1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ओडिशा: CM पटनायक ने किया मंत्रिमंडल में फेरबदल, 12 नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

ओडिशा: CM पटनायक ने किया मंत्रिमंडल में फेरबदल, 12 नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल करते हुए 10 नए चेहरों को शामिल किया। इनमें छह कैबिनेट और चार राज्य मंत्री हैं। इसके अतिरिक्त दो राज्य मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे दिया गया। निरंजन पुजारी, सूर्य

naveen patnaik- India TV Hindi
naveen patnaik

भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल करते हुए 10 नए चेहरों को शामिल किया। इनमें छह कैबिनेट और चार राज्य मंत्री हैं। इसके अतिरिक्त दो राज्य मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे दिया गया। निरंजन पुजारी, सूर्य नारायण पात्रो, प्रफुल्ल सामल, प्रताप जेना, शशि भूषण बेहरा और महेश्वर मोहंती को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

साथ ही प्रफुल्ल मलिक और रमेश चंद्रा मांझी को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है, जबकि सुशांत सिंह, नृसिंह साहू, चंद्र सारथी बेहरा और अनंत नारायण दास को राज्य मंत्री बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बाद में अपने मंत्रियों को विभागों का आवंटन किया, जिसमें गृह विभाग, सामान्य प्रशासन, जल संसाधन और कार्मिक विभागों को अपने पास रखा है। शशि भूषण बेहरा को वित्त और आबकारी विभाग का प्रभार सौंपा गया है, जबकि विक्रम केशरी अरुख को संसदीय मामले और ग्रामीण विकास विभाग सौंपे गए हैं।

हमारी जिंदगी बर्बाद करने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी: मुलायम सिंह

इससे पहले आबकारी मंत्री रहे दामोदर राउत को कृषि और सार्वजनिक उद्यम, जबकि प्रदीप महारथी को पंचायती राज विभाग सौंपा गया है। विजयश्री राउत्रे को वन और पर्यावरण विभाग दिया गया है।

उषा देवी को योजना, समन्वय और तकनीकी शिक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि सूर्य नारायण पात्रो को खाद्य आपूर्ति और सहकारिता मंत्री बनाया गया है। महेश्वर मोहंती को राजस्व विभाग, निरंजन पुजारी को उद्यम व शहरी विकास और बद्री नारायण पात्रा को स्कूल और जन शिक्षा विभाग सौंपा गया है।

प्रफुल्ल मलिक को इस्पात और खदान विभाग के साथ ही ऊर्जा विभाग का प्रभार सौंपा गया है। प्रताप जेना को नया स्वास्थ्य मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि रमेश मांझी को अनुसूचित जाति/जनजाति विकास विभाग सौंपा गया है। प्रफुल्ल सामल को महिला और बाल कल्याण मंत्री बनाया गया है।

अशोक पांडा और स्नेहंगिनी छुरिया के पास क्रमश: पर्यटन एवं सांस्कृति विभाग और हथकरघा एवं वस्त्र विभाग बरकरार रखा गया है। राज्य मंत्रियों में नृसिंह चरण साहू को वाणिज्य और परिवहन, जबकि चंद्र सारथी बेहरा को खेल एवं युवा मामले और प्रौद्योगिकी विभाग सौंपे गए हैं। अनंत दास को उच्च शिक्षा और सुशांत सिंह को श्रम और ईएसआई विभाग सौंपे गए हैं।

इससे पहले राज्यपाल एस.सी. जमीर ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और बीजद के अन्य नेताओं की मौजूदगी में भुवनेश्वर के राजभवन में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पटनायक ने संवाददाताओं से कहा, "आज (रविवार) छह नए कैबिनेट मंत्रियों और चार राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है और साथ ही दो राज्य मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है।"

Latest India News