चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि आगमी पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। रोपड़ में आयोजित कार्यक्रम ‘हलके विच पंजाब’ में बोलते हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी को इन चुनावों में भारी अंतर से जीत मिलने का दावा भी किया।
इन्हें भी पढ़ें:
मंच पर से बोलते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले धर्मनिरपेक्ष ताकतों के बीच गठबंधन का सुझाव दिया था लेकिन अब स्थिति और परिस्थितियां बदल गई हैं और कांग्रेस बाकी पार्टियों से बहुत आगे है। उन्होंने कहा कि पीपल्स पार्टी ऑफ पंजाब और शिरोमणि अकाली दल-लोंगोवाल का पहले ही कांग्रेस में विलय हो गया है, जबकि बीएसपी ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
अमृतसर के कांग्रेस सांसद सिंह ने कहा, ‘पार्टी को उसके कार्यक्रमों में जो शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है, वह आने वाले समय का संकेत है। आपको भारी अंतर से जीत के साथ कांग्रेस सरकार मिलेगी।’ उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ अकाली-बीजेपी गठबंधन केवल जिंदा रहने के लिए लड़ रहा है जबकि आम आदमी पार्टी पहले ही विघटित हो चुकी है।
सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उप-मुख्यमंत्री सुखबीर बादल और सुखबीर के साले बिक्रम सिंह मजीठिया ने जिस तरह पंजाब को नष्ट और तबाह किया है, वह सत्ता में आते ही उसके लिए उन्हें सलाखों के पीछे भेजने में एक मिनट भी जाया नहीं करेंगे।
Latest India News