नई दिल्ली: आयकर विभाग ने एक हजार करोड़ की बेनामी संपत्ति के मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापा मारा है। यह छापा दिल्ली, गुरुग्राम के अलावा अन्य शहरों में स्थित 22 जगहों पर मारे गए हैं। छापेमारी के बाद लालू ने कहा, "BJP को नए सहयोगी मुबारक हों। बीजेपी में हिम्मत नहीं कि लालू की आवाज को दबा सके। मैं गीदड़ भभकी से डरने वाला नही हूं। लालू यादव के ट्वीट से बिहार की सियासत गरमा गई है। आरजेडी ने छापेमारी कार्रवाई को सुनियोजित राजनीतिक साजिश बताया है। (1000 करोड़ की बेनामी संपत्ति मामले में फंसे लालू, 22 जगहों पर छापेमारी)
बीजेपी का पार्टनर कौन?
लालू यादव ने उनके ठिकानों पर आयकर विभाग की रेड के बाद एक के बाद एक तीन ट्वीट किए। लालू यादव ने ट्वीट कर लिखा, ‘बीजेपी को नए गठबंधन सहयोगी मुबारक हों। लालू प्रसाद झुकने और डरने वाला नहीं है। जब तक आखिरी सांस है, फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ता रहूंगा। BJP में हिम्मत नहीं कि लालू की आवाज को दबा सके। लालू की आवाज दबाएंगे तो देशभर में करोड़ों लालू खड़े हो जाएंगे। मैं गीदड़ भभकी से डरने वाला नही हूं।’
गौरतलब है कि पिछले काफी समय से बिहार भाजपा के प्रमुख सुशील कुमार मोदी ने लालू प्रसाद यादव के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। सुशील मोदी ने लालू प्रसाद यादव पर आरोप लगाया था कि वे बेनामी संपत्ति के मालिक हैं और उन्होंने चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में अपने गुप्त व्यवसाय का उल्लेख नहीं किया था।
इसके साथ ही सुशील मोदी ने लालू के बच्चों से जुड़ी कई बेनामी संपत्तियों का भी खुलासा किया है। सुशील कुमार मोदी ने इस मामले में केंद्रीय एजेंसियों से हस्तक्षेप करने की मांग की थी।
Latest India News