की 74 घटनाएं हुई हैं। (इनपुट- पीटीआई/आईएमडी)
Latest India News