1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रील बनाने के चक्कर में बाढ़ के तेज बहाव में बहे युवक, पेड़ पर जाकर अटके, सामने आया VIDEO

रील बनाने के चक्कर में बाढ़ के तेज बहाव में बहे युवक, पेड़ पर जाकर अटके, सामने आया VIDEO

ओडिशा के बालासोर में जान जोखिम में डालकर रील बनाने का मामला सामने आया है। यहां रील बनाने के चक्कर में कुछ युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। हालांकि वह एक पेड़ पर अटक गए, जिन्हें बाद में रेस्क्यू कर लिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पेड़ पर जाकर अटके युवक।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पेड़ पर जाकर अटके युवक।

ओडिशा के बालासोर जिले में सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाने का जुनून तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हो गया। सदर ब्लॉक के अंतर्गत ओलांडासारंगा के टेंटुलिमुंडी इलाके में बाढ़ के पानी के तेज बहाव में तीन युवक बह गए। हालांकि, कुछ दूरी पर एक पेड़ पर लटक जाने के बाद उनकी जान बच सकी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवकों को पानी के तेज बहाव में बहता हुआ देखा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, इलाके में सड़क पर बाढ़ का पानी तेज रफ्तार से बह रहा था। पानी के तेज बहाव के बावजूद तीनों युवक वहां रील्स बनाने के लिए पहुंचे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक बाढ़ के पानी के बीच खड़े नजर आते हैं और अचानक पानी का तेज बहाव उन्हें अपनी चपेट में ले लेता है।

बैलेंस बिगड़ने के बाद पानी में बह गए युवक

सामने आए वीडियो में बाढ़ का पानी सड़क पर तेज गति से बहता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान तीनों युवक पानी के बहाव में अपना संतुलन खोते नजर आते हैं। देखते ही देखते पानी उन्हें बहाकर आगे ले जाता है। वीडियो में युवकों को पानी के तेज बहाव के साथ बहते हुए देखा जा सकता है। कुछ दूरी तक बहने के बाद तीनों युवक एक पेड़ के पास जाकर लटक गए। तेज बहाव के बीच वे पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचाने की कोशिश करते रहे। इस दौरान स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई थी।

पेड़ पर अटकने के बाद किया गया रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलने के बाद बचाव दल को मौके पर भेजा गया। ODRAF और फायर सर्विस की टीमों ने लंबे अभियान के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में युवकों की जान बच गई, लेकिन बाढ़ के तेज बहाव के बीच रील्स बनाने की कोशिश ने खतरे को नजरअंदाज करने के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है। रील के लिए इस तरह से जान जोखिम में डालना बेहद खतरनाक है। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

एमपी के CM मोहन यादव और उनकी बहन का मकान आज तोड़ा जाएगा, चलेगा हथौड़ा, जान लीजिए वजह

Latest India News