1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महिला सांसद का आरोप- मुझे रेप और हत्या की धमकी मिली, सोशल मीडिया पर लिखी आपबीती

महिला सांसद का आरोप- मुझे रेप और हत्या की धमकी मिली, सोशल मीडिया पर लिखी आपबीती

ओडिशा की बीजू जनता दल की सांसद सुलता देव ने आरोप लगाया है कि उन्हें एक शख्स ने सोशल मीडिया पर रेप और हत्या की धमकी दी है। सांसद ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ये आरोप लगाए हैं।

Sulata Deo- India TV Hindi
Image Source : X/@SULATADEOMP ओडिशा की बीजू जनता दल की सांसद सुलता देव

भुवनेश्वर: ओडिशा की बीजू जनता दल की सांसद सुलता देव से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सांसद सुलता देव ने आरोप लगाया है कि उन्हें सोशल मीडिया पर रेप और हत्या की धमकी मिली है। सांसद सुलता देव ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस गंभीर मामले की जानकारी दी है।

सांसद ने सोशल मीडिया पर आरोपी द्वारा भेजे गए आपत्तिजनक और धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट साझा किए हैं और उनका दावा है कि धमकी देने वाला व्यक्ति सत्‍यब्रत नायक है, जो महिंद्रा कंपनी के नासिक ब्रांच में कार्यरत है। इतना ही नहीं, सांसद का कहना है कि वह आरोपी बीजेपी कार्यकर्ता भी है। इस मामले में महिंद्रा ग्रुप ने बयान जारी कर कहा है कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सांसद सुलता देव ने PMO को टैग करके लिखी ये बात

सांसद सुलता देव ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को टैग करते हुए लिखा, "एक महिला सांसद को रेप और हत्या की धमकी दी जा रही है, वह भी एक नामी कंपनी और राजनीतिक पार्टी से जुड़े व्यक्ति द्वारा। अगर एक सांसद के साथ ऐसा हो सकता है, तो आम महिलाओं की क्या हालत होती होगी? कृपया इस पर कार्रवाई करें।"

इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

महिंद्रा ग्रुप का सामने आया बयान

सांसद के इस गंभीर आरोप के बाद महिंद्रा ग्रुप ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया। बयान में लिखा गया, "हमें हाल ही में सोशल मीडिया पर एक नेता के खिलाफ हमारे एक कर्मचारी द्वारा किए गए अनुचित और अपमानजनक कमेंट्स की जानकारी मिली है। महिंद्रा ग्रुप हमेशा से ही मानव गरिमा और सम्मान को सर्वोपरि मानता है। हम ऐसे किसी भी गलत व्यवहार, डराने-धमकाने या हिंसा की धमकी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते हैं। हमने तत्काल जांच शुरू कर दी है और अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो कंपनी के नियमों के अनुसार आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"

इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बवाल मचा हुआ है। कई लोगों ने महिंद्रा कंपनी से आरोपी को नौकरी से निकालने की मांग की है। वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए हैं कि क्या राजनीतिक विचारधारा की वजह से आरोपी को बचाने की कोशिश हो रही है?

किसी भी महिला को इस तरह की धमकी देना, वह भी सोशल मीडिया पर कई धाराओं के तहत अपराध है। इसमें रेप की धमकी, हत्या की धमकी, साइबर क्राइम और महिला उत्पीड़न जैसे मामलों में सजा का प्रावधान भी है।

अब सबकी नजरें दो चीजों पर टिकी हैं। पहली ,महिंद्रा ग्रुप द्वारा की जा रही जांच के नतीजों पर। दूसरी, पुलिस और सरकार इस मामले में क्या कार्रवाई करती है। (ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Latest India News