नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी पर राज्य में 'लोकतंत्र की हत्या' करने का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल के बीजेपी नेताओं ने नई दिल्ली में कहा कि राज्य में मानवता के खिलाफ जारी अपराधों के बारे में सूचना देने के लिए वे केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात करेंगे। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि ममता राज्य में लोकतंत्र को खत्म करने के लिए ‘संगठित प्रयास’ कर रही हैं।
केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने केंद्रीय मंत्री एस.एस. अहलुवालिया और राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली व स्वपन दास गुप्ता के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘पश्चिम बंगाल में मानवता के खिलाफ अपराध जारी हैं। चाहे दंगे हों या चुनाव से पूर्व हिंसा। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। ममता दी द्वारा लोकतंत्र को खत्म करने का संगठित प्रयास किया जा रहा है।’ पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित अत्याचारों की कुछ वीडियो क्लिप्स दिखाते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में नामांकन दाखिल करने से रोकने के लिए बनर्जी और TMC द्वारा डर का माहौल तैयार किया जा रहा है।
सुप्रियो ने पूरे राज्य प्रशासन पर TMC कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘जो भी पश्चिम बंगाल में हो रहा है वह मानवता के खिलाफ है। हम राजघाट जा रहे हैं। हमने राजनाथ सिंह जी से मुलाकात के लिए भी समय की मांग की है। हम शुक्रवार को संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन भी करेंगे।’ उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में आम आदमी विरोध और शिकायत करने का अपना मौलिक अधिकार खो चुका है। गांगुली ने कहा कि जो बीजेपी कार्यकर्ता चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करना चाहते हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और उनकी हत्या की जा रही है।
अहलुवालिया ने कहा कि बनर्जी ने TMC कैडर्स को कुल सीटों में से 50 पर निर्विरोध जीत हासिल करने का निर्देश दिया है। पश्चिम बंगाल में अगामी पंचायत चुनाव मई के पहले सप्ताह में 3 चरणों के तहत होंगे। मतगणना 8 मई को होगी। राज्य के 20 जिलों में कुल 58,467 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे जहां 5.08 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
Latest India News