अहमदाबाद: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आप का चुनाव अभियान आज शुरू करते हुए लोगों से कहा कि वे गुंडों और भ्रष्ट व्यक्तियों से छुटकारा पायें। केजरीवाल राज्य के एकदिवसीय दौरे पर हैं। वह यहां स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर गए और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
उन्होंने उसके बाद सोमनाथ शहर के बाहरी इलाके में किसानों की एक सभा को संबोधित किया और केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों पर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा, आपको इन गुंडों से लड़ना होगा। ये गुंडे संघर्ष के बिना नहीं समझते। अब मीडिया कहेगा कि केजरीवाल की भाषा खराब है। लेकिन आपको एक गुंडे को यह बताना होगा कि वह एक गुंडा है।
उन्होंने कहा, ये मीडियाकर्मी मुझसे पूछ रहे हैं कि क्या मैं गुजरात में चुनाव लडूंगा। मैं कहता हूं कि हम बहुत छोटे लोग हैं और हमारे पास चुनाव लड़ने की क्षमता नहीं है। यह फैसला गुजरात के लोगों को करना है कि हमें यहां चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं।
उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या हमें चुनाव लड़ना चाहिए जिस पर वहां मौजूद लोगों ने हां में जवाब दिया। इस पर केजरीवाल ने कहा, यदि आप चाहते हैं कि मैं लड़ूं तो आपको मुझे पैसे देने होंगे, आपको प्रत्येक घर में जाना होगा और वोट मांगना होगा। हम साथ मिलकर इन भ्रष्टों को सबक सिखाएंगे।
केजरीवाल की कल सूरत की निर्धारित यात्रा तब रद्द करनी पड़ी जब उन्हें आमंत्रित करने वाले एक व्यापारी संगठन ने अपना निमंत्रण वापस ले लिया। इसके बाद आप ने आरोप लगाया कि ऐसा राज्य की भाजपा सरकार के इशारे पर किया गया।
केजरीवाल ने गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल पर सूरत में होने वाला उनका कार्यक्रम रद्द कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, गुजरात में मेरा मूल कार्यक्रम दो दिन का था, आज हमें सोमनाथ की यात्रा करनी थी और कल सूरत में हमारी एक बैठक थी। लेकिन आनंदीबेनजी ने सूरत के लोगों और व्यापारियों पर अनुचित दबाव डाला और हमारा कार्यक्रम रद्द करा दिया। मुझे नहीं पता कि आनंदीबेनजी मुझसे क्यों डरती हैं।
उन्होंने कहा, आनंदीबेनजी मुझे सूरत में बैठक करने से रोक सकती है लेकिन वह मुझे भगवान शिव से मिलने से नहीं रोक सकती। इसलिए मैंने यहां भगवान शिव से मिलने के लिए गुजरात आने का निर्णय किया। दिल्ली की तरह ही वे उन लोगों की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रहे हैं जो उनके खिलाफ हैं। उनके विचार से भाजपा की विचारधारा का पालन करने वाले ही देशभक्त हैं और बाकी सभी राष्ट्रविरोधी हैं।
Latest India News