1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Air India विमान हादसे की क्या हो सकती हैं संभावित वजहें? पूर्व एयर चीफ मार्शल ने कही ये बात

Air India विमान हादसे की क्या हो सकती हैं संभावित वजहें? पूर्व एयर चीफ मार्शल ने कही ये बात

अहमदाबाद में भीषण विमान हादसा देखने को मिला है। इस हादसे में 297 लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे की संभावित वजहों पर खूब बातें हो रही हैं। इस बीच पूर्व एयर चीफ मार्शल अरुप साहा ने भी बयान दिया है।

What could be the possible reasons for the Air India plane crash Veteran Air Chief Marshal said this- India TV Hindi
Image Source : ANI पूर्व एयर चीफ मार्शल अरुप साहा

गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को भीषण विमान हादसा हुआ था। इस हादसे में 297 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे के 28 घंटे के भीतर ही विमान के ब्लैक बॉक्स को भी बरामद किया जा चुका है। ब्लैक बॉक्स की जांच के बाद ही यह समझ आ पाएगा कि विमान के अंदर अंतिम क्षणों में क्या हो रहा था। ऐसे में देशभर में विमान हादसे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं और संभावित कारणों को लेकर चर्चा की जा रही है। इस बीच भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर चीफ मार्शल अरुप राहा ने विमान हादसे के संभावित कारणों पर बयान जारी किया है।

क्या बोले पू्र्व एयर चीफ मार्शल

पूर्व एयर चीफ मार्शल अरूप राहा ने कहा, "विमान की स्थिति को देखते हुए, जिस तरह से विमान सीधा जमीन पर गिरा, उससे ऐसा लगता है कि उड़ान के बहुत ही महत्वपूर्ण चरण में, जमीन से हवा में उड़ान के दौरान, इंजन की ताकत कम हो गई। संभवतः दोनों इंजनों ने काम करना बंद कर दिया होगा और फिर उड़ान के कुछ ही देर बाद यह हादसा हुआ। दूसरी बात की इस बात की भी संभावना है कि जो विमान में फ्यूल था उसमें भी खराबी हो सकती है।" बता दें कि इस विमान हादसे में केवल 1 शख्स ही जिंदा बचा है, जिसकी पहचान रमेश विश्वास कुमार के रूप में हुई है जो कि एक ब्रिटिश नागरिक है।

क्या बोले केंद्रीय उड्डयन मंत्री?

बता दें कि अहमदाबाद विमान हादसे के बारे में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने बताया, "पिछले दो दिन बहुत मुश्किल भरे रहे हैं। अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास हुई दुर्घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं व्यक्तिगत रूप से घटनास्थल पर गया था, ताकि देख सकूं कि क्या किया जाना चाहिए, क्या सहायता प्रदान की जानी चाहिए और यही गुजरात सरकार, भारत सरकार और मंत्रालय के अन्य लोगों का सोचना था।"

Latest India News