PM मोदी के पिता पर विवादित टिप्पणी करके घिरे खरगे, पटना के थाने में शिकायत दर्ज, BJP नेताओं के सामने आए रिएक्शन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार की राजधानी पटना में एक स्पीच के दौरान पीएम मोदी के पिता पर विवादित टिप्पणी की। इसके बाद बीजेपी हमलावर मोड में नजर आई और उसके नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से बिहार के पटना में पीएम मोदी के पिता पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बीजेपी की तरफ से रिएक्शन सामने आने लगे हैं। बीजेपी ने खरगे के बयान को गुंडों वाली भाषा बताया है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम बड़े नेताओं ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
पटना में कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दी है।
बीजेपी ने क्या कहा?
बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं। इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।"
बीजेपी ने कहा, "वैसे, खरगे जी के बयान वाले ख़्वाब को पूरा करने के लिए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्षा ने दस साल तक हर पैंतरा चला, लेकिन कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। आज उनका बेटा इसी ख़्वाब को पूरा करने के लिए कभी वियतनाम, तो कभी कोलंबिया के बीच दर-दर भटक रहा है। देश की जनता आपका यह ख़्वाब कभी पूरा नहीं होने देगी!"
अमित शाह ने कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।"
शाह ने कहा, "यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।"
शाह ने कहा, "बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।"
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने क्या कहा?
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, "आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।"
नितिन नवीन ने कहा, "राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली 'संस्कार' बन चुका है। यह खड़गे जी का व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की शिष्टाचार-विहीन सोच का प्रकटीकरण है।"
नितिन नवीन ने कहा, "जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं। देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।"
बिहार के सीएम ने क्या रहा?
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूज्य पिताजी के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार्य नहीं। कांग्रेस देश से माफी मांगे!"
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "भारतीय राजनीति में 'अपशब्द' का पर्याय बन चुकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दिवंगत पिता के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी अक्षम्य और घोर निंदनीय है। यह 145 करोड़ भारत वासियों की भावनाओं का अपमान है। भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार करता यह कृत्य कांग्रेस की हताशा, निराशा, कुंठा और वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण है। कांग्रेस को अविलंब अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कठोर कार्रवाई करते हुए पूरे देश से क्षमा मांगनी चाहिए।"
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भड़के, कही ये बात
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "मन बहुत व्यथित है। मल्लिकार्जुन खरगे जी जैसे वरिष्ठ नेता से अपेक्षा थी कि वे मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करेंगे। प्रधानमंत्री जी के पूज्य पिताजी के बारे में ऐसी अमर्यादित भाषा भारतीय सभ्यता, संस्कृति, संस्कार, जीवन मूल्यों और शालीनता के खिलाफ है। ऐसा लगता है कि पराजित होते-होते कांग्रेस इतनी बौखला गई है कि अपना मानसिक संतुलन खो बैठी है। मैं सोनिया गांधी जी से पूछना चाहता हूं कि क्या खरगे जी ने गांधी परिवार के इशारे पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया? यदि नहीं, तो क्या कांग्रेस उनसे इस्तीफा लेगी? मोदी जी करोड़ों-करोड़ जनता के हृदय के हार हैं। उनका और उनके परिवार का अपमान देश सहन नहीं करेगा। कांग्रेस को जवाब देना चाहिए कि क्या ऐसी अमर्यादित भाषा राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद की गरिमा के अनुरूप है?"
इससे पहले खरगे के ‘अवैध’ वाले बयान पर BJP ने पलटवार किया था और पूछा था, 'क्या आप भी अवैध सांसद हैं?'
ये भी पढ़ें-