1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. यूपी चुनाव में ताल ठोकने को तैयार है AIMIM, औवैसी ने बताया क्यूं जीतेंगे उनके कई प्रत्याशी

यूपी चुनाव में ताल ठोकने को तैयार है AIMIM, औवैसी ने बताया क्यूं जीतेंगे उनके कई प्रत्याशी

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ऐलान किया कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जरूर उतरेगी। उन्होंने कहा कि अभी सीटों की संख्या तय नहीं हुई है, लेकिन संगठन मजबूत हुआ है और जनता AIMIM को विकल्प मान रही है। ओवैसी ने दावा किया कि उनकी पार्टी के कई प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।

AIMIM UP Election 2027, Asaduddin Owaisi UP Election- India TV Hindi
Image Source : PTI/INDIA TV AIMIM सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी।

Highlights

  • ओवैसी ने कहा, AIMIM यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेगी, सीटों की संख्या अभी तय नहीं।
  • AIMIM प्रमुख ने दावा किया कि आगामी चुनाव में पार्टी के कई विधायक जीतेंगे।
  • ओवैसी बोले, बिहार चुनावों के बाद AIMIM को राजनीतिक विकल्प मानने की सोच मजबूत हुई।

हैदराबाद: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानी कि AIMIM के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेगी। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि पार्टी कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। ओवैसी ने यह भी दावा किया कि आगामी चुनाव में AIMIM के कई प्रत्याशी जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे और पार्टी पहले के मुकाबले ज्यादा मजबूत होकर उभरेगी। बता दें कि ओवैसी ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि उन्होंने यूपी चुनावों को लेकर अपनी पिछली गलतियों को दूर कर लिया है

‘वोट काटने वाली पार्टी’ की छवि पर भी बोले

AIMIM को अक्सर ‘वोट काटने वाली पार्टी’ कहे जाने पर ओवैसी ने इस धारणा को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन पहले की तुलना में काफी मजबूत हुआ है और जनता के बीच AIMIM को एक राजनीतिक विकल्प के तौर पर स्वीकार करने की सोच बढ़ी है। ओवैसी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनावों ने भी इस सोच को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा,

'हमारी पार्टी ने अभी यह तय नहीं किया है कि हम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हम निश्चित तौर पर चुनाव लड़ेंगे। अगर हमारा प्रदर्शन पहले से बेहतर रहता है, तो जल्द ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि हम किन सीटों पर, कहां और कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।'

‘पार्टी का संगठन पहले से काफी मजबूत’

ओवैसी ने कहा कि AIMIM का संगठन पहले के मुकाबले काफी मजबूत हुआ है। उनके मुताबिक, जनता के बीच यह समझ भी बनी है कि AIMIM के खिलाफ बार-बार लगाए जाने वाले आरोप एक तरह का भ्रम पैदा करते हैं। उन्होंने कहा,

'पार्टी का संगठन पहले से काफी मजबूत हो गया है। जनता के बीच यह समझ बनी है कि AIMIM के खिलाफ लगाए जाने वाले ये झूठे आरोप और उन्हें बार-बार प्रचारित करना एक ऐसा भ्रम पैदा करते हैं कि NDA सत्ता में आ रहा है। राजनीतिक दल बार-बार धर्मनिरपेक्षता की बात करते हैं, लेकिन जिस धर्मनिरपेक्षता की बात की जाती है, उसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।'

ओवैसी ने क्यों कहा उनके कई प्रत्याशी जीतेंगे?

AIMIM प्रमुख ने कहा कि अब जनता ने अपने राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने का फैसला किया है और AIMIM को विकल्प के रूप में देखने की सोच पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि अब जनता ने अपने राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने का फैसला किया है और AIMIM को एक विकल्प के रूप में देखने की सोच मजबूत हुई है। औवैसी ने कहा कि बिहार चुनावों ने इस सोच को और मजबूत किया है। AIMIM सुप्रीमो ने इसी आधार पर दावा किया कि यूपी के आने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के कई प्रत्याशी जीत दर्ज करके विधायक बनेंगे।

2027 में होगा यूपी का हाई-स्टेक चुनाव

बता दें कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। बीजेपी के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार का कार्यकाल पूरा होने के बाद राज्य में चुनाव होंगे। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार जहां हैट्रिक मारकर एक नया रिकॉर्ड बनाना चाहेंगे वहीं समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव एक बार फिर सत्ता में आने की लड़ाई लड़ते नजर आएंगे। माना जा रहा है कि इन चुनावों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस I.N.D.I.A. ब्लॉक के तहत ताल ठोक सकते हैं। हालांकि, बहुजन समाज पार्टी और AIMIM को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। ये पार्टियां विपक्षी गठबंधन में शामिल होंगी या फिर अकेले चुनाव मैदान में उतरेंगी, इस पर आगे फैसला हो सकता है। (ANI से इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: ओवैसी की हुंकार- मुस्लिम एकजुट हों, यूपी में भी दिखे बिहार जैसी ताकत

Latest India News