लखनऊः दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना अहमद बुखारी ने आज समाजवादी पार्टी सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर सपा द्वारा मुसलमानों से किये गये वादे पूरे करने की मांग की और राज्यसभा तथा विधान परिषद के चुनाव के लिये सपा द्वारा पिछले दिनों घोषित प्रत्याशियों में एक भी मुसलमान शामिल नहीं किये जाने पर सवाल उठाया।
बुखारी ने बताया कि मुलायम और अखिलेश से तीन माह पहले हुई बैठक के सिलसिले में आज एक बार फिर उनसे बातचीत हुई। इस दौरान आतंकवाद के आरोप में जेल भेजे गये मुसलमानों के मुकदमे की जल्द सुनवाई के मुद्दे, निमेष आयोग की रिपोर्ट, मुस्लिम बहुल इलाकों में उर्दू मीडियम स्कूल खोलने, मुसलमानों के आरक्षण तथा पुलिस बल में मुसलमानों की भर्ती समेत मुसलमानों से किए तमाम वादों का जिक्र किया गया।
बुखारी ने बताया कि उन्होंने आजमगढ़ के खुदादादपुर गांव में पिछले दिनों हुई साम्प्रदायिक घटना का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि अगर पुलिस और प्रशासन का रवैया ठीक होता तो इतना बड़ा वाकया नहीं होता। गाजियाबाद में कुछ साल पहले हुए फसाद में मारे गए लोगों के परिजनों को मुकदमे में फंसाए जाने को लेकर भी बात हुई।
उन्होंने कहा कि सपा मुखिया ने मुख्यमंत्री से कहा कि मुसलमानों के लिए जो काम हुए हैं उन्हें एकत्र करो। अगर कुछ काम हुआ है तो वह सामने आना चाहिए। अगर नहीं हुआ है तो उसे किया जाए। बुखारी ने बताया कि उन्होंने राज्यसभा और विधान परिषद के चुनाव के लिए पिछले दिनों घोषित सपा प्रत्याशियों की सूची में एक भी मुसलमान नहीं होने पर असंतोष जाहिर किया और कहा कि सूची में जिस व्यक्ति को रिपीट किया गया है उसे तो कोई पसंद भी नहीं करता।
इसे भी पढ़ेः कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता: अखिलेश यादव
उन्होंने कहा कि राज्यसभा में कम से कम एक तो मुसलमान होना चाहिए जो मुस्लिमों की सही नुमाइंदगी कर सके। इस पर गौर करने की जरूरत है। हालांकि इस पर सपा मुखिया ने कोई वादा नहीं किया। मालूम हो कि सपा ने पिछले दिनों राज्यसभा तथा विधान परिषद चुनाव के लिए घोषित प्रत्याशियों में पार्टी से निष्कासित नेता अमर सिंह को शामिल किया है।
वरिष्ठ काबीना मंत्री और बुखारी के बेहद मुखर विरोधी आजम खां भी सिंह को टिकट देने का खुला विरोध कर चुके हैं। वादे पूरे नहीं होने पर अगले विधानसभा चुनाव में सपा का विरोध करने की सम्भावना के सवाल पर बुखारी ने कहा, मैं चाहूंगा कि अभी भी वक्त है मुसलमानों को हक मिले। हुकूमत बदलवाना कोई हल नहीं है।
Latest India News