1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कौन हैं मनदीप भंडारी? जिन्हें बनाया गया CBSE का नया चेयरपर्सन, केंद्र ने कई सीनियर अधिकारियों का किया तबादला

कौन हैं मनदीप भंडारी? जिन्हें बनाया गया CBSE का नया चेयरपर्सन, केंद्र ने कई सीनियर अधिकारियों का किया तबादला

सीनियर IAS अधिकारी मनदीप के. भंडारी को नया CBSE चेयरमैन नियुक्त किया गया है। नए CBSE प्रमुख के नाम की घोषणा शुक्रवार को की गई। यह घोषणा पिछले चेयरमैन लोखंडे प्रशांत सीताराम की नियुक्ति के चार महीने से भी कम समय में हुई है।

CBSE ऑफिस- India TV Hindi
Image Source : ANI/FILE CBSE ऑफिस

नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने कई सीनियर अधिकारियों का तबादला किया है। सीनियर नौकरशाह मनदीप के. भंडारी को CBSE का चेयरपर्सन बनाया गया है। शुक्रवार को केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद नौकरशाह मनदीप भंडारी को सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया। 

अंकिता मिश्रा बुंदेला को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसके लिए विभाग में संयुक्त सचिव के एक खाली पद को अस्थायी रूप से अपग्रेड किया गया है। मनीषा सेनशर्मा को कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

न अधिकारियों को मिली ये जिम्मेदारी

वहीं, सीनियर आईएएस अधिकारी विपिन कुमार ग्रामीण विकास मंत्रालय के ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वह अभी नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। श्रीकांत नागुलपल्ली, जो अभी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में हाइड्रोकार्बन महानिदेशक हैं, उन्हें वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। सरिता चौहान को इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार बनाया गया है।

आनंद सिंह को वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। पी. हेमलता को कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।  इसके लिए विभाग में संयुक्त सचिव के एक खाली पद को अस्थायी रूप से अपग्रेड किया गया है। वी. पोन्नुराज को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में हाइड्रोकार्बन महानिदेशक बनाया गया है। उन्हें भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव का रैंक और वेतन मिलेगा। वे श्रीकांत नागुलपल्ली की जगह लेंगे, जिन्हें वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। पीयूष सिंह को जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग में राष्ट्रीय जल मिशन का मिशन निदेशक बनाया गया है; उन्हें भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव का रैंक और वेतन मिलेगा। 

कौन हैं मनदीप भंडारी?

14 दिसंबर, 1974 को जन्मे मनदीप भंडारी 2001 बैच के IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में 6 मार्च, 2023 से जम्मू में उप-राज्यपाल (Lt. Governor) के प्रधान सचिव के तौर पर काम कर रहे हैं। उनके पास दो दशकों से ज़्यादा का प्रशासनिक अनुभव है। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, भंडारी AGMUT कैडर से हैं। उनकी जन्म तिथि 14 दिसंबर, 1974 है और वे पंजाब के रहने वाले हैं।

अपने करियर के दौरान, मनदीप भंडारी ने जम्मू-कश्मीर में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर काम किया है। उनकी पोस्टिंग में भद्रवाह में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट, कठुआ में अतिरिक्त ज़िला विकास आयुक्त, लेह के उपायुक्त और जम्मू के उपायुक्त के पद शामिल रहे हैं। उन्होंने जम्मू के संभागीय आयुक्त (Divisional Commissioner) और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के तौर पर भी काम किया है। उनके प्रोफ़ाइल में जम्मू-कश्मीर सरकार के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग में आयुक्त/सचिव के तौर पर उनके कार्यकाल का भी ज़िक्र है।

ये भी पढ़ेंः मणिपुर को 6 महीने के लिए 'अशांत क्षेत्र' घोषित किया गया, फिर से भड़की हिंसा के बीच केंद्र सरकार का फैसला

 

Latest India News