1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत का तीसरा सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य कौन सा है? CM ने खुद दी जानकारी

भारत का तीसरा सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य कौन सा है? CM ने खुद दी जानकारी

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया है कि भारत का तीसरा सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य कौन सा है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर कहा कि ये कुछ साल पहले तक अकल्पनीय है।

Himanta Biswa Sarma- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा

दिसपुर: असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने भारत के तीसरे सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्य के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर बताया, 'असम अब भारत का तीसरा सबसे तेजी से बढ़ने वाला राज्य है, जिसकी जीडीपी वृद्धि दर स्थिर मूल्यों पर 7.94% है। हमारी निवेशक समर्थक नीतियां और बुनियादी ढांचे, संस्थानों और व्यक्तियों में निरंतर निवेश इस विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। कुछ साल पहले, यह अकल्पनीय था।'

हालही में असम विधानसभा को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा था, 'हम लगातार 14-15% की विकास दर दर्ज कर रहे हैं, जो राष्ट्रीय औसत 9-10% से काफी अधिक है। असम देश के शीर्ष पांच सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों में से एक है।' सरकारी आंकड़ों के अनुसार, असम का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) लगातार राष्ट्रीय विकास से आगे निकल गया है।

  • 2021–22: 21%
  • 2022–23: 17%
  • 2023–24: 19%
  • 2024–25 (projected): 13%

शनिवार को ही सीएम ने कही थी ये बात

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर राज्यों को अपार शक्ति दी है और अगले 20 वर्षों में यह क्षेत्र देश में सबसे अधिक विकसित होगा। उन्होंने कहा था कि पूर्वोत्तर में सड़कों, राजमार्गों और रेलवे नेटवर्क का विस्तार किया गया है और 'यह क्षेत्र के लिए स्वर्णिम काल है।' 

मुख्यमंत्री ने कहा था, '2014 से पहले पूर्वोत्तर राज्यों की सरकारों के पास कोई शक्ति नहीं थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने हमें इतनी शक्ति दी है कि आठ अष्टलक्षी राज्य देश के सबसे विकसित राज्यों में से एक होंगे।' अरुणाचल प्रदेश के आलो में गालो जनजाति के मोपिन महोत्सव के केंद्रीय समारोह में भाग लेने के दौरान उन्होंने कहा कि दशकों से अपर्याप्त बुनियादी ढांचे और निवेश, विशेष रूप से कनेक्टिविटी में, ने क्षेत्र के विकास में बाधा उत्पन्न की है, जिससे यह आर्थिक रूप से पिछड़ा और भौगोलिक रूप से अलग-थलग पड़ गया है। 

सरमा ने कहा था कि प्रधानमंत्री की 'परिवहन के माध्यम से परिवर्तन' और 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' जैसी पहलों ने कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे और आर्थिक एकीकरण में अभूतपूर्व विकास किया है। सरमा ने कहा, 'इस प्रतिमान बदलाव ने क्षेत्र की विशाल क्षमता को खोल दिया है, जिससे यह एक दूरस्थ परिधि के रूप में नहीं, बल्कि दक्षिण पूर्व एशिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं के प्रवेश द्वार के रूप में स्थापित हो गया है।' सरमा ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश देश का अग्रणी हाइड्रोकार्बन राज्य बनने की ओर अग्रसर है, जबकि यह विदेशियों के लिए एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।

Latest India News